छपी-अनछपी: पीयू स्टूडेंट्स यूनियन में जदयू का जलवा, तारकिशोर व रेणु ने नहीं खाली किया मकान, लगा जुर्माना

बिहार लोग संवाद डॉट नेट, पटना। लंबे अंतराल और कभी-कभार होने वाले छात्रसंघ के चुनाव में छात्र जनता दल यूनाइटेड ने बाजी मारी है। तीन साल के अंतराल के बाद यह चुनाव पटना यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन के लिए शनिवार को हुआ और उसी दिन रिज़ल्ट भी आया। यह खबर आज सभी जगह छाई हुई है। बिहार के दो पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के तार किशोर प्रसाद व रेणु देवी को सरकारी मकान खाली नहीं करने के कारण जुर्माने की नोटिस दी गई है। यह खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से दी गई है।
हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर है: पी यू छात्र संघ चुनाव में छात्र जदयू का परचम। प्रभात खबर की सबसे बड़ी सुर्खी  है: पीयू छात्र संघ चुनाव में भारी हिंसा।पटना विवि छात्र संघ चुनाव के सेंट्रल पैनल में छात्र जदयू का दबदबा रहा। अध्यक्ष सहित चार पदों पर छात्र जदयू ने जीत दर्ज की है। छात्र जदयू के आनंद मोहन ने अध्यक्ष पद के कड़े मुकाबले में एनएसयूआई के शाश्वत शेखर को हराया। वहीं, संयुक्त सचिव पर छात्र जदयू की संध्या कुमारी ने जीत दर्ज की है। कोषाध्यक्ष पद पर जदयू के रविकांत ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अभाविप के वैभव को कड़े मुकाबले में हराया। रविकांत को 4006 मत मिले, जबकि वैभव को 3042 मत। महासचिव पद पर विद्यार्थी परिषद के विपुल की जीत लगभग तय मानी जा रही है। निर्दलीय उम्मीदवार मुदब्बिर उन्हें अंत तक कड़ी चुनौती देते रहे। उपाध्यक्ष पद पर छात्र जदयू के विक्रमादित्य ने जीत दर्ज की है। उन्होंने एबीवीपी की प्रतिभा को शिकस्त दी। वोटिंग और गिनती के दौरान पटना कॉलेज और आर्ट कॉलेज में मारपीट और बमबाजी भी हुई।

तारकिशोर व रेणु पर जुर्माना
भास्कर की सबसे बड़ी खबर है: तारकिशोर व रेणु पर 30 गुना जुर्माना, 46 दिन का किराया 3.63 लाख लगेगा।
भवन निर्माण विभाग ने पद से हटने या स्थानांतरित होने के बाद भी एक माह से अधिक समय से सरकारी आवास में रह रहे पूर्व मंत्रियों व सरकारी अधिकारियों को नोटिस भेजा है। एक दर्जन से अधिक आवंटियों को नोटिस भेजा गया है। वहीं, अन्यत्र आवास आवंटित करने के बावजूद पुराने को नहीं छोड़ने वाले कई पूर्व मंत्रियों पर जुर्माना लगाया गया है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी व तारकिशोर प्रसाद, पूर्व मंत्री जीवेश कुमार व आलोक रंजन, मुकेश सहनी सहित अन्य को नोटिस भेजा भेजते हुए जुर्माना लगाया गया है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है और विशेष परिस्थिति में आवेदन मिलने पर सक्षम प्राधिकार उन्हें जुर्माना से मुक्त करने पर विचार कर सकता है। तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी ने कहा है कि उन्हें जो नया मकान दिया गया है उसमें सुविधाओं की कमी है, इसलिए वे वहां नहीं गए।

जागरण की पहली खबर है: आतंकी फंडिंग के खिलाफ वैश्विक लड़ाई का केंद्र बनेगा भारत: शाह। उन्होंने यह बात ‘नो मनी फॉर टेरर’ पर नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन भाषण में कही।

फीफा विश्व कप कतर 2022

क़तर में फुटबॉल के सबसे बड़े आयोजन फीफा विश्व कप कतर 2022 का रविवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ आगाज होगा। समारोह भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा। यह खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से छपी है। हिंदुस्तान की हेडिंग है पत्र में शुरू होगा गोल-गोल का शोर। इस विश्वकप में 8 स्टेडियमों में 32 टीमें 29 दिन तक 64 मैच खेलेंगी। इसमें 831 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।

