छापी-अनछपी: राबड़ी देवी का घर नीतीश से दूर किया गया, युवक ने पत्नी-पिता को गोली मार खुद को भी उड़ाया

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली करना होगा। उन्हें जो नया आवास मिला है वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास से दूर होगा। रोहतास में एक युवक ने पत्नी और पिता की हत्या के बाद खुद को भी गोली से उड़ाया। सिकंदरा-शेखपुरा सड़क पर सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। बिहार में एक बार फिर चीनी मिलों को खोलने का वादा किया गया है।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को लगभग 20 वर्षों के बाद अपना सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली करना होगा। राबड़ी अभी विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं। मंगलवार को भवन निर्माण विभाग ने विप के नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड कर्णांकित करते हुए उनके नाम आवंटित कर दिया। सरकार के इस आदेश के बाद अब राबड़ी को जल्द ही 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली करना होगा। राबड़ी दस सर्कुलर रोड में 16 जनवरी 2006 से ही पति पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद समेत पूरे परिवार के साथ रह रही हैं। यह सीएम के सरकारी आवास एक अणे मार्ग से सटा है। भवन निर्माण विभाग ने विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के लिए पटना में केंद्रीय पुल का नया आवास 39, हार्डिंग रोड कर्णांकित किया है। इसका आशय यह हुआ कि भविष्य में विप के नेता प्रतिपक्ष जो भी होंगे, वे इसी आवास में रहेंगे।

फिर चीनी मिल खोलने का वादा

बिहार में 34 चीनी मिलें खुलेंगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गयी। इसमें 25 नयी चीनी मिलें होंगी जबकि 9 बंद पड़ी चीनी मिलों को भी फिर से चालू किया जाएगा। कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पोस्ट पर यह जानकारी दी। भास्कर के अनुसार सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में बिहार के भविष्य का ब्लूप्रिंट रखा। नौकरी, टेक्नॉलॉजी और नए शहरों की तेज उड़ान से नया बिहार बनाने की बात कही। बिहार में औद्योगिक विकास एवं अगले 5 वर्षों में युवाओं को नौकरी/रोजगार उपलब्ध कराने का पूरा रोडमैप बताया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की पहली बैठक में कुल 10 एजेंडों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट में बिहार में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने, वैश्विक कंपनियों को आकर्षित करने, एआई आधारित उद्योग विकसित करने, नए सैटेलाइट शहर बसाने और चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी।

रोहतास में एक युवक ने पत्नी और पिता को गोली मारने के बाद खुद को भी उड़ाया

हिन्दुस्तान के अनुसार रोहतास जिले के भानस थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में एक विक्षिप्त युवक ने सोमवार की देर रात दोनाली बंदूक से पहले पत्नी और पिता की गोली मार हत्या की, इसके बाद खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार रात की बताई जाती है। मृतकों की पहचान डिहरा निवासी शालिग्राम सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अमित सिंह, स्व. रामानंद सिंह के 72 वर्षीय पुत्र शालिग्राम सिंह और अमित सिंह की 32 वर्षीय पत्नी नीलू देवी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दोनाली बंदूक, तीन खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक संकेत कुमार ने घटनास्थल की जांच की। वहीं फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रात लगभग 12 से एक बजे घर में सभी लोग सो रहे थे। इस दौरान अचानक घर के प्रथम तल के कमरे से गोली चलने की आवाज आई, जिसे देखने के लिए घर के लोग निकले। उन्होंने एक कमरे से अमित सिंह को आते हुए देखा जिसके हाथ में बंदूक थी। कमरे में जाकर देखा तो पत्नी नीलू देवी की लाश पड़ी थी। इसके बाद अमित सिंह आंगन में पहुंचा। आंगन में पिता ने उसे रोकने का प्रयास किया, इस दौरान उसने पिता को भी गोली मार दी। यह देखकर कर बाकी लोग घर में छिप गए।

बड़हिया में पिता को गोली मारकर खुद को भी शूट किया

लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र के खुटहा पूर्वी पंचायत स्थित चेतन टोला में मंगलवार की शाम साड़े सात बजे दिल दहला देने वाली घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया। पारिवारिक विवाद बढ़ते-बढ़ते इस हद तक पहुंचा कि आईटीबीपी में तैनात जवान विकास कुमार उर्फ नाटो कुमार (35 वर्ष) ने अपने पिता उदय शंकर सिंह (68 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में ध्वज फहराया

