छ्पी-अनछपी: छात्रा से दरिंदगी का गुंडा गिरफ्तार, कोर्ट बोला- वंदे मातरम न गाना अपराध नहीं

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ सरेराह दरिंदगी और शर्मनाक हरकत के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके साथी हरेराम यादव को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर कोई धार्मिक या अन्य कारण से वंदे मातरम नहीं गाता तो यह अपराध नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को शर्तें नहीं मानने की स्थिति में नर्क बनाने का धमकी दी है। 

और, सुप्रीम कोर्ट इस बात पर हैरत में कि कैंसर की दवा रिटेलर के लिए 2700, मरीजों को मिलती है 27 हज़ार रुपये में। 

पहली ख़बर

जमुई से जागरण की खबर है कि मंडवा पहाड़ के पास बीच सड़क पर छात्रा से छेड़खानी करने वाले मनचले नंदन यादव को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार की सुबह मुख्य आरोपित नंदन यादव व हरेराम यादव के प्रतापपुर सीमा पर छिपे होने की सूचना के बाद पुलिस दोनों को दबोचने का प्रयास कर रही थी। प्रतापपुर गांव के बाहर किया गया। दोनों सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर गांव के निवासी हैं। इस मामले में अब तक पांच आरोपित पकड़े जा चुके हैं, जिनमें तीन नाबालिग सोमवार को ही पकड़े गए थे। नदी के समीप से इन्हें गिरफ्तार किया गया। 

दोनों सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर गांव के निवासी हैं। इस मामले में अब तक पांच आरोपित पकड़े जा चुके हैं, जिनमें तीन नाबालिग सोमवार को ही पकड़े गए थे।

जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली कि मुख्य आरोपित नंदन यादव और हरेराम यादव प्रतापपुर गांव के पास झाड़ियों में छिपे हैं। एसआइटी की घेराबंदी के दौरान हरेराम भागने की कोशिश में गिर गया, जिसमें उसका दायां पैर टूट गया। उसकी निशानदेही पर तलाशी अभियान के क्रम में पुलिस को देख नंदन ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दायें पैर में गोली लगी। प्रसारित वीडियो में नंदन यादव ही लड़की को अगवा करने की कोशिश करता दिख रहा था।

मुजफ्फरपुर के अस्पताल से युवती को अगवा कर दुष्कर्म

हिन्दुस्तान के अनुसार एसकेएमसीएच में मरीज के साथ आई सीतामढ़ी की युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती को अगवा कर मोतिहारी ले जाकर एक किराए के मकान में बंधक बना उसके साथ गलत हरकत की गई। पुलिस ने आरोपित सोनू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वह केसरिया का है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 20 सितंबर को एसकेएमसीएच ओपी में पीड़िता के पिता ने पुत्री के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इसके बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने मामले की जांच को विशेष टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज में 19 सितंबर को मोतिहारी से टीबी के इलाज के लिए आए सोनू सिंह द्वारा युवती को बहला फैसला कर अपने साथ ले जाते दिखा।

बेगूसराय में किशोरी से दुष्कर्म

बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के एक गांव में गाय चराने के दौरान एक अधेड़ द्वारा एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और उसके फर्द बयान के आधार पर आरोपी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। 

वंदे मातरम नहीं गाना अपराध नहीं: कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार से कहा कि अंतरआत्मा या धार्मिक कारणों से ‘वंदे मातरम्’ नहीं गाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कोई आपराधिक कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। कोर्ट ने वंदे मातरम् के सभी छंदों को गाने को अनिवार्य बनाने के लिए कानून में किए गए संशोधन की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की।

याचिका में वंदे मातरम् के बारे में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा निर्देशों की वैधता को भी चुनौती दी गई है। न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ ने कर्नाटक के संगीतकार और लेखक टी. एम. कृष्णा कि आज का पर केंद्र को दो सप्ताह में जवाब दाखिल करने को कहा है।

 

ईरान को शर्तें नहीं मानने की स्थिति में नर्क बनाने का धमकी

प्रभात खबर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित उकया. उन्होंने कहा है कि ईरान कभी भी परमाणु बम नहीं बना पायेगा. ईरान पर अपनी नीतियां स्पष्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि क्या ईरान के साथ कोई ऐसा समझौता होगा, जिससे वे पहले से कहीं बेहतर देश बना सकें, या फिर मैं इस्लामिक रिपब्लिक को पूरी तरह से विनाश कर दूं? ईरान को धमकी देते हुए कहा कि समझौती करो, वरना तबाह कर देंगे. हालांकि ट्रंप ने भरोसा जताते हुए कहा कि मुझे यकीन है कि चुनाव के ठीक बाद हम कोई समझौता कर लेंगे. उन्होंने सभी देशों से अपील की है कि वे ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने में अमेरिका का साथ दें.

ईरानी एयरलाइंस पर दुनिया भर में बैन लगाने की अमेरिका की दादागिरी

अमेरिका ने ईरान के विमानन क्षेत्र के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई का एलान किया है. अमेरिका ने ईरानी एयरलाइंस को दुनिया भर में संचालित होने से रोकने के लिए 23 सितंबर से कड़े प्रतिबंध लागू करने की चेतावनी दी है. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के मुताबिक, किसी भी विदेशी एयरपोर्ट ने ईरानी विमान को ईंधन, लैंडिंग सुविधा या टिकट बिक्री जैसी सेवाएं दीं तो संबंधित कंपनी या संस्था को अमेरिकी डॉलर आधारित वित्तीय व्यवस्था से बाहर किया जा सकता है. यानी निशाना सिर्फ ईरानी एयरलाइंस नहीं, बल्कि उनका पूरा अंतरराष्ट्रीय सपोर्ट नेटवर्क है. वाशिंगटन का आरोप है कि ईरान का विमानन नेटवर्क केवल यात्रियों को ढोने तक सीमित नