छ्पी-अनछपी: अमेरिका-ईरान हमले रोकने पर राजी, छपरा में बाप-बेटे के मर्डर के गवाह का भी मर्डर

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिका और ईरान बातचीत जारी रहने तक एक-दूसरे पर सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे। छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बदमाशों ने अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के प्रमुख गवाह पंकज राय की गोली मारकर हत्या कर दी। पाकिस्तान से ट्रैक टू बातचीत से सरकार ने किसी संबंध से इंकार किया। 

और, जानिएगा कि सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग के लिए रेट ₹6-7 लाख।

पहली ख़बर 

प्रभात ख़बर के अनुसार स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर हाल के दिनों में अमेरिका-ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद अब दोनों देशों ने टकराव कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. ताजा समझौते के तहत दोनों पक्ष बातचीत जारी रहने तक एक-दूसरे पर सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे. इसके साथ ही दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज से व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही भी सामान्य रूप से जारी रहेगी. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देश मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में आमने-सामने बैठेंगे. इस हाई लेवल बैठक का उद्देश्य हालिया संघर्ष के बाद बने नाजुक शांति समझौते को बचाना है. वहीं, ईरान के वरिष्ठ वार्ताकार ने वार्ता के दावे को खारिज किया है.

खामेनेई के अंतिम संस्कार में जाएंगे बिहार के राज्यपाल

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल हसनैन शामिल होंगे। वे तीन जुलाई को तेहरान के लिए रवाना होंगे। लेफ्टिनेंट जनरल (से.) सय्यद अता इस संबंध में पीएमओ ने खामेनेई के राजकीय संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए बिहार के राज्यपाल को पत्र भेजा है। पीएमओ के उप सचिव के हस्ताक्षर से बिहार लोक भवन को पत्र प्राप्त हुआ है। बिहार लोकभवन ने इसकी पुष्टि की है।

छपरा में बाप-बेटे के मर्डर के गवाह का भी मर्डर

छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों ने अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के प्रमुख गवाह पंकज राय की गोली मारकर हत्या कर दी। इसमें उनके छोटे भाई मनीष कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर उस समय हुई, जब दोनों भाई एक तिलक समारोह से लौटकर घर जा रहे थे। घर से करीब 300 मीटर पहले बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़‌तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्वजन के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दोनों भाइयों को निशाना बनाया। गोली पंकज राय के सिर में लगी, जबकि मनीष कुमार राय के कान के समीप गोली लगी। गोली लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल छपरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पंकज राय को मृत घोषित कर दिया। 

पाकिस्तान से ट्रैक टू बातचीत से सरकार को सरोकार नहीं 

जागरण के अनुसार  विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सोमवार को कहा कि भारत-पाकिस्तान संबंधों पर विदेश में अपनी निजी हैसियत से बातचीत करने वाले पूर्व राजनयिकों और सैन्य अधिकारियों के साथ सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। नई दिल्ली ऐसी चर्चाओं पर ध्यान भी नहीं देती है। दुनियाभर में कई जगहों पर अलग-अलग विषयों पर ऐसे दर्जनों कार्यक्रम होते रहते हैं। इनमें कुछ भी आधिकारिक नहीं है। मिसरी ने यह टिप्पणी उन खबरों पर की, जिनमें कहा गया था कि पिछले सप्ताह कोलंबो में क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन से इतर भारत और पाकिस्तान के विशेषज्ञों ने ट्रैक 2 बातचीत में हिस्सा लिया था। सेशेल्स के विक्टोरिया में मीडिया से बात करते हुए विदेश सचिव ने कहा- मैं पाकिस्तान सरकार की ओर से तो नहीं बोल सकता। 

मुंबई से दरभंगा पहुंचे विमान का टायर रनवे पर फटा

दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया. मुंबई से दरभंगा आये स्पाइसजेट के विमान का टायर लैंडिंग के दौरान फट गया. इससे विमान रन-वे पर घिसटता रहा. इस दौरान विमान में बैठे यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि, पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. बताया गया कि विमान सुबह करीब 10 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर उतर रहा था, उसी दौरान टायर फट गया. लैंडिंग के बाद विमान का पहिया रन-वे पर घिसटने लगा. हालांकि, पायलट ने विमान को सुरक्षित तरीके से रन-वे पर रोक लिया. एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मियों और ग्राउंड स्टाफ ने तत्काल मोर्चा संभाला. यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया।