सीओ की कारस्तानी, फर्जी ऑफिस
पटना से सटे संपतचक के सीओ ने कंकड़बाग के मुन्नाचक में अपना निजी कार्यालय खोल रखा था। यह खबर हिन्दुस्तान और भास्कर में प्रमुखता से छपी है। इस निजी ऑफिस से एक दलाल को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य सरकारी कर्मचारी से भी इस मामले में पूछताछ चल रही है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर पटना सदर एसडीओ ने छापेमारी कर मकान से कई सरकारी दस्तावेज के साथ-साथ कंप्यूटर और लैपटॉप आदि जब्त किये। इस मामले में पत्रकारनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

भाषा भेद से ऊपर उठने की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित काशी तमिल संगमम् के उद्घाटन के बाद जनसभा में भावनात्मक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। हिन्दुस्तान ने लिखा है कि प्रधानमंत्री ने किया कि भाषा भेद से ऊपर उठना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने बीएचयू के एम्फीथिएटर मैदान में महीने भर चलने वाले काशी तमिल संगमम् में हिस्सा लिया।

अपराध अनुसंधान के लिए बहाल होंगे वैज्ञानिक
जागरण ने पहले पेज पर खबर दी है प्रदेश में अपराध अनुसंधान के लिए बहाल होंगे 100 वैज्ञानिक। अपराध अनुसंधान के गहराइयों को जांचने के लिए वरीय वैज्ञानिक सहायक की नियुक्ति होगी इसके लिए अपराध अनुसंधान विभाग ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला में वरीय वैज्ञानिक सहायक की नियुक्ति के लिए बिहार कर्मचारी सेवा आयोग को अनुरोध भेजा है। इसके लिए 22 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होगा।

इमारत शरिया खोलेगी स्कूल
फुलवारी शरीफ स्थित इमारत शरिया ने अपने 2023 के बजट में 5 सीबीएसई स्कूल और जमशेदपुर में एक अस्पताल खोलने के साथ ही 10 करोड़ रुपये सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य पर खर्च करने की बात कही है। जागरण ने इस बारे में बताया है कि बजट बैठक के पहले अमीरे शरियत हजरत मौलाना अहमद वली फैसल रहमानी का संबोधन भी हुआ। उन्होंने देश में फैल रही नफरत को खत्म करने पर विशेष बल दिया।

मशहूर अभिनेत्री तबस्सुम का निधन

मशहूर अभिनेत्री तबस्सुम के निधन की खबर भी सभी अखबारों में है। मुंबई में उनका शुक्रवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 78 वर्ष की थीं। शनिवार शाम उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे होशांग गोविल ने यह जानकारी दी। तबस्सुम ने दूरदर्शन के पहले टॉक शो ‘फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन’ से ख्याति पाई। इस शो में वह सिनेमा जगत से जुड़े दिग्गजों से खास बातचीत करती थीं। तबस्सुम की शादी रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल के भाई विजय गोविल से हुई थी। शादी से पहले के दस्तावेज में तबस्सुम का आधिकारिक नाम किरण बाला सचदेव दर्ज है।

99% की हाज़िरी 75% से कम
भास्कर की एक प्रमुख खबर है जेपी विवि: 75% अटेंडेंस नहीं 99 प्रतिशत पीजी छात्र नहीं भर सके है परीक्षा का फॉर्म। छपरा की जयप्रकाश यूनिवर्सिटी से संबंधित खबर में बताया गया है कि पीजी फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा का फॉर्म भरने से 99 फीसद छात्र छात्राएं वंचित रह गए हैं। महज 8-10 छात्रों की उपस्थिति 75% हो सकी है। लिहाजा उनको फॉर्म भरने दिया गया, बाकी पर रोक लगा दी गयी। इसके बाद शनिवार को वंचित छात्रों ने हंगामा किया। कुलपति परीक्षा नियंत्रक को काफी देर तक रोके रखा। 2 घंटे तक बवाल चला। नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप था कि 75% उपस्थिति की शर्त पूरी नहीं करने वाले छात्रों का भी इंटरनल एग्जाम लिया गया। छात्रों का कहना था कि जब विभाग के पास क्लास रूम ही नहीं है तो विभाग के छात्र छात्रा आखिर कहाँ पढ़ेंगे?

 588 total views

Share Now

Leave a Reply