छ्पी-अनछपी: 30 ज़िलों का न्यूनतम तापमान 10℃ से नीचे, लॉस एंजेलिस में आग बेकाबू
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार में 30 जिलों का कम से कम तापमान 10 डिग्री से नीचे रह रहा है। अमेरिका के शहर लॉस एंजेलिस में आग पर काबू नहीं पाया गया है और उसमें पांच लोगों की मौत हो गई है। इंडिया गठबंधन पर अपने ही लोगों ने सवाल उठाए हैं। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि यूपी-बिहार वालों को फर्जी तौर पर वोटर बनाया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आरक्षण का दायरा तय करना विधायिका का काम है।
यह हैं आज के अखबारों की अहम खबरें।
भास्कर के अनुसार देश के उत्तरी हिस्से से आ रही सर्द पछुआ हवा ने बिहार में कनकनी बढ़ा दी है। मौसम साफ रहने से बिहार में न्यूनतम पर 8.6 डिग्री तक लुढ़क गया। तापमान में गिरावट का आलम यह है कि पटना समेत बिहार के 30 जिलों का न्यूनतम पर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। गुरुवार को सबसे सर्द समस्तीपुर रहा। यहां न्यूनतम 5.1 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन में 2 जनवरी को बांका में सबसे कम तापमान 4.4 डिग्री रिकार्ड किया गया था। पटना का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री लुढ़ककर 9.5 डिग्री पर पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि 12 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
लॉस एंजेलिस में बेकाबू आग
प्रभात खबर के अनुसार अमेरिका के लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी आग बेकाबू हो गई है। पिछले दो दिनों से धड़क रही आग तेजी से लॉस एंजेलिस शहर को अपनी चपेट में ले रही है। हॉलीवुड हिल्स के जलने का खतरा मंडरा रहा है। बिली क्रिस्टल, मैंडी मूर और पेरिस हिल्टन समेत कई हॉलीवुड स्टार्स के मकान जलकर राख हो गए हैं। आग लगने की घटना में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है जबकि कई लोग झुलस हुए हैं। इसमें 130000 से अधिक लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। आग करीब 12000 एकड़ में फैल गई है। 2000 से अधिक घर जलकर राख हो गए हैं और यहां लगभग 6000 करोड़ डॉलर के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
इंडिया गठबंधन पर अपने ही लोगों के सवाल
हिन्दुस्तान के अनुसार दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन में तकरार बढ़ती जा रही है। कई घटक दलों के चुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करने के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इंडिया गठबंधन को खत्म करने का सुझाव दिया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। जो राजनैतिक दल मैदान में हैं, वे तय करें कि भाजपा का मुकाबला कैसे करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन के सभी सदस्यों की बैठक बुलानी चाहिए। यदि यह गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए था तो इसे समाप्त कर देना चाहिए।
केजरीवाल का आरोप: फ़र्ज़ी वोटर बनाए गए
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात कर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में हेराफेरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग यूपी-बिहार से लोगों को ला-लाकर फर्जी वोट बनवा रहे हैं। इस आरोप पर भाजपा बिफर गई और पलटवार करते हुए केजरीवाल पर पूर्वांचली मतदाताओं के अपमान करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा और जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। निर्वाचन आयोग ने इन आरोपों पर दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। केजरीवाल ने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में एक लाख मतदाता हैं। 15 दिसंबर से सात जनवरी तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 13 हजार आवेदन आए। 13 हजार लोग अचानक कहां से आ गए। केजरीवाल ने कहा, अगर चुनाव आयोग ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो दिल्ली में लोकतंत्र की हत्या हो जाएगी।
आरक्षण का दायरा तय करना विधायिका का काम
जागरण की सबसे बड़ी खबर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि पिछले 75 वर्षों को ध्यान में रखते हुए आरक्षण का लाभ ले चुके ऐसे व्यक्तियों को आरक्षण से बाहर रखा जाना चाहिए जो दूसरों से प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं लेकिन इस पर फैसला कार्यपालिका और विधायिका को लेना होगा। जस्टिस बीआर गवाई और जस्टिस अगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने पिछले वर्ष अगस्त में सुप्रीम कोर्ट की 7 सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले का जिक्र करते हुए एक याचिका पर यह टिप्पणी की। याचिकाकर्ता की ओर से गुरुवार को पेश अधिवक्ता ने संविधान पीठ के उस फैसले का हवाला दिया, जिसमें क्रीमी लेयर की पहचान के लिए नीति बनाने को कहा गया था। हालांकि, कोर्ट ने उनका पक्ष सुनने के बाद कोई आदेश पारित करने से इनकार कर दिया।
