छपी-अनछपी: अमेरिका से बोला ईरान- हद में रहे, बिहार की बेटियों पर गंदी टिप्पणी
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। राष्ट्रपति ट्रंप की धमकी के बाद ईरान ने कहा है कि अमेरिका अपनी सीमा न लांघे। उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की बिहार की बेटियों पर अभद्र टिप्पणी से पूरे राज्य में आक्रोश है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने दिल्ली दंगा मामले की आरोपी उमर खालिद को पत्र लिखा है जिस पर भाजपा ने एतराज जताया है।
और, जानिएगा कि अब प्राइवेट एजेंसियां भी घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाएंगी।
पहली ख़बर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब ईरानी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में उतर आए हैं। ट्रम्प ने अल्टीमेटम दिया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर यदि एक भी गोली चली तो अमेरिका ईरान पर हमला कर देगा। हमारे सैनिक तैयार हैं। ईरान सरकार पर तंज कंसते हुए ट्रम्प ने कहा, प्रदर्शनों को कुचलना उसकी आदत है। लेकिन इस बार अमेरिका चुप नहीं रहेगा और प्रदर्शनकारियों की मदद के लिए पूरी ताकत से उतरेगा। ट्रम्प के अल्टीमेटम पर ईरान ने भी पलटवार किया है। ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने कहा है कि अमेरिका अपनी हद में रहे। कोई भी सीमा लांघी तो नतीजे भुगतने को तैयार रहे। खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी ने कहा है कि ईरान की ओर उठने वाले हर हाथ को काट फेकेंगे। अमेरिका अपने हितों और सैनिकों की चिंता करे। अफगानिस्तान इराक में जोरशोर से आए अमेरिका को भागना पड़ा था। सारी दुनिया ये देख चुकी है।
बिहार की बेटियों पर अभद्र टिप्पणी, आक्रोश
हिन्दुस्तान के अनुसार उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की बिहार की बेटियों पर अभद्र टिप्पणी से पूरे राज्य में आक्रोश है। सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने शुक्रवार को इसकी तीखी निंदा की है। महिला संगठनों में उबाल है। संगठनों ने सार्वजनिक माफी, मंत्री के इस्तीफे और उनके पति को भाजपा से निष्कासित करने की मांग की है। वहीं, बिहार राज्य महिला आयोग ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। महिला आयोग ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की बेटियों पर दिये गये आपत्तिजनक बयान की निंदा की है। आयोग के अध्यक्ष अप्सरा ने शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गिरधारी लाल साहू पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी देने की मांग की है।
क्या थे बिगड़े बोल?
भास्कर के अनुसार उत्तराखंड के भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू के बिगड़े बोल पर बिहार में खूब जुबानी लड़ाई हुई। गिरधारी, उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति हैं। पार्टी के एक कार्यक्रम में कह दिया कि बिहार में 20-25 हजार में लड़कियां मिलती हैं। मैं इनसे कुंवारे लड़कों की शादी कराऊंगा। राजद भड़क गया। इसे एजेंडा बनाया। भाजपा असहज हुई। बैकफुट पर आई। बोली-“ऐसी बात मानसिक दिवालियापन है।’ राजद ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा से जवाब मांगा। वहीं, बिहार राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।
उमर खालिद के लिए ममदानी का पत्र
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने दिल्ली दंगा मामले के आरोपी उमर खालिद को एक पत्र लिखा है. इस पत्र में उन्होंने कड़वाहर को महत्व नहीं देने और स्वयं पर इले हावी नहीं होने पर खालिद के विचारों को याद किया. ममदानी के इस पत्र को खालिद की सहयोगी बनोज्योत्सना लाहिड़ी ने एक्स पर पोस्ट किया है. इस हाथ से लिखे पत्र पर ममदानी के दस्तखत भी हैं. उन्होंने लिखा है कि प्रिय उमर, मैं अक्सर आपके उन शब्दों को याद करता हूं, जिनमें कड़वाहट को खुद पर हावी नहीं होने देने की बात थी. आपके माता-पिता से मिल कर खुशी हुई. हम सब आपके बारे में ही सोच रहे हैं. फरवरी 2020 के दिल्ली दंगा मामले में मुख्य साजिशकर्ता होने के आरोप में जेल में हैं. भाजपा ने शुक्रवार को ममदानी पर उमर खालिद के बारे में नोट लिख कर भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप का आरोप लगाया, पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत इस तरह के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगा. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि यदि भारत की संप्रभुता को चुनौती दी जाती है, तो 140 करोड़ भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर खड़े होंगे.
