छ्पी-अनछपी: राहुल को बिहार में वोट चोरी का शक, ममदानी बने न्यूयॉर्क के मेयर

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज वोटिंग है लेकिन इससे एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यहां भी वोट चोरी होने का शक जाहिर किया है। बिहार के 18 जिलों की 121 सीटों पर आज सुबह 7:00 से वोटिंग शुरू हो जाएगी। भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयार्क शहर के मेयर पद के लिए हुए चुनाव में शानदार जीत हासिल की हैं।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार में पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर हरियाणा चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। इस आरोप पर चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव के दौरान न तो कांग्रेस के बूथ एजेंटों ने मतदाता सूची के खिलाफ कोई अपील दायर की और ना ही एक से अधिक मतदान की कोई शिकायत की गई। राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा की मतदाता सूची में 25 लाख नाम फर्जी तरीके से जोड़े गए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा चुनाव में गड़बड़ी कर कांग्रेस को हराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को रोकने के लिए हरियाणा में ‘ऑपरेशन सरकार चोर’ शुरू किया गया था। एग्जिट पोल और जनमत सर्वेक्षण में कांग्रेस की जीत दिखाई गई थी, पर कथित तौर पर 25 लाख फर्जी मतदाता बनाकर कांग्रेस को हराया गया। 

ब्राजील की मॉडल के 22 वोट’ : ब्राजील की एक मॉडल की फोटो दिखाते हुए राहुल गांधी ने सवाल किया कि इनका हरियाणा चुनाव में क्या काम। पर हकीकत यह है कि इस लड़की के राई विधानसभा क्षेत्र में 10 बूथ पर 22 वोट हैं। इसका नाम कभी सीमा, कभी स्वीटी और कभी सरस्वती है। उन्होंने कहा कि यह बूथ स्तर पर नहीं, सेट्रेलाइज ऑपरेशन है। इसके सबूत का दावा पेश करते हुए राहुल ने कहा कि हरियाणा में पांच तरह से वोटों गड़बड़ी की गई। 

बिहार में भी गड़बड़ की जाएगी: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग द्वारा भारतीय लोकतंत्र की हत्या के लिए विकसित मतदाता सूची गड़बड़ी वाली प्रणाली बिहार विधानसभा चुनावों में भी लागू की जाएगी। उन्होंने इसे आंबेडकर और महात्मा गांधी के संविधान पर हमला करार दिया और इस कथित धांधली को रोकने की आवश्यकता पर बल दिया। राहुल ने बिहार के लोगों खासकर जेन जी से मतदान करने की अपील की। हरियाणा चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाने के बाद राहुल ने वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि आज आपने देखा होगा कि मैंने सच्चाई के बारे में बात की। भाजपा ने हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव में गड़बड़ी कर जीत हासिल की। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ऐसा किया। अब वे बिहार में ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने बिहार के एक गांव के कुछ लोगों की कहानी बताई, लेकिन बिहार में लाखों लोगों के साथ ऐसा हुआ है। वोट काट दिए गए हैं। कई लोगों से वोट का अधिकार छीन लिया गया है। यह महागठबंधन और मेरी गारंटी है कि हम गरीबों, किसानों, मजदूरों, सभी जातियों, पिछड़ों, अति पिछड़ों, दलितों, महादलितों और सामान्य जाति के गरीबों की सरकार बनाएंगे। 

तेजस्वी और सम्राट की सीटों पर भी आज वोटिंग
प्रभात ख़बर के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में में 121 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. इस चरण में कुल 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे. पहले चरण में मतदान के लिए 45341 बूथ बनाये गये हैं. शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान कराने के लिए आयोग की ओर से 121 सामान्य, 18 पुलिस, 33 व्यय पर्यवेक्षक नियुक्ति किये गये हैं. इस चरण में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय कुमार सिन्हा के साथ-साथ 16 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है. जिन मंत्रियों की किस्मत दांव पर हैं, उनमें भाजपा से 11 और जद (यू) से पांच मंत्री शामिल हैं. सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलने वाले मतदान में इन सबके किस्मत इवीएम में कैद हो जायेंगे.

ज़ोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क के मेयर

जागरण के अनुसार भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयार्क शहर के मेयर पद के लिए हुए चुनाव में शानदार जीत हासिल की हैं। 34 वर्षीय ममदानी ने अपने जबरदस्त अभियान के दम पर यह जीत हासिल की है। इस तरह वह दुनिया की वित्तीय राजधानी की बागडोर संभालने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति होंगे। इतना ही नहीं, वह अमेरिका के सबसे बड़ शहर के पहले मुस्लिम और इस सदी के सबसे युवा मेयर भी होंगे। अगले साल जनवरी में वह न्यूयॉर्क के 111 वें मेयर की जिम्मेदारी संभालेंगे। जबहरलाल नेहरू के ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी भाषण से लेकर ‘धूम मचा लें’ गाने तक… जोहरान ममदानी अपने विजयी भाषण में अपनी भारतीय जड़ों का जिक्र करना नहीं भूले। भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और भारतीय मूल के युगांडाई विद्वान महमूद ममदानी के बेटे जोहरान ममदानी ने न्यूयार्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमी को भारी अंतर से हराया। भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और भारतीय मूल के युगांडाई विद्वान महमूद ममदानी के बेटे जोहरान ममदानी ने न्यूयार्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को भारी अंतर से हराया। 