ताकतवर पासपोर्ट में भारत 85वें स्थान पर
हिन्दुस्तान के अनुसार दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट 2025 की रैंकिंग जारी हो गई है। सिंगापुर का पासपोर्ट दुनिया में सबसे ताकतवर है, जिसे रखने वाले लोग 195 देशों में वीजा फ्री यात्रा कर सकते हैं। प्रतिष्ठित संस्था हेनले एंड पार्टनर्स ने सूचकांक जारी किया है। इंडेक्स में भारत को 85वें स्थान पर रखा गया है और भारतीय पासपोर्ट धारक दुनिया के 57 देशों में वीजा फ्री यात्रा कर सकेंगे। जापान रैंकिंग में दूसरे स्थान पर है, जिसके नागरिक 193 देशों की यात्रा कर सकेंगे। कोविड-19 लॉकडाउन के बाद उसे पहली बार चीन में वीजा फ्री यात्रा की पहुंच हासिल की है। रैंकिंग में पाकिस्तान की रैंकिंग सोमालिया से नीचे हैं। सोमालिया का पासपोर्ट दुनिया में 102वें नंबर पर है, जबकि पाकिस्तान 103वें स्थान पर है। हालांकि, अफगानिस्तान का पासपोर्ट दुनिया में सबसे खराब है।
कुछ और सुर्खियां
- लखीसराय में ट्रेन की चपेट में आने से तीन सगी बहनों की मौत, रेल ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा
- नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी, बिहार एनिमल हसबेंडरी यूनिवर्सिटी, पूर्णिया यूनिवर्सिटी और मुंगेर यूनिवर्सिटी को नए वीसी मिले
- बीपीएससी की 70वीं पीटी को दोबारा कराने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में अर्जी
- बिहार की बिजली कंपनियों का प्रस्ताव- सुबह, शाम और रात के लिए अलग-अलग हो दर
- स्टेनोग्राफर को अब ₹30000 मिलेगा मासिक मानदेय, लोवर डिविज़न क्लर्क के लिए ₹25000
- बिहार में खरमास के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
अनछपी: लोकसभा चुनाव से पहले बहुत धूमधाम से बनाया गया इंडिया गठबंधन अब अपने ही लोगों के हमले से परेशान है और ऐसा लगता है कि यह बहुत लंबे समय तक नहीं चल पाएगा। दरअसल इंडिया गठबंधन को सबसे पहले धक्का उस समय लगा था जब इसके सूत्रधार माने जा रहे हैं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इससे अलग होकर एनडीए में जाने का फैसला किया था। इसके बाद जब इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए आपस में समझौते कर रहा था तो पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने साफ तौर पर इससे मना किया, उनकी पार्टी ने कांग्रेस के लिए कोई सीट नहीं छोड़ी और यह इंडिया गठबंधन के लिए दूसरा बड़ा झटका था। इसी तरह दिल्ली में कांग्रेस का आम आदमी पार्टी के साथ तो समझौता हो गया लेकिन पंजाब में आम आदमी पार्टी ने साफ तौर पर अकेले लड़ने का ऐलान किया और यहां इंडिया गठबंधन नहीं चला। दिल्ली और पंजाब में अलग-अलग रवैयों के कारण कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी दोनों को दिल्ली में लोकसभा की एक भी सीट नहीं मिली। दिल्ली में वैसे भी कांग्रेस पार्टी के नेता आम आदमी पार्टी के साथ समन्वय बनाते हुए नहीं दिखे। अब दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अलग-अलग लड़ रही हैं जिससे इंडिया गठबंधन का कोई मतलब नहीं रह जाता। ऐसे में इंडिया गठबंधन के एक महत्वपूर्ण सदस्य के तौर पर उमर अब्दुल्ला का यह बयान भी सामने आ गया कि अगर यह गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए था तो इसे खत्म कर देना चाहिए। इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन इतना खराब होने के बावजूद इसके नेतृत्व को लेकर भी उठापटक जारी रही। कांग्रेस के महत्वपूर्ण सहयोगी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने तो साफ तौर पर कह दिया कि इंडिया गठबंधन का नेतृत्व बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को करना चाहिए। इसके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजद नेता तेजस्वी यादव ने दिल्ली में इंडिया गठबंधन के बिखराव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल लोकसभा के लिए था। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में राजद का कांग्रेस से इंडिया गठबंधन बनने से पहले से गठबंधन है। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस को कोई हल्के में ना ले। इन सब बयानबाजी का बहुत असर बिहार में इसी साल होने वाले चुनाव पर पड़ सकता है और इंडिया गठबंधन से पहले बने महागठबंधन का प्रदर्शन भी से प्रभावित हो सकता है।
231 total views