छ्पी-अनछपी: होर्मुज में अमेरिका-ईरान के बीच गोलीबारी, बंगाल के सीएम बनेंगे शुभेंदु

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। युद्ध विराम के बावजूद अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किये हैं। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी आज 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। तमिलनाडु में टीवीके पार्टी के प्रमुख जोसेफ़ विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। 

पहली ख़बर

प्रभात ख़बर के अनुसार पश्चिम एशिया में युद्धविराम के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर खुलकर सामने आ गया है. अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किये हैं. अमेरिका का दावा है कि उसके युद्धपोतों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नौकाओं से हमले किये गये थे, जिसके जवाब में यह कार्रवाई की गयी. दूसरी ओर ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए उसके तेल टैंकरों और तटीय इलाकों को निशाना बनाया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे अमेरिका के तीन युद्धपोतों पर हमला हुआ, लेकिन अमेरिकी सेना ने सभी मिसाइलों और ड्रोन को मार गिराया. ट्रंप के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में ईरान की कई छोटी नौकाओं को डुबो दिया गया और हमलावर ठिकानों को तबाह कर दिया गया. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान समझौते के लिए आगे नहीं आया तो अमेरिका आगे भी कड़ी कार्रवाई करेगा. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की कि ईरानी मिसाइल और ड्रोन लॉन्च साइट्स, कमांड सेंटर और निगरानी प्रणालियों को निशाना बनाया गया.

शुभेंदु अधिकारी आज लेंगे बंगाल के मुख्यमंत्री की शपथ

भास्कर के अनुसार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत पाने वाली भाजपा ने राज्य में अपने पहले सीएम का ऐलान कर दिया है। ममता बनर्जी को दो बार चुनाव हराने वालें वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी शनिवार को 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें विधायक दल का नेता घोषित करके इसका रास्ता साफ कर दिया। अमित शाह ने नवनिर्वाचित विधायकों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ बैठक के बाद नाम घोषित किया। उन्होंने कहा, ‘आठ प्रस्ताव मिले थे। उन सभी में एक ही नाम था। दूसरे नाम के लिए पर्याप्त समय दिया गया, पर कोई अन्य नाम नहीं आया। इसलिए, मैं बंगाल के सीएम के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करता हूं।’ नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती (रवींद्र जयंती) है। भाजपा ने इस दिन को चुनकर बंगाल की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है।

तमिलनाडु में विजय को मिला सरकार बनाने का न्योता

जागरण के अनुसार वामपंथी दलों के समर्थन से टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय सरकार बनाने के करीब पहुंच गए हैं। माकपा और भाकपा ने जहां आधिकारिक तौर पर विजय को समर्थन देने का एलान कर दिया है. वहीं वीसीके ने भी साथ जाने का संकेत दिया है। आईयूएमएल ने सरकार गठन की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का समर्थन करने की बात कही है। वहीं, एएनआइ के अनुसार, वाम दलों के समर्थन के बाद टीवीके प्रमुख विजय ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन लोक भवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने उनको सरकार बनाने का न्योता दे दिया है।

शिक्षक अभ्यर्थियों को दौड़ा कर पीटा

पटना से प्रभात ख़बर की खबर है कि जेपी गोलंबर पर शुक्रवार को छह हजार से अधिक शिक्षक अभ्यर्थियों ने जम कर प्रदर्शन किया, जिसमें कई घायल हो गये. टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग को लेकर पटना कॉलेज से निकला मार्च गांधी मैदान के जेपी गोलंबर पहुंचा, जहां पुलिस बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. दोपहर करीब दो बजे जैसे ही अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. पुलिस ने छात्र छात्राओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इस दौरान कई छात्रों के सिर फूट गये. इस भगदड़ में कई छात्राएं बेहोश होकर सड़क पर गिर गयीं. एक महिला अभ्यर्थी ने रोते हुए कहा कि पुलिस वालों ने सिर पर मारा और गिरने के बाद डीएसपी ने पैरों से कुचला, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का विकल्प होने के बावजूद सीधे लाठियों का इस्तेमाल किया, जिससे दर्जनों छात्र लहूलुहान होकर गिर पड़े. 