मैं मुस्लिम हूं, और इस बात के लिए माफ़ी नहीं मांगूंगा: ममदानी

हिन्दुस्तान के अनुसार न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुने गए जोहरान ममदानी ने विजयी भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आव्रजन के मुद्दे पर चुनौती दी। ममदानी ने कहा, मैं युवा हूं, मुस्लिम हूं, अप्रवासी हूं और सबसे बड़ी बात इन सबके लिए माफी नहीं मांगूंगा। दरअसल, इसराइल विरोधी प्रदर्शनों का नेतृत्व करने के तरीके के कारण ममदानी पर अक्सर यहूदी विरोधी होने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में उन्होंने कहा, हम एक ऐसा सिटी हॉल बनाएंगे जो यहूदी न्यूयॉर्क वासियों के साथ दृढ़ता से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क अब वह शहर नहीं रहेगा जहां इस्लामोफोबिया के आधार पर चुनाव जीते जा सकें। उन्होंने वादा किया कि उनकी जीत के बाद 10 लाख से अधिक मुसलमान खुद को न केवल शहर के नागरिक के रूप में बल्कि सत्ता के केंद्र में भी पहचानेंगे। 

आफताब और ग़ज़ाला भी विजयी

अमेरिका के कई राज्यों के प्रमुख शहरों में मेयर पद के लिए चुनाव हुए जिनमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भारतीय मूल के आफताब पुरेवाल ने ओहायो राज्य के शहर सिंसिनाटी का मेयर चुनाव दोबारा जीत लिया है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार कोरी बॉमन को हराया। कोरी अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस के सौतेले भाई हैं। भारतीय मूल की डेमोक्रेट नेता गजाला हाशमी वर्जीनिया की लेफ्टिनेंट गवर्नर चुनी गई हैं। वह अमेरिका के इतिहास में पहली मुस्लिम महिला नेता बन गई हैं जिन्हें किसी राज्य में इतना बड़ा पद मिला है। हाशमी ने रिपब्लिकन के जॉन रीड को शिकस्त दी। बता दें कि गजाला हाशमी भारत के हैदराबाद में जन्मी हैं। अब वे अमेरिकी नागरिक हैं।

कुछ और सुर्खियां:

  • उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रही छे महिलाएं ट्रेन से कटीं, सबकी मौत
  • पटना-डोभी फोरलेन पर परसा बाजार के पास ट्रक और ऑटो रिक्शा में टक्कर, तीन लोगों की मौत
  • राजद के टिकट पर छपरा से चुनाव लड़ रहे भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को मुंबई महानगर पालिका ने बंगले के मामले में नोटिस जारी किया

अनछपी: बिहार में आज पहले चरण की 121 सीटों पर वोटिंग है और काफी हद तक यह तय हो जाएगा कि बिहार में सत्ता की रोटी पलटी जाने वाली है या मतदाता इसे अभी और खरी होने देते हैं लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की जो बात सामने लाई है, वह बेहद चिंताजनक है। राहुल गांधी ने बिहार में भी ऐसी गड़बड़ी की आशंका जताई है। उन्होंने जिस बात की शिकायत की है वह केवल इस हद तक नहीं है कि सही वोटर का नाम काटा गया बल्कि फर्जी वोटरों को भी बड़ी संख्या में जोड़ा गया। ध्यान देने की बात यह है कि आम संगठन और आम लोग इस बात की कोशिश तो कर सकते हैं कि किसी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से वोटर लिस्ट से हटाया गया है तो उसे जुड़वाया जाए। लेकिन सवाल यह है कि अगर बड़े पैमाने पर फर्जी नाम को वोटर बनाया गया है और उनसे वोट डलवाया जाएगा तो इसे लोकतंत्र का महापर्व कहने के बजाय, इसे लोकतंत्र की महाठगी कहा जाएगा। यह बात हम मुखिया के चुनाव में तो देखते हैं कि कैसे फर्जी वोटरों के नाम जोड़े गए, असली वोटरों के नाम काटे गए और वोटों की गिनती में भी धांधली हुई लेकिन क्या यह सबकुछ विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी होगा? राहुल गांधी की बात मानी जाए तो हरियाणा में हर आठवां मतदाता फर्जी था और हरियाणा का जीता हुआ चुनाव कांग्रेस हार गई। राहुल गांधी के आरोपों के जवाब में चुनाव आयोग ने जो बातें कही हैं, वह अपनी जिम्मेदारी से भागने वाली बात ही मानी जाएगी लेकिन उस पर भी ध्यान देने की जरूरत है। चुनाव आयोग का कहना है कि मतदान से पहले वोटर लिस्ट के खिलाफ कोई अपील दायर नहीं की गई थी। यानी चुनाव आयोग एक तरह से चुनौती दे रहा है कि अगर गड़बड़ी है तो इसे आप ढूंढ कर निकालिए, वह अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा। इधर राहुल गांधी का कहना है कि चुनाव आयोग ऐसी गड़बड़ी को पकड़ने के लिए ना तो समय देता है और ना ही वह ऐसी वोटर लिस्ट देता है जिसे मशीन के जरिए पढ़ा जा सके। एक तरह से कहा जाए तो चुनाव आयोग दरअसल यह कह रहा है कि वह गड़बड़ियों को पकड़ने में कोई मदद नहीं करेगा। ऐसे में लोग यह पूछ सकते हैं कि जब चुनाव आयोग ही गड़बड़ियां रोकने में दिलचस्पी नहीं दिखाएगा तो लोकतंत्र के तामझाम से आम आदमी को क्या मिलेगा? 

 

 370 total views

Share Now