बिहार में और बढ़ सकती है ठंड
हिन्दुस्तान के अनुसार सर्द पछुआ हवा के कारण पटना समेत बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। क्योंकि, ज्यादातर जिलों के न्यूनतम तापमान में शनिवार से 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान में रविवार से 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में शीतलहर जैसे हालात के आसार हैं। मौसम के इस कहर से एक सप्ताह तक राहत की उम्मीद नहीं है। शुक्रवार को 21 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे रहा। सबसे कम तापमान 5.1 डिग्री सहरसा के अगवानपुर और सबसे अधिक 24.2 डिग्री किशनगंज में दर्ज किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 5.1 से 13.1 और अधिकतम 16.3 से 24.2 डिग्री के बीच रहा। गया जी में दृश्यता 00 मीटर रही।
प्राइवेट एजेंसियां भी घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाएंगी।
प्रभात ख़बर के अनुसार राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के सभी लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने की नयी पहल की है. अब इस योजना से वंचित लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने का काम प्राइवेट एजेंसियों के माध्यम से कराया जायेगा. इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. कार्ड निर्माण के लिए राज्य को तीन भागों उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार और मध्य बिहार में बांटा गया है. यह काम सरकार द्वारा चयनित तीन निजी एजेंसियों के हवाले होगा. चयनित एजेंसियों के कर्मी सीधे लोगों के घर-घर जाकर ऐसे पात्र लाभार्थियों की पहचान करेंगे. इस दौरान पहचान के बाद मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जायेगी, जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उनको कार्ड बनाकर सौंपेंगे. फिलहाल लाभुकों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए जरूरी कागजात के साथ ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है. अब घर-घर सेवा पहुंचने से लाभार्थियों को कार्ड बनवाने में काफी आसानी होगी.
कुछ और सुर्खियां:
- हरियाणा के झज्जर में रेल ट्रैक पर रेल बनाते समय बिहार के दो रिश्तेदार कटे, दोनों की मौत
- राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री की आवाज़ व तस्वीर वाली एआई जेनरेटेड फर्जी वीडियो वायरल करने वाला मुजफ्फरपुर का प्रमोद कुमार गिरफ्तार
- चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया जस्टिस सूर्यकांत पटना के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे
- मालगाड़ी दुर्घटना के मामले में आसनसोल के डीआरएम विनीत श्रीवास्तव को हटाया गया
- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को एआई टूल ग्रोक के अश्लील इस्तेमाल पर रोक, कंटेंट हटाने का आदेश
- नवादा के अकबरपुर थाने के दारोगा प्रमोद कुमार को ₹25000 घूस लेते गिरफ्तार किया गया
- रजौली में पश्चिम बंगाल से बिहार आ रही दो ट्रक प्रतिबंधित कोडिन फास्फेट कफ सिरप जब्त
अनछपी: हमारे समाज में सड़क दुर्घटना की तरह ही आत्महत्या में होने वाली मौतों के बारे में बहुत चर्चा नहीं की जाती लेकिन इससे जुड़ी खबरें अक्सर आती रहती हैं। ऐसी ही एक खबर पटना के गर्दनीबाग के दमड़िया मोहल्ले से आई है जहां एक 14 साल के बच्चे वाजिद ने फांसी लगाकर सुसाइड कर ली तो मां शहनाज को हार्ट अटैक आ गया और वह इस गम में चल बसीं। इस मामले की चर्चा हम यहां इसलिए कर रहे हैं कि इस सुसाइड के पीछे जो वजह है वह बेहद खतरनाक और समाज के लिए चिंता में डालने वाली बात है। चिंता में डालने वाली यह बात है ड्रग्स का इस्तेमाल। आमतौर पर ड्रग्स के लिए पंजाब बदनाम है लेकिन बिहार के छोटे बड़े शहरों में भी इसका बेहद खतरनाक हद तक फैलाव हो रहा है। इस खबर में यह बताया गया है कि 14 साल के वाजिद का एक छोटा भाई 11 साल का है और वह ड्रग्स का आदी हो चुका है। यह सोचकर भी हैरत होती है कि इतनी कम उम्र में आखिर किसने उसे इस लत का आदी बनाया होगा। ड्रग्स के आदी हो चुके बच्चे अक्सर घर से बाहर रहते हैं और जुमा के दिन भी उस घर में वही हुआ। छोटा भाई लापता था, बड़ा भाई उसे ढूंढने निकला लेकिन वह मिला नहीं। इसके बाद बताया जाता है कि इस गम में वाजिद ने खुद को फंदे से लटका लिया। एक 11 साल के बच्चे का ड्रग्स का आदी होना और एक कुछ बड़े बच्चे का उससे इस तरह आहत होना हमारे समाज को झकझोर देना चाहिए। लेकिन ऐसा लगता है कि हम इसे एक छोटी घटना मानकर भूल जाएंगे और फिर सब कुछ आम दिनों की तरह चलता रहेगा। सरकार के अलावा समाज के हर तबके को इस पर ध्यान देना चाहिए, खास तौर पर उन सामाजिक संगठनों को जो समाज सुधार के काम में लगे हुए हैं। इसके लिए बच्चों के अधिकार से जुड़े सरकारी और गैर सरकारी संगठनों को भी जोरदार कोशिश करने की जरूरत है।
252 total views