बिहार के कई ज़िलों में आंधी-बारिश से परेशानी

हिन्दुस्तान के अनुसार पटना सहित प्रदेश के 16 जिलों में शुक्रवार की शाम चार बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पटना एयरपोर्ट के पास दो मिनट तक 135 किमी की रफ्तार से झोंके के साथ चले बवंडर ने आसपास के इलाके में भारी तबाही मचाई। हालांकि, बाकी इलाके में इसकी रफ्तार 60-70 किमी प्रतिघंटा की रही। पटना के अलग-अलग इलाकों में आंधी-पानी से पेड़ गिरने और वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई। राजधानी में जहां गाड़ियों और दुकानों पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई, वहीं वज्रपात ने दो की जान ले ली। दूसरी ओर, प्रदेश में आंधी-बारिश और ठनका से 9 लोगों की मौत हुई है। इनमें वैशाली में दो और आरा, समस्तीपुर व पूर्वी चंपारण में एक-एक शामिल है।

कर्नल सोफिया पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण: सुप्रीम कोर्ट

भास्कर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मंत्री कुंवर विजय शाह पर मुकदमा चलाने की मंजूरी देने में देरी करने पर नाराजगी जताई है। सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ शाह की विवादित टिप्पणी के मामले की शुक्रवार को शीर्ष कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच ने कहा, 19 जनवरी को मध्य प्रदेश सरकार को दो सप्ताह में मंत्री विजय शाह के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी देनी थी। सीजेआई सूर्यकांत ने कहा, अब बस हमारे आदेश का पालन करें… बहुत हो चुका। सीजेआई सूर्यकांत की बेंच ने ये कह कर मध्य प्रदेश की सरकार को चार हफ्ते में अपनी रिपोर्ट को सुप्रीम कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए। इसके साथ ही कोर्ट ने सुनवाई अगली तिथि तक टाल दी।

कुछ और सुर्खियां:

  • गिरिडीह के निमियाघाट थाना क्षेत्र में बाइक को टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक ने बाजार में 30 को कुचला, पांच मरे
  • होर्मुज में भारतीय जहाज डूबा, एक भारतीय नाविक अल्ताफ तलब केर की मौत
  • बिहार में बीएड के लिए एडमिशन टेस्ट 7 जून को
  • अमेरिकी कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 10% का ग्लोबल टैरिफ के आदेश को गैर कानूनी बात रद्द किया
  • औरंगाबाद जिले के मदनपुर में गोली लगने से रिकवरी एजेंट राजेंद्र पासवान की मौत, गार्ड अभय कुमार सिंह की बंदूक से चली थी गोली

अनछपी: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की खुल्लम खुल्ला धांधली के आरोप लगने के बाद ममता बनर्जी मुख्यमंत्री नहीं रहीं तो इसके विश्लेषण में यह भी कहा गया कि अब वहां का इस्लामीकरण रुकेगा। ऐसा कहने वाले भारत सरकार से पुरस्कृत पत्रकार भी हैं और अंतरराष्ट्रीय ख्याति वाले संस्थानों में काम से अर्जित प्रतिष्ठा को खुद ही धूल धूसरित करने वाले पत्रकार भी। ऐसे में नुसरत जहां रूही की याद आती है जो उसी “पिशाचिनी” (यह वरिष्ठ पत्रकार की भाषा है) ममता बनर्जी की पार्टी की सांसद थीं। उन्हें आप दुर्गा पूजा में पूजा और धुनुची नृत्य करते हुए देख सकते थे। उन्होंने वैसे शादी तो किसी निखिल जैन से की लेकिन बताया गया कि बेटा पैदा किया यश दासगुप्ता से। यह नहीं पता कि जैन से शादी का क्या हुआ। तो ऐसे हो रहा था बंगाल का इस्लामीकरण!

एक और बात। ममता बनर्जी लाखों पूजा पंडालों को सरकारी मदद देती थीं। अनगिनत दुर्गा आंगन बनवाए। छठ पूजा की छुट्टी दो दिन करवाई। इमामों के साथ पुजारियों को वेतन भी, लेकिन वह अलग कहानी है। 

तो यह इस्लामीकरण की घृणित और मिथ्या कहानी क्यों गढ़ी गई? ताकि चुनाव आयोग की धांधली ढंकी जा सके। क्योंकि हिंदुत्व के खेल को ममता अपने सॉफ्ट हिंदुत्व से मात दे रही थीं और हिंदी व हिंदुत्ववादी मीडिया को माहौल बनाने में दिक़्क़त हो रही थी। यह नफरती पत्रकारों का गैंग दरअसल हिंदी पट्टी में ममता के लिए नफरत फैलाने के लिए इस्लाम का नाम लेना जरूरी समझता है, इसलिए वह हर तरह का झूठ परोसता है। यह नफरती गैंग आपको यह याद नहीं दिलाएगा कि आज जिसे शुभ शुभ बता रहे बस दो चुनाव पहले उनके सम्राट उसे घूसखोर बता रहे थे और कह रहे थे कि आपने उस शुभ को घूस लेते टीवी पर देखा होगा जिसका वीडियो उनकी ही पार्टी ने जारी किया था जिसे नीतीश कुमार ने बड़का झुट्ठा कहा था। इसलिए कुछ इंद्रनामी पूर्व पत्रकारों से सावधान रहिए।

 122 total views

Share Now

Leave a Reply