छ्पी-अनछपी: देश के लिए जान देने वाले इम्तियाज को सरकार का सम्मान, ट्रंप का कश्मीर प्रस्ताव खारिज
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। सीमा पर पाकिस्तान की गोलाबारी में जान गंवाने वाले बीएसएफ जवान मोहम्मद इम्तियाज के घर जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका सम्मान किया। भारत ने राष्ट्रपति ट्रंप के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कश्मीर के मुद्दे पर मध्यस्थता की बात की थी। पाकिस्तान ने माना है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उसके 11 सैनिक मारे गए। सीबीएसई 10वीं और 12वीं के रिजल्ट में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा है। मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने कर्नल सोफिया के बारे में बेहद विवादास्पद बयान देने के बाद अनमनी माफी मांगी है।
और, जानिएगा कि पासपोर्ट बनवाने में मुजफ्फरपुर ने सीवान को कैसे पीछे छोड़ दिया।
पहली खबर
हिन्दुस्तान के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू-कश्मीर की सीमा पर पाकिस्तान की गोलीबारी में शहीद सारण के लाल मो. इम्तियाज के पैतृक गांव नारायणपुर पहुंचे और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर रहे मो. इम्तियाज के तैल्यचित्र पर पुष्पांजलि के बाद मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों को 50 लाख रुपये का चेक सौंपा और उनके सम्मान में कई घोषणाएं कीं।
सीएम ने कहा कि इम्तियाज के गांव की सड़क उनके नाम पर किया जाएगा। साथ ही उनके बेटे को सरकारी नौकरी दी जाएगी। जलाल-बसंत पंचायत में गांव के प्रवेश स्थल पर शहीद द्वार का निर्माण कराया जायेगा। नारायणपुर गांव में एक नये स्वास्थ्य उप केन्द्र का निर्माण होगा। शहीद मोहम्मद इम्तियाज के नाम पर एक स्मारक का भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की तरफ से शहीद मोहम्मद इम्तियाज के पुत्र को योग्यतानुसार सरकारी नौकरी दी जायेगी। नारायणपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने मो. इम्तियाज के पुत्र मोहम्मद इमरान रजा, मोहम्मद इमदाद रजा एवं अन्य परिजनों से बात कर उन्हें सांत्वना भी दी।
बीएसएफ़ का एक और जवान बलिदान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीवान के गौतम बुद्ध नगर थाना क्षेत्र के वसिलपुर गांव के रहने वाले बीएसएफ जवान रामबाबू सिंह के शहीद होने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उनकी शहादत देश हमेशा याद रखेगा। वे इस घटना से काफी मर्माहत हैं। शहीद जवान के निकटतम आश्रित को राज्य सरकार की ओर से 50 लाख रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही शहीद जवान का राज्य सरकार की ओर से पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कश्मीर पर मध्यस्थता का ट्रंप का प्रस्ताव खारिज
भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कश्मीर पर मध्यस्था के प्रस्ताव पर कहा कि यह भारत-पाक के बीच द्विपक्षीय मुद्दा है तथा इस मामले में हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जैसवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, ‘हमारा लंबे अरसे से यही राष्ट्रीय पक्ष रहा है कि जम्मू और कश्मीर से संबंधित किसी भी मुद्दे को भारत और पाकिस्तान को द्विपक्षीय तरीके से ही हल करना है। इस नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु हमले की आशंका जताए जाने पर भारत ने कहा कि हमारी सैन्य कार्रवाई पूरी तरह से पारंपरिक हथियारों तक सीमित थी।
पाकिस्तान ने माना 11 सैनिक मारे गए
जागरण के अनुसार पाकिस्तान ने मंगलवार को स्वीकार किया कि भारत के साथ सैन्य संघर्ष ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के 11 सैनिक मारे गए और 78 सैनिक घायल हुए। मारे गए सैन्य कर्मियों में एक स्क्वाड्रन लीडर भी शामिल है। पाकिस्तान की सेना ने दावा किया कि 6-7 मई की रात 40 आम लोग मारे गए थे और 121 अन्य घायल हुए थे।
आतंकियों को घर में घुसकर मारेंगे: मोदी
जागरण के अनुसार पंजाब के जिस आदमपुर एयर बेस पर हमला करके उसे नुकसान पहुंचाने और वहां तैनात एस 400 एयर डिफेंस सिस्टम ध्वस्त करने का पाकिस्तान झूठा प्रचार कर रहा था उसी आदमपुर एयर फोर्स स्टेशन पर मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब आतंकियों को भागने का मौका नहीं मिलेगा, भारत घर में घुसकर उन्हें मारेगा।
सीबीएसई 10वीं 12वीं में बेटियों ने लहराया परचम
प्रभात खबर के अनुसार सीबीएसई ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। बिहार में दसवीं में 92.34% छात्र व 91.43% छात्र पास हुए हैं। 12वीं में 85.46 प्रतिशत छात्रा व 74.96% छात्र पास हुए हैं। मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 की सृष्टि प्रिया 500 में से 498 नंबर लाकर बिहार टॉपर बनी हैं। 12वीं की आर्ट्स फैकल्टी में छपरा की छात्रा निकिता रानी ने 98.4% अंकों के साथ बिहार में टॉप किया है। साइंस में पटना के बेली रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के छात्र अंकित गुप्ता को 98.8% अंक मिला है।
