छ्पी-अनछपी: लोकसभा सीटें बढ़ाने पर कांग्रेस सरकार पर हमलावर, भगत यादव के पास 73 लाख कैश मिला

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। लोकसभा का सत्र लंबे समय तक लटकाने के बाद फिर से बुलाई गई सेशन में महिला और डीलिमिटेशन बिल पास करने के मुद्दे पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर संविधान बदलने का आरोप लगाया है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को गयाजी निवासी माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के पास सवा सौ बीघा से अधिक की जमीन होने के कागजात मिले हैं। 

और विवाद बढ़ने के बाद आखिरकार मंत्री अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दिया। 

लोकसभा सीटें बढ़ाने पर विपक्ष में 

हिन्दुस्तान के अनुसार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को लेकर विपक्ष के तेवर तीखे हो गए हैं। कांग्रेस ने सरकार पर महिला आरक्षण की आड़ में संविधान बदलने की कोशिश का आरोप लगाया है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने इस कदम को भाजपा की सबसे बड़ी भूल बताया। वीसीके ने बिल के विरोध में पूरे तमिलनाडु में प्रदर्शन की घोषणा की। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर शुक्रवार को संसदीय रणनीति समूह की बैठक के बाद सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने की आड़ में परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के जरिए तय करना चाहती है कि आप कहां वोट डाल सकते हैं और कहां नहीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि बैठक संयुक्त रणनीति बनाने के लिए बुलाई है। डीएमके, आम आदमी पार्टी, बीजद सहित इंडिया गठबंधन से बाहर के दलों को भी बैठक का न्योता दिया गया है।

विपक्ष में कैसे पड़ी फूट

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने अप्रैल 2026 और उससे पहले परिसीमन बिल को काला कानून बताया था लेकिन अब इसके सशर्त समर्थन के लिए तैयार हैं। वह ऐसी शर्ते पेश कर रहे हैं इस सरकार ने मान लिया है। शरद पवार की सांसद बेटी सुप्रिया सुले ने इंडिया ब्लॉक के साथ अप्रैल 2026 में डीलिमिटेशन बिल के खिलाफ मतदान किया था लेकिन अब वह कह रही हैं कि पूरा बिल देखने के बाद फैसला करेंगे। हालांकि उन्होंने इसके समर्थन के लिए जो शर्तें बताई हैं उसे सरकार ने पहले ही मान लिया है। इसके अलावा ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के 20 सांसद पहले ही बगावत कर केंद्र सरकार के समर्थन की घोषणा कर चुके हैं।

केंद्र सरकार की कैबिनेट ने क्या मंजूर किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से शुरू हो रही है। केंद्र सरकार के प्रस्ताव से राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रहेगा। माना जा रहा कि इससे सरकार दक्षिणी राज्यों की उस आशंका को दूर करना चाहती है, जिसमें जनसंख्या के आधार पर परिसीमन से यूपी-बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की लोकसभा सीटें तेजी से बढ़ने और दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व कम होने पर चिंता जताई जा रही है। लोकसभा की 543 सीटों में 50% बढ़ोतरी की जाएगी, इसके बाद संख्या 850 हो जाएगी, जिसमें केंद्रशासित प्रदेशों की 35 सीटें होंगी। 

भगत यादव के पास सवा सौ बीघा जमीन

प्रभात खबर के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) ने संगठित अपराध और इससे अर्जित की गयी संपत्ति के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के गया, पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा जिले में स्थित 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. टीम को इन स्थानों से 73.5 लाख कैश, लाखों की ज्वेलरी की खरीद, करोड़ों रुपये कीमत की 106 अचल संपत्तियों और 38 बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए. उसके पास सवा सौ बीघा से अधिक की जमीन होने के कागजात मिले हैं। 51 पन्नों की गोपनीय डायरी भी टीम के हाथ लगी है, इसमें कई अधिकारियों और सफेदपोश नेताओं के नाम होने की बात सामने आयी है. 

जिन संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं, उसमें 67 भगत, उनकी पत्नी और बेटे के नाम दर्ज हैं. इनका मूल्य 15 करोड़ से ज्यादा है. जबकि सरकारी रेट के अनुसार वास्तविक कीमत कई गुना ज्यादा बतायी जा रही है. आठ वाहनों को जब्त किया गया है. बरामद नोटों को गिनने के लिए मशीन भी मंगायी गयी थी. साथ ही इओयू ने गया के डोभी थाना क्षेत्र के सिंह पोखर, कुशाबीजा निवासी भगत यादव, गया जी के डोभी प्रखंड की प्रमुख उनकी पत्नी सुनीता कुमारी, बेटा आर्यन कुमार और साथी रौशन राज उर्फ धनंजय को गिरफ्तार किया है.

पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया ने सुप्रीम कोर्ट की नियुक्तियों पर सवाल उठाए

जागरण के अनुसार सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्तियों तथा कोलेजियम व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। इस बार सवाल उठाने वाले पूर्व प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) बीआर गई हैं, जो खुद कोलेजियम के प्रमुख रह चुके हैं। जस्टिस गई ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर उच्च न्यायपालिका में हालिया नियुक्तियों और न्यायाधीशों के स्थानांतरण पर असहमति और निराशा जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि नियुक्तियों में योग्यता, विविधता और समावेशन के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है तथा एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। तीन पन्नों के पत्र में जस्टिस गवई ने कहा कि जब वह कोलेजियम के सदस्य और प्रधान न्यायाधीश थे तब उन्होंने सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया। इसमें सामान्य वर्ग के साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिलाएं शामिल थीं। हालांकि उन्होंने अपने उत्तराधिकारी का नाम लिए बिना कहा कि हाल की घटनाएं योग्यता और समावेशन के सिद्धांतों के अनदेखी को दर्शाती हैं।

अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दिया

हिन्दुस्तान के अनुसार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने पटना के एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को भेज दिया है। शनिवार को होने वाली विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में उनके इस्तीफे पर मुहर लगेगी। खास बात यह है कि उन्होंने अपनी ज्वाइनिंग की तारीख यानी 17 फरवरी 2026 से ही इस्तीफा दिया है। मंत्री पद और विधान परिषद की सदस्यता के साथ विश्वविद्यालय में शिक्षक के पद पर बने रहने को लेकर उठे विवाद के बीच उन्होंने यह फैसला लिया है।

कुछ और सुर्खियां:

  • नया सचिवालय स्थित नगर विकास एवं आवास विभाग में कार्यरत सेक्शन ऑफिसर राजीव रंजन को ₹4000 घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया
  • पूर्व सांसद नगीना राय की 1991 में हुई हत्या के मामले में पूर्व विधायक बच्चा चौबे के दो बेटे दोषी करार
  • बिहार में मिड डे मील स्कीम के तहत लगी आउटसोर्सिंग एजेंसियों के कर्मचारियों की सेवाएं 1 जनवरी 2027 से बंद हो जाएंगी
  • बिना बैरियर वाले टोल प्लाजा पर जानबूझकर नंबर प्लेट छिपाकर पार करने वाली गाड़ियों से पांच गुना जुर्माना लिया जाएगा
  • रेलवे ने 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक 3 महीनों के लिए कोहरे को कारण बता 20 जोड़ी ट्रेन कैंसिल की
  • पटना जिले के अथमल गोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत

अनछपी: वर्तमान चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया सूर्यकांत के पहले रिटायर हुए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बी आर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर जो मुद्दे उठाए हैं वह बेहद गंभीर और महत्वपूर्ण हैं। जस्टिस गवई ने 2018 के बाद 715 हाई कोर्ट जज नियुक्त किए जाने की बात बताते हुए इस मुद्दे को उठाया कि इनमें केवल 22 एससी, 16 एसटी, 89 ओबीसी और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे। जस्टिस गवई ने यह कहा कि उन्होंने कोलोजियम का हिस्सा और सीजीआई रहते हुए हमेशा विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों का पालन किया तो सवाल यह है कि किन जजों ने ऐसा नहीं किया? 23 नवंबर 2025 को रिटायर हुए जस्टिस गवई का कहना है कि पिछले 9 सालों में 75% जज सामान्य वर्ग से नियुक्त किए गए। उन्होंने यह बात भी उजागर की है कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हुई नियुक्तियों में अगले समुदायों के हिस्सेदारी लगभग 80% रही। उन्होंने इस बात की तरफ भी ध्यान दिलाया है कि ओबीसी की हाईकोर्ट में 14% से भी कम हिस्सेदारी रही जबकि कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 40 से 50% है। उन्होंने हाईकोर्ट में तबादलों और चीफ जस्टिस की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। जस्टिस गवई सीजीआई बनने वाले पहले बौद्ध और जस्टिस केजी बालकृष्णन के बाद दूसरे दलित व्यक्ति हैं। ऐसे में जस्टिस गवई के उठाए गए मुद्दों की गंभीरता समझ में आती है और इस सवाल पर गहन चिंतन की जरूरत है कि आखिर देश की अदालतों में एक ही समुदाय और जाति समूह का वर्चस्व क्यों है और बाकी को इतनी कम जगह क्यों मिलती है।

 10 total views

Share Now

Leave a Reply