छ्पी-अनछपी: ईरानी विदेश मंत्री पहुंचे पाकिस्तान, ज्वेलरी लूट के दौरान तीन मर्डर

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक़ची इस्लामाबाद पहुंचे हैं। गोपालगंज में जेवर लूटने आए अपराधियों की गोली से एक व्यक्ति की मौत हो गई तो भीड़ ने दो लुटेरों को मार डाला। आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया गया है।

और, जानिएगा कि आरएसएस ने अमेरिका में इस बात से इनकार किया है कि यह हिंदू वर्चस्ववादी संगठन या अल्पसंख्यक विरोधी है। 

पहली ख़बर

प्रभात ख़बर के अनुसार ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक़ची ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर का रास्ता निकालने के लिए शनिवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ आमने-सामने की बैठक करेंगे. वहीं, व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ईरान के विदेश मंत्री के साथ फिर से बातचीत के लिए विटकॉफ और कुशनर को पाकिस्तान भेज रहे हैं. हालांकि, इस बैठक में अमेरिका शामिल नहीं होगा. बीबीसी के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा युद्धविराम के बीच बातचीत की कोशिश एक बार फिर तेज हो गई है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची एक प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद पहुंचे हैं. हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अराग़ची के अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से मिलने की उम्मीद नहीं है.

होर्मुज स्ट्रेट पर हमले की तैयारी में अमेरिका

हिन्दुस्तान के अनुसार ईरान के साथ जारी मौजूदा संघर्षविराम यदि विफल होता है तो अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सैन्य कार्रवाई की एक नई और व्यापक रणनीति तैयार की है। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका की यह नई योजना पिछली रणनीतियों से काफी भिन्न है। पहले सैन्य हमलों का मुख्य केंद्र ईरान के भीतरी इलाके थे, लेकिन अब पूरा ध्यान समुद्री रास्तों और जलमार्गों की सुरक्षा पर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान द्वारा जलडमरूमध्य बंद किए जाने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है और इससे अमेरिका की आर्थिक नीतियों पर भी दबाव बढ़ा है। सात अप्रैल से लागू युद्धविराम अभी औपचारिक रूप से कायम है।

गोपालगंज में लूटपाट के दौरान तीन मर्डर

जागरण के अनुसार गोपालगंज जिले के भोरे क्षेत्र के लाल छापर पोखरे के पास शुक्रवार की दोपहर दिनदहाड़े उस समय अफरातफरी मच गई, जब बाइक सवार छह बदमाश आभूषण दुकान में लूटपाट करने पहुंचे और ताबड़‌तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से एक किराना दुकानदार घायल हो गया, जबकि भागने के दौरान एक राहगीर की गोली मार हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने चार बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसमें दो की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार लुटेरे सीवान और उत्तर प्रदेश के थे। प्रभात खबर के अनुसार 3 साल पहले भी इस दुकान में लूटपाट हुई थी। 

आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सदस्य भाजपा में शामिल होंगे

भास्कर के अनुसार आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा। राघव चड्‌ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक सहित 7 राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ दी। चड्डा ने कहा कि आप के दो तिहाई सांसदों के समूह ने भाजपा में विलय कर लिया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर लिखा, ‘राघव चड्‌ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल का भाजपा में स्वागत है। साथ ही हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजेंद्र गुप्ता को पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में काम करने के लिए शुभकामनाएं।’ दूसरी तरफ, आप नेताओं ने भाजपा पर ऑपरेशन लोटस का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पंजाब सरकार का कामकाज रोकने की साजिश है। इससे पहले, प्रेस कॉन्फ्रेंस में चड्‌ढा ने कहा, ‘आप सिद्धांतों से भटक गई। आज आप से लेकर जनता के साथ मिलकर काम करने की घोषणा करता हूं।’ कहा कि भाजपा में विलय के लिए सातों सांसदों के दस्तखत वाले पत्र व अन्य दस्तावेज राज्यसभा सभापति को सौंप जा चुके हैं। बाकी 4 सांसद सामने नहीं आए हैं। स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर आप छोड़ने की घोषणा की।

डेढ़ लाख की फिरौती लेने वाले चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार 

हिन्दुस्तान के अनुसार जमुई जिले की पुलिस ने अपहरण व फिरौती से जुड़े मामले में नवादा उत्पाद विभाग के दो एएसआई और दो होमगार्ड जवानों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से फिरौती के रूप में वसूले गये डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किये गये हैं। गिरफ्तार चारों आरोपित पकरीबरावां उत्पाद थाने से जुड़े हैं। गिरफ्तार होने वालों में कौआकोल का चेकपोस्ट प्रभारी एएसआई सुजीत कुमार व एएसआई दिलीप कुमार शामिल हैं। मामला जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के महुलिया टांड़ से जुड़ा है। बताया जाता है कि गुरुवार की रात चारों उत्पाद कर्मी महुलिया टांड़ में वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी बीच क्रेटा गाड़ी से तीन लोगों को पकड़ा। सभी लोगों को पकरीबरावां थाने लाया गया।