मध्य प्रदेश के मंत्री के बिगड़े बोल, अनमनी माफी
भास्कर के अनुसार ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपडेट जारी कर रही कर्नल सोफिया कुरैशी पर पूरे देश ने नाज़ किया, वहीं मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने उनको लेकर शर्मनाक बयान दिया है। उन्होंने महू में कहा “जिन्होंने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े उन कटे-पिटे लोगों को उनकी ही बहन भेज कर नंगा कराया।” इस बयान के बाद शाह चौतरफा घिर गए। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मामले की जानकारी तलब की है। सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने शाह को बुलाकर माफी मांगने और बयान वापस लेने को कहा। इसके बाद उन्होंने माफी मांगी। शाह ने कहा मैं भगवान नहीं हूं, इंसान हूं, अगर किसी की भावना आहत हुई है तो 10 बार माफी मांगता हूं। इस दौरान भी वह बेशर्मी से हंसते रहे।
पासपोर्ट बनवाने में सीवान से आगे निकल मुजफ्फरपुर
हिन्दुस्तान के अनुसार पासपोर्ट बनवाने में मुजफ्फरपुर ने सीवान को पीछे छोड़ दिया है। डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र के अनुसार बिहार में मुजफ्फरपुर जिले में सबसे ज्यादा पासपोर्ट बनाये गये हैं। इस वर्ष मुजफ्फरपुर जिले के 20 हजार 582 लोगों ने पासपोर्ट बनवाये हैं। हर दिन 40 से 45 लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन कर रहे हैं। वहीं दूसरे स्थान पर सीवान है जहां 10 हजार 162 लोगों का पासपोर्ट बना है। पिछले कुछ वर्षों में पासपोर्ट बनाने वालों में गोपालगंज, सीवान, छपरा के लोग आगे रहते थे। लेकिन, इस वर्ष मुजफ्फरपुर जिले में सबसे ज्यादा पासपोर्ट बनाए गए हैं। राज्यभर में 37 डाकघरों में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुले हैं। इसके अलावा पासपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय का अपना दो पासपोर्ट सेवा केंद्र है। इनमें एक पटना में और दूसरा दरभंगा में है। इसमें डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र की बात करें तो यहां से दो लाख 88 हजार 390 पासपोर्ट बनाये गये हैं।
कुछ और सुर्खियां:
- अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 21 लोगों की मौत
- चुनाव आयोग देश भर में मतदाता सूची में दोहरे पैन से बचने के लिए यूनिक ‘एपिक’ नंबर जारी करेगा
- बंगाल की खाड़ी में पहुंचा मानसून, 27 मई को केरल पहुंचने की उम्मीद
- मुंगेर के मिर्जापुर बरदह गंगा घाट में स्नान के दौरान तीन भाई-बहन की डूब कर मौत
अनछपी: पहलगाम में 22 अप्रैल की आतंकी घटना और उसके बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद तक सांप्रदायिक तत्वों ने एक बड़ा हमला भारत के मुसलमानों पर भी किया है। हद तो यह है कि ऐसे हमले में विदेश सचिव विक्रम मिसरी और उनकी बेटियां भी प्रभावित हुई हैं। इसे इस तरह भी कहा जा सकता है कि जो भी इन सांप्रदायिक तत्वों के एजेंडे में फिट नहीं बैठ रहा, वह इन नफरती लोगों के हमलों का शिकार हो रहा है। एक ऐसे समय में जब पूरा देश कर्नल सोफिया कुरैशी की तारीफ कर रहा था, मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने उनके बारे में बेहद आपत्तिजनक बयान दिया। हद तो यह है कि कुछ लोग इस नफरती बयान को भी सही साबित करने के लिए मैदान में आ गए लेकिन जब ज्यादा आलोचना हुई तो उसे मंत्री ने कहा कि वह माफी मांगते हैं लेकिन उनके माफी मांगने का अंदाज भी एक नाटक जैसा ही था। इस समय सबसे बड़ा सवाल भारतीय जनता पार्टी से है कि क्या वह ऐसे मंत्री को बर्खास्त कर सरकार जरूरी कार्रवाई करेगी या फिर वही पुरानी लीपापोती कर मामले को ठंडा कर दिया जाएगा? इस मंत्री पर देश की सद्भावना को बिगाड़ने और सेना की छवि को धूमिल करने के आरोप में तुरंत जेल में डाला जाना चाहिए। इस मौके पर यह बात भी ध्यान देने की है कि यह पहले ऐसे शख्स नहीं है जिन्होंने इस तरह का आपत्तिजनक बयान दिया है। पिछला लोकसभा चुनाव याद कीजिए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार ऐसे बयान दिए जो सांप्रदायिक रूप से बेहद आपत्तिजनक माने गए। इसके अलावा बिहार में भारतीय जनता पार्टी के कई ऐसे नेता हैं जो बेहद भड़काऊ बयान देते हैं जिनमें गिरिराज सिंह और बचौल का नाम अक्सर सामने आते रहता है। इसीलिए यह एक मंत्री का मामला नहीं बल्कि पूरी भारतीय जनता पार्टी की सोच पर सवाल है। अच्छी बात यह है कि आज कुछ अखबारों ने इस खबर को कवर किया है और इसकी आलोचना की है। एक और अच्छी बात यह है कि प्रभात खबर ने आज इस पर संपादकीय भी लिखा है और ऐसे बयानों की कटु आलोचना की है हालांकि विदेश सचिव विक्रम मिसरी के बारे में ज्यादा बात करता है। जरूरत इस बात की है कि ऐसे बयान का लगातार कड़ाई से विरोध दर्ज करते रहा जाए वरना इस समूह के अभिभावकों में थोड़ी बहुत जो शर्म बची है वह भी खत्म हो जाएगी।
564 total views