जागरण लिखता है- यह अयोध्या यह जन्मभूमि पर राम मंदिर की पूर्णता के उद्घोष में सनातन का जयघोष था…। पांच दिवसीय अनुष्ठान की पूर्णाहुति के रूप में धर्म ध्वजा शिखर पर थी और विह्वलता में कंपकंपाते हाथों से उसे प्रणाम करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आंखें सजल थीं। मंगलवार को अभिजित मुहूर्त में वह चिर अभिलाषित क्षण आया, जब सनातन की धर्म ध्वजा शिखर पर थी। इस क्षण को शब्दों में बांधना उतना ही कठिन है, जितनी कठिन यात्रा इस आंदोलन के शिखर तक पहुंचने की। प्रधानमंत्री के शब्दों में ‘आज अयोध्या नगरी सांस्कृतिक चेतना के एक और उत्कर्ष बिंदु की साक्षी बन रही है। सदियों के घाव भर रहे हैं। सदियों की वेदना विराम पा रही है। सदियों का संकल्प आज सिद्धि को प्राप्त हो रहा है। आज संपूर्ण भारत और विश्व राममय है और हर राम भक्त के हृदय में अपार अलौकिक आनंद है।’

सड़क हादसे में छह की मौत

सिकंदरा-शेखपुरा सड़क पर मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे को हाइवा और सीएनजी ऑटो के बीच सीधी टक्कर छह लोगों की मौत हो गयी, वहीं आठ लोग घायल हो गये. इनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष सहित चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत शेखपुरा सदर अस्पताल और एक बच्चे की मौत इलाज के क्रम में पावापुरी अस्पताल में हुई. मृतकों में चेवाड़ा प्रखंड के बेंगुचा गांव के मां-बेटे समेत तीन, महेशपुर की दादी-पोती समेत दो और धमसेना गांव का एक व्यक्ति शामिल है. इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी.

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार के स्वास्थ्य विभाग के 32 हजार 700 पदों पर 3 महीने में बहाली होगी
  • T20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को आमने-सामने होगी, मैच कोलंबो में
  • बिहार के सभी 26 मंत्रियों को बंगले आवंटित किए गए, पुराने बंगले में ही रहेंगे दोनों उपमुख्यमंत्री
  • पटना सासाराम का लेन निर्माण के लिए ओमान की कंपनी को मिला टेंडर रद्द
  • इसराइल ने उत्तर पूर्व भारत के 5800 यहूदियों को अपने यहां बसने की मंजूरी दी

अनछपी: बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड में नया आवास आवंटित किया है लेकिन इसमें एक राजनीतिक चालाकी है। वह यह है कि सरकारी पत्र में उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर आवास देने की बात नहीं लिखी गई है बल्कि उन्हें विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मकान आवंटित करने की बात लिखी गई है। पिछले 20 वर्षों से वह 10 सर्कुलर रोड में रह रही थीं और अब उन्हें 39 हार्डिंग रोड का क्वार्टर दिया गया है। सर्कुलर रोड वाला मकान मुख्यमंत्री आवास के नजदीक है। दरअसल  पुराने मकान से निकालना और नया मकान देने का मतलब यह भी निकाला जा सकता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले विपक्षी नेताओं के लिए जो लिहाज रखते थे उसे अब बरता नहीं जा रहा है और इसकी भी संभावना है कि यह फैसला नीतीश कुमार के स्तर पर न होकर कोई और ले रहा है। अखबारी रिपोर्ट में यह कहा गया है कि जब उन्हें 10 सर्कुलर रोड का मकान दिया गया था तब उनके पूर्व मुख्यमंत्री होने का जिक्र था। जहां तक विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने की बात है तो उनसे यह मकान तब भी वापस नहीं लिया गया जब राजद के विधान पार्षदों की संख्या कम होने की वजह से उनके पास नेता प्रतिपक्ष होने लायक संख्या बल नहीं थी। ध्यान रहे कि राबड़ी देवी के इसी मकान में राजद प्रमुख लालू प्रसाद भी रहते रहे हैं। लोग मजाक से यह भी कहते थे कि नीतीश कुमार और लालू प्रसाद का आवास इतने आसपास है कि नीतीश कुमार किसी भी दिन आसानी से उधर जाकर नया गठबंधन बना सकते हैं। मकान बदलने का नया आदेश नीतीश कुमार के बारे में एक और स्पष्ट संकेत देता है कि सरकार में उनका दखल कम हो रहा है और भारतीय जनता पार्टी अपनी पकड़ और मजबूत कर रही है। आरजेडी को अब इस बात का एहसास सता रहा है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने पर भी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं नंदकिशोर यादव, प्रेम कुमार, मंगल पांडे और नितिन नवीन जैसे लोगों का आवास खाली नहीं कराया गया था। ऐसे में राजद को राजनीति के नए रूप को समझने और उसी में जीने के लिए तैयार होना चाहिए। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि राबड़ी देवी से जो मकान वापस लिया जा रहा है उसे किसी आवंटित किया जाता है।

 452 total views

Share Now