छ्पी-अनछपी: ‘गरीब बिहार’ के 32 मंत्री करोड़पति, पंजाब सरकार के मंत्री गिफ्तार 

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। गरीब बताए जाने वाले बिहार के नवनियुक्त 35 मंत्रियों में 32 करोड़पति हैं। ईडी ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया है। ईरान और अमेरिका के बीच अगले सप्ताह पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में नयी वार्ता हो सकती है। आइआइटी पटना में शनिवार की सुबह करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार सरकार के 10 मंत्री मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अधिक अमीर हैं। सीएम सहित 35 मंत्रियों में 32 करोड़पति हैं। केवल तीन ही मंत्री लखपति हैं। सबसे अधिक धनी भाजपा कोटे की पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद हैं जबकि सबसे कम संपत्ति वाले लोजपा आर कोटे के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास 6.38 करोड़ की संपत्ति है। महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों से तीन गुना अधिक है। सरकार में पांच महिला मंत्री हैं। इनकी औसत संपत्ति 16 करोड़ से अधिक है। वहीं पुरुष मंत्रियों की औसत संपत्ति 4.68 करोड़ है। आंकड़ों के अनुसार, शीर्ष पांच स्थान पर रहे मंत्रियों के पास मंत्रिमंडल की कुल संपत्ति का 46 फीसदी है। सभी मंत्रियों की कुल संपत्ति 220.89 करोड़ है। पांच शीर्ष मंत्रियों के पास 102 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। जबकि पांच सबसे गरीब मंत्रियों के पास सिर्फ 3 करोड़ 63 लाख की संपत्ति है।

सबसे अमीर रमा निषाद

सबसे अधिक अमीर मंत्री रमा निषाद के पास 31.86 करोड़ की संपत्ति है। दूसरे स्थान पर डॉ. श्वेता गुप्ता हैं, जिनके पास 29.24 करोड़ की संपत्ति है। तीसरे स्थान पर अशोक चौधरी हैं, जिनके पास 22.39 करोड़ की संपत्ति है। अन्य मंत्रियों में शीला कुमारी के पास 9.50 करोड़, डॉ. दिलीप जायसवाल के पास 9.33 करोड़, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के पास 9.25 करोड़, विजय कुमार सिन्हा के पास 8.81 करोड़, श्रेयसी सिंह की 7.62 करोड़ तो दामदोर रावत के पास 6.70 करोड़ की संपत्ति है। कुमार शैलेन्द्र के पास 6.68 करोड़ संपत्ति है।

पंजाब के मंत्री गिरफ्तार

भास्कर के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। अरोड़ा व उनसे जुड़ी संस्थाओं पर दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के केस में ये कार्रवाई की गई। ईडी ने शनिवार सुबह अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी निवास सहित दिल्ली-गुरुग्राम में 5 जगह छापे मारे थे। अधिकारियों के अनुसार 62 वर्षीय अरोड़ा जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। उन्हें अब दिल्ली ले जाया जाएगा। दिल्ली के दो परिसरों और गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के परिसर में भी तलाशी ली गई। सूत्रों के अनुसार, मामला 100 करोड़ रु. से अधिक के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी बिल और अवैध धन को दुबई से भारत में ‘राउंड ट्रिप’ कराने के लिए किए निर्यात से जुड़ा है। 

अगले हफ्ते हो सकती है ईरान-अमेरिका वार्ता

प्रभात खबर के अनुसार मध्य पूर्व में लगातार बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंकाओं के बीच अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी सीजफायर को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गयी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान जल्द ही अमेरिकी प्रस्ताव पर अपना जवाब दे सकता है. इसी बीच अमेरिकी मीडिया में दावा किया गया है कि दोनों देशों के बीच अगले सप्ताह पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में नयी वार्ता हो सकती है. अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिका और ईरान एक 14 सूत्रीय मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) के मसौदे पर काम कर रहे हैं. इस मसौदे का मकसद युद्ध रोकने और आगे एक महीने तक चलने वाली शांति वार्ता की रूपरेखा तैयार करना है. रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्ताव में ईरान के परमाणु कार्यक्रम, होमुंज में तनाव कम करने और हाईली एनरिच्ड यूरेनियम को किसी तीसरे देश भेजना जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं। 

पश्चिम बंगाल में पहली बार भगवा सरकार

प्रभात ख़बर के अनुसार पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया. प्रचंड जनमत और ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प के साथ शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के नये मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर आयोजित ऐतिहासिक समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें शपथ दिलाई. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे. प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर नतमस्तक होकर बंगाल की जनता के जनादेश का अभिनंदन किया, जिसे देख पूरा मैदान ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा. विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को उखाड़ फेंका है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक शामिल हैं.