बंगाल में ओबीसी रिज़र्वेशन में बड़ा बदलाव

हिन्दुस्तान के अनुसार पश्चिम बंगाल में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण का ढांचा बदल गया है। राज्य सरकार की ओर से सोमवार को विधानसभा में ओबीसी आरक्षण के संशोधन से जुड़े दो अहम विधेयक पारित हो गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री गौरीशंकर घोष ने सदन में विधेयक पेश करते हुए कहा कि सरकार कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार काम कर रही है। पहला विधेयक तृणमूल कांग्रेस सरकार के ओबीसी आरक्षण से जुड़े 2012 के कानून में संशोधन करता है, जबकि दूसरा पश्चिम बंगाल पिछड़ा वर्ग आयोग से जुड़े 1993 के कानून में बदलाव करता है। घोष ने बताया, ‘हमने उन 113 समुदायों को सूची से हटा दिया है, जिन्हें बिना सर्वेक्षण शामिल किया गया था। सर्वेक्षण के बाद शामिल किए गए 66 समुदाय सूची में बने रहेंगे।’ उन्होंने बताया कि आयोग की जांच और सिफारिश के बाद ही अब किसी समुदाय को आरक्षण सूची में शामिल करने पर सरकार विचार करेगी। 186 विधायकों ने बिलों के पक्ष में, जबकि 17 ने खिलाफ वोट दिया। छह सदस्य मतदान से दूर रहे। मतदान से पहले ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के टीएमसी विधायकों ने वॉकआउट किया, जबकि ममता बनर्जी समर्थक विधायकों ने विरोध में मतदान किया। 

सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग की इंतिहा

भास्कर के अनुसार बिहार पुलिस रेडियो में 993 सिपाही पदों की भर्ती के लिए रविवार को हुई लिखित परीक्षा में पेपर लीक की बड़ी साजिश का खुकुासा हुआ। खगड़िया और सहरसा ने कार्रवाई कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक केंद्राधीक्षक, दो शिक्षक, सॉल्वर और अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा माफियाओं ने खगड़िया के सेंट जेवियर स्कूल के केंद्राधीक्षक ब्रजेश कुमार, सीएस हाईस्कूल के शिक्षक सुजीत कुमार और एमएस कन्या यूएचएच मारड़ के शिक्षक अरविंद कुमार से सेटिंग की थी। योजना थी कि केंद्र पर गैरहाजिर अभ्यर्थी के प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर बाहर भेजी जाएगी। सॉल्वर उत्तर तैयार कर केंद्राधीक्षक के माध्यम से शिक्षक या वीक्षक तक पहुंचाएंगे। परीक्षा खत्म होने के बाद 10-15 मिनट में ओएमआर भरवाई जाएगी। अभ्यर्थियों से कहा गया था कि केवल उन्हीं प्रश्नों के गोले भरने हैं, जिनके उत्तर पूरी तरह सही हों। प्रत्येक अभ्यर्थी से 6-7 लाख रुपए में डील हुई थी। 

कुछ और सुर्खियां:

  • बेगूसराय में न 31 पर गलत लेने में गाड़ी के आने से दो स्कॉर्पियो कार की टक्कर में चार की मौत
  • पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के का चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बक्सर के अपराधी कृष्ण सिंह पर ₹50000 का इनाम घोषित
  • एम्स पटना में मरीजों की सुविधा के लिए सभी रजिस्ट्रेशन और बिलिंग कंट्रोल पर डिजिटल पेमेंट शुरू
  • बिहार के 479 फूलों की भार क्षमता का आकलन होगा
  • पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी 5 जुलाई के बाद सरकारी आवास खाली करेंगे

अनछपी: बिहार में सरकर की तरफ से बिना तैयारी बड़ी-बड़ी घोषणाएं करना कोई अचरज की बात नहीं मानी जाति लेकिन इससे यह साबित होता है की पढ़ाई के मामले में भी सरकर का रवैया कितना प्रचारवादी और लचर है। ताज़ा मामला उन नए बनने वाले 211 डिग्री कॉलेजों का है जहां 1 जुलाई से पढ़ाई शुरू होनी थी। अब ख़बर आई है कि इन नवसृजित डिग्री कॉलेजों में तैयारी पूरी नहीं होने के कारण अभी पढ़ाई शुरू नहीं हो पाएगी। यह बात अब कही जा रही कि कॉलेजों के संचालन में कई तरह की समस्याएं हैं लेकिन सच्चाई यह है कि यह बात पहले से सबको पता थी कि ऐसी समस्याएं होने वाली हैं। अब कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री की सहमति के बाद नई तारीख तय होगी। इन कॉलेजों के लिए बिल्डिंग कैसे मिलेगी और शिक्षक कैसे भर्ती किए जाएंगे, इन सब बातों की कोई तैयारी रहती तो आज यह नौबत नहीं आती। वैसे एक सच्चाई यह भी है कि जिन प्रखंडों में पहले से डिग्री कॉलेज है वहां भी पढ़ाई की कोई अच्छी स्थिति नहीं है। चूंकि नेता को प्रचार से मतलब रहता है इसलिए वह इस बात पर ध्यान नहीं देते कि पहले से चल रहे कॉलेज में पढ़ाई को कैसे सुधारा जाए। प्रचार की इस भूख का ही नतीजा है कि सरकार की ओर से नए कॉलेज खोलने किया ऐलान तो कर दिया गया लेकिन इसके लिए कोई तैयारी सामने नहीं आई। शिक्षा विभाग कह सकता है कि उसने कोशिश की लेकिन इसमें क्या शक है कि यह कोशिश बिल्कुल नाकाफी थी। इसलिए नेताओं की हवा हवाई घोषणाएं दरअसल हमारी युवा पीढ़ी के लिए एक धोखा ही है, उन्हें इसका ध्यान रखते हुए अपनी अलग तैयारी करनी चाहिए। 

 48 total views

Share Now

Leave a Reply