आरएसएस के अल्पसंख्यक विरोधी होने की बात बनाई गई कथा: होसबाले

वाशिंगटन से प्रेस ट्रस्ट की जागरण में छपी ख़बर के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने यहां कहा कि आरएसएस ‘अमेरिकी श्वेत वर्चस्ववादी समूह ‘कु क्लक्स क्लान’ का भारतीय संस्करण नहीं है। अमेरिका में भारत के बारे में जो गलतफहमियां हैं, वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में भी हैं। उन्होंने कहा, “जो कथा दशकों से बनाई गई है, जानबूझकर या अनजाने में, यह है कि संघ एक हिंदू वर्चस्ववादी संगठन है या यह ईसाई विरोधी, अल्पसंख्यक विरोधी, विकास विरोधी और आधुनिकता विरोधी है।” हडसन इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित न्यू इंडिया कान्फ्रेंस में एक 1संवादात्मक सत्र में होसबाले ने कहा, “संघ एक जन स्वैच्छिक आंदोलन है जो प्राचीन भारतीय )[समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और सभ्यता के मूल्यों से प्रेरित है, जिसे सामान्यतः हिंदू संस्कृति के रूप में जाना जाता है।” उन्होंने कहा कि हिंदू दर्शन और संस्कृति पूरे विश्व को एक परिवार के रूप में देखती है और वर्चस्व को स्वीकार नहीं करती। 

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार रिवेन्यू सर्विस के 624 अफसरों पर एक ₹1000-1000 का जुर्माना लगा
  • गुवाहाटी हाई कोर्ट ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज की
  • केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया रूसी सेना की तरफ से लड़ने वाले 10 भारतीयों की मौत
  • भागलपुर के नवगछिया में सेल्फी लेने के दौरान गंगा में भाई-बहन के साथ तीन डूबे, सभी की मौत

अनछपी: 2014 के बाद से भारत के राजनीतिक इतिहास के बारे में जब भी लिखा जाएगा तो ऑपरेशन लोटस उसका एक महत्वपूर्ण भाग होगा। ऑपरेशन लोटस का मोटे तौर पर मतलब यह है कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता के वोट से दूसरी पार्टियों से जीते हुए लोगों पर डोरे डालकर कमल वाली पार्टी में शामिल कराया। यानी जब भारतीय जनता पार्टी को जनता के हाथों हार हाथ लगी तो उसने जनता के आदेश से चुने गए दूसरी पार्टी के नेताओं को ही ‘जीत’ लिया। डोरे डालने और दूसरी पार्टी के नेताओं को जीतने का क्या मतलब है, इसे समझने के लिए यह बात याद रखनी होगी कि जिन नेताओं ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया है उनमें से एक के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में ईडी ने बस 10 दिन पहले ही छापेमारी की थी। इस ऑपरेशन के अहम मोहरा बने राघव चड्ढा और भारतीय जनता पार्टी एक दूसरे को लगातार बेईमान बताते रहे हैं। यह बात आसानी से समझ में आने वाली है कि ईडी की छापेमारी के डर से दूसरी पार्टी का नेता भाजपा में शामिल होना चाहता है और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ईडी का इस्तेमाल इसीलिए करती है। ऐसे ही मामलों के लिए ‘भाजपा की वॉशिंग मशीन’ जैसे शब्द का इस्तेमाल हुआ है यानी अगर कोई नेता दूसरी पार्टी में भ्रष्ट है, बेईमान है तो वह भारतीय जनता पार्टी में आने के साथ ही ईमानदार हो जाता है। इससे यह समझा जा सकता है कि कैसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार ईडी को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। इससे भी ज्यादा अहम बात यह है कि जनता के पैसे से राज्यसभा सदस्य के रूप में वेतन और भत्ता लेने वाले नेताओं की कोई जवाब देही नहीं रह गई है और दल बदल कानून का भी कोई मतलब नहीं रह गया है। लेकिन जनता भी शायद इसे बहुत बड़ा मुद्दा नहीं मानती वरना भारतीय जनता पार्टी पिछले कई वर्षों से कई पार्टियों के साथ कई बार ऐसा ऑपरेशन नहीं चला पाती। 

 42 total views

Share Now

Leave a Reply