टीवीके ने जुटाए 121 विधायक, आज विजय की शपथ

मतगणना के छह दिन बाद तमिलनाडु में विजय के शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है. दो विधायकों वाले वीसीके के बाद शनिवार को डीएमके के एक और सहयोगी आइयूएमएल ने भी दो विधायकों के साथ टीवीके को बिना शर्त समर्थन दे दिया. वीसीके फिलहाल समर्थन देगी. इसके साथ ही टीवीके को पांच दलों कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीसीके व आइयूएमएल के कुल 13 विधायकों का समर्थन मिल गया है. अभिनेता से राजनेता बने विजय की दो सीटों के साथ टीवीके के पास 108 सीटें हैं. जिसमें से एक सीट विजय को छोड़नी होगी. इस तरह, टीवीके के पास संख्या बल 120 हो गया, जो बहुमत के लिए आवश्यक 118 सीटों से दो अधिक विजय रविवार को सुबह 10 बजे राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.

पटना आईआईटी के छात्र को कैंपस में खेलते वक़्त लगा करंट, मौत

जागरण के अनुसार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) पटना में शनिवार की सुबह करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई। छात्र की पहचान हैदराबाद (तेलंगाना) के सदासिवुनी हर्षित पटनायक के रूप में हुई है। वह विदाई समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई से यहां आया था। डूअल डिग्री कोर्स का विद्यार्थी होने के कारण साढ़े तीन वर्ष आइआइटी पटना में पूरा होने के बाद अंतिम डेढ़ वर्ष की पढ़ाई आइआइएम मुंबई में कर रहा था। आइआइटी पटना प्रशासन के अनुसार छात्रावास के बैडमिंटन कोर्ट में शनिवार की सुबह छह बजे के आसपास क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान बैडमिंटन पोल के संपर्क में आ गया। गेंद पकड़ने के दौरान पोल में सटने से उसे तेज झटका लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। गिरने से उसका सिर भी फट गया था। उसे तुरंत नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कालेज व अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदासिबुनी हर्षित पट‌नायक सत्र 2022-27 का छात्र था। घटना से सहपाठी काफी मर्माहत हैं। बताया जाता है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। 

कुछ और सुर्खियां:

  • दफ्तर में घुसकर अपराधियों की गोली के शिकार हुए भागलपुर की सुल्तानगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार उर्फ गुड्डू की मौत
  • गया से आगे गुरपा-गझंडी के बीच टनल में सुपर ब्रेक वाइंडिंग में आग लगने से मालगाड़ी फंसी, वंदे भारत रुकी
  • पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में फतेह मोहम्मद गांव में घर में आग लगने से तीन लोगों की मौत
  • बिहार का पहला न्यूक्लियर पावर प्लांट बांका में लगेगा, 5 महीने में बनेगी डीपीआर

अनछपी: यह बात इत्तेफाक हो सकती है कि जिस दिन पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु अधिकारी शपथ ले रहे थे, उसी दिन ईडी पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के एक मंत्री को गिरफ्तार कर रही थी। पंजाब के मंत्री की गिरफ्तारी के पहले शुभेंदु अधिकारी का नाम लेने की वजह यह है कि यह वही नेता हैं जिनके बारे में भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार और घूसखोरी के गंभीर आरोप लगा चुकी है। दो दिन से वह वीडियो फिर गर्दिश कर रहा है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभेंदु अधिकारी की ओर इशारा करते हुए उनपर घूसखोरी का आरोप लगाते हुए देखा जा सकता है। उस वीडियो में भारतीय जनता पार्टी के उस वक्त लगाए गए आरोप के अनुसार वह घूस लेते हुए देखे जा रहे हैं। फिर, दुनिया जानती है कि शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी की टीएमसी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और उसके बाद घूसखोरी के उस आरोप की सीबीआई जांच का क्या हुआ किसी को नहीं मालूम। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी एक इंटरव्यू है जिसमें वह सीबीआई जांच को कोर्ट का फैसला बता रहे हैं लेकिन कोर्ट भी इस मामले पर कुछ नहीं कर सका। यह कहानी बताने का मकसद यह है कि जब भी मोदी सरकार का इतिहास लिखा जाएगा तो यह बात याद की जाएगी कि कैसे विपक्ष के नेताओं को पहले भ्रष्टाचार का आरोपी बनाया जाता था और फिर उन्हें भारतीय जनता पार्टी में शामिल किया जाता था जिसे आजकल के शब्दों में भारतीय जनता पार्टी की वाशिंग मशीन कहा जाता है। आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं पर भारतीय जनता पार्टी गंभीर आरोप लगा चुकी थी और वैसे नेता भारतीय जनता पार्टी पर भी गंभीर आरोप लगाते थे लेकिन फिर मामला शुभेंदु अधिकारी जैसा ही हो गया। इसमें ताजा नाम राघव चड्ढा का जुटा जिनके साथ कुछ और सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली और अब वह तमाम आरोप खत्म हो गए। राघव चड्ढा के इस एपिसोड के बाद आमतौर पर यह कहा जा रहा है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी भारतीय जनता पार्टी की नजर है और वह साम दाम दंड भेद के जरिए वहां कब्जा करना चाहती है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए अगर आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के मंत्री की गिरफ्तारी को देखा जाए तो यह कहा जा सकता है कि या तो वह जेल में सड़ेंगे या अगर भारतीय जनता पार्टी का साथ देने का फैसला करते हैं तो उन्हें भी किसी न किसी दिन शुभेंदु अधिकारी जैसा अधिकार मिल जाएगा। 

 80 total views

Share Now

Leave a Reply