बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री काल में कानून बनाकर हत्याकांड के सजायाफ्ता आनंद मोहन को जेल से बाहर करने का फैसला सुप्रीम कोर्ट में रद्द कर दिया है। दो तिहाई बहुमत के लिए संसद में जोड़तोड़ का खेल देखा जा सकता है क्योंकि मोदी सरकार महिला और डीलिमिटेशन बिल पास करना चाहती है। सीवान के दो मदरसा छात्रों का शव गोपालगंज में मिला है जो चंदा लेने निकले थे और ईख तोड़ने के झगड़े में उनकी हत्या की गई।
और, जानिएगा कि बिहार में कहां दी गई पहला स्किन बैंक बनाने की मंजूरी।
पहली ख़बर
प्रभात खबर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई के बिहार सरकार के फैसले को रद्द कर दिया. शीर्ष अदालत ने उन्हें एक माह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की खंडपीठ ने बिहार सरकार के अप्रैल 2023 में सजा माफी नीति में संशोधन को असंवैधानिक करार दिया. इसी संशोधन के द्वारा आनंद मोहन को सजा में छूट दी गयी थी. खंडपीठ ने इस रिहाई के खिलाफ कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की दायर याचिका पर यह फैसला सुनाया. आनंद मोहन को इस मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी. वर्ष 2023 में 14 साल की सजा पूरी करने के बाद बिहार सरकार की सजा माफी नीति में संशोधन कर उन्हें रिहा किया गया था, जिसे उमा कृष्णैया ने चुनौती दी थी. हालांकि, खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार को मोहन की सजा में छूट देने से रोका नहीं गया है, लेकि इसके लिए उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा. अदालत ने कहा कि सजा में छूट देने की नयी प्रक्रिया उनके एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने के बाद ही शुरू की जा सकती है.
संसद का विशेष सत्र 30 से, जोड़तोड़ पर रहेगी नजर
जागरण के अनुसार संसद सत्र और परिसीमन विधेयक को लेकर चल रहा असमंजस खत्म हो गया है। सरकार ने सोमवार 30 नवंबर को लोकसभा और बुधवार दो दिसंबर को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया है। इस तरह से उसने परिसीमन बिल पारित कराने के लिए विशेष सत्र बुलाए जाने की घोषणा कर दी है। संसद की इस विस्तारित बैठक का एजेंडा अभी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन इसमें संदेह नहीं कि लोकसभा में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने के लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लाने के लिए यह विशेष सत्र बुलाया जा रहा है। सरकार के सत्र बुलाने के इस दांव के बाद परिसीमन बिल पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त सियासी वार-पलटवार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सरकार महिला आरक्षण लागू करने की दलील के साथ परिसीमन बिल पारित कराने के लिए लोकसभा में दो तिहाई बहुमत जुटाने के लिए सियासी दांव-पेंच में कोई कसर नहीं छोड़ेगी, वहीं विपक्षी आइएनडीआइए गठबंधन परिसीमन बिल को रोकने के लिए फिर से पूरा जोर लगाएगा। भास्कर के अनुसार 2024 में एनडीए के पास लोकसभा में 293 सीटें थीं जबकि अब उसके पास 320 सीटें हैं। इनमें 20 सांसद ममता बनर्जी के टीएमसी से टूट कर इधर आए हैं और उद्धव ठाकरे गुट शिवसेना के छह सांसद हैं। अब मोदी सरकार विपक्ष के 40 संसद के टूटने, मिलने या समर्थन देने के जोड़तोड़ में लगी है क्योंकि बिल पास करने के लिए 360 सांसदों की गिनती तभी पूरी होगी।
चंदा लाने गए मदरसे के लापता दोनों छात्रों की लाश मिली
सीवान और बड़हरिया से प्रभात खबर के अनुसार बड़हरिया के तेतहली स्थित दारुल उलूम फैजाने वारिस मदरसा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए दोनों छात्रों के शव दो दिनों के भीतर बरामद कर लिये गये. बुधवार को मोहम्मद जैद अली (14) का शव गोपालगंज जिले के बंगरा पांडेय टोली स्थित चंवर में तालाब के पास मिला, जबकि गुरुवार को अशरफ अली (12) का शव थावे थाना क्षेत्र में उदंत राय के बंगरा और हरपुर के बीच चंवर में चिमनी के पास बरामद किया गया. दोनों के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जतायी जा रही है. 23 नवंबर को मदरसे के पांच छात्र चंदा एकत्रित करने ऑटो से गोपालगंज गये थे. रास्ते में थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के पास ऑटो खराब हो गया. इस दौरान चार छात्र पास के खेत में गन्ना तोड़ने चले गये. आरोप है कि खेत मालिक ने उन्हें पकड़ लिया था. बाद में सभी छात्र लौट आये, लेकिन जैद और अशरफ लापता हो गये. परिजनों की शिकायत पर थावे थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने सिलीगुड़ी में पत्नी के नाम 10 प्लॉट खरीदे
भास्कर के अनुसार ग्रामीण कार्य विभाग, सासाराम प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के छह ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने छापेमारी की। ये ठिकाने पटना, सासाराम, भागलपुर, मुंगेर, कटिहार और नवगछिया में हैं। छापेमारी में अजीत, पत्नी श्वेता और परिजनों के नाम पर 16 अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले। इनकी कीमत 2.54 करोड़ रुपए आंकी गई है।
बिहार में पहले स्किन बैंक की स्थापना को मंजूरी
प्रभात खबर के अनुसार बिहार में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के इलाज को नयी मजबूती मिलने जा रही है. राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने एम्स पटना के बर्न्स सेंटर में बिहार का पहला स्किन बैंक स्थापित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. इससे राज्य में आधुनिक बर्न केयर सुविधाओं का विस्तार होगा और गंभीर रूप से झुलसे मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। स्किन बैंक की स्थापना से गंभीर रूप से जल से मरीजों के उपचार में मानव त्वचा का उपयोग किया जा सकेगा।।
कुछ और सुर्खियां:
- आईआरसीटीसी के होटल ठेके से जुड़े घोटाले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर आरोप तय करने का आदेश दिल्ली हाईकोर्ट में भी बरकरार
- एडिशनल एजुकेशन डेवलपमेंट ऑफिसर (एईडीओ) के 935 पोस्ट पर भारती के लिए नया विज्ञापन जारी,
- दूध बनाने वाली कंपनी सुधा डेयरी की मखाना खीर भी अब बाजार में आई
अनछपी: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार जहां बिहार में सड़क, बिजली-पानी के अच्छे कामों के लिए जाने जाएंगे वहीं इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि उन्होंने अपनी राजनीति चमकाने के लिए अपराधियों को बचाने और फंसाने की नीति का भरपूर इस्तेमाल किया। हालांकि नीतीश कुमार यह कहते रहे हैं कि वह ना तो किसी को बचाते हैं और ना किसी को फंसाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि आनंद मोहन से लेकर अनंत सिंह तक की कई ऐसी खुली कहानियां हैं जिनसे उनकी यह बात पूरी तरह झूठ साबित होती है। नीतीश कुमार के समर्थक इस बात से सहमत नहीं होंगे क्योंकि वह उनसे लाभान्वित होने वाले लोग हैं लेकिन जो स्वतंत्र लोग हैं वह यह बात अच्छी तरह समझते हैं कि नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए नैतिकता को कभी अपनी प्राथमिकता नहीं बनाई। अदालतों से आनंद मोहन को तत्कालीन गोपालगंज डीएम कृष्णैया हत्याकांड में जो सजा सुनाई थी उसके मुताबिक उन्हें पूरी उम्र कैद में रहना था लेकिन नीतीश कुमार ने कानून बदलकर आनंद मोहन को अपने राजनीतिक फायदे के लिए जेल से बाहर कराया और बदले में उनके बेटे से विश्वास मत के दौरान अपने लिए समर्थन लिया जबकि वह विपक्षी राजद के विधायक थे। ध्यान रखने की बात यह भी है कि अनंत सिंह और आनंद मोहन ने हाल के दिनों में ऐसे बयान दिए थे जिससे जेडीयू और भाजपा का एक वर्ग नाराज था। इस मामले में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का यह कहना सही है कि नीतीश कुमार की स्टाइल अब भाजपा की स्टाइल बन गई है और दोनों अपनी सहूलत से अपराधियों को बचाते और फंसाते हैं। आनंद मोहन को तो कानून बदलकर मर्डर की सजा से आजाद कराया गया लेकिन अनंत सिंह और राजबल्लभ यादव के मामले में सरकार कोर्ट में केस हार गई जिसके बाद इल्जाम लगा के ऐसा जानबूझकर किया गया। यहां यह याद दिलाना जरूरी है कि अनंत सिंह को उनके घर में एके-47 राइफल रखने के मामले में गिरफ्तार किया गया था जबकि राजबल्लभ यादव को एक कम उम्र लड़की से रेप के मामले में 9 साल जेल खटना पड़ा था। नीतीश कुमार के समर्थक चाहे जितनी दलीलें दे लें, आम बिहारी को यह बात याद रखनी चाहिए कि उन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कानून के साथ खिलवाड़ ही किया।
18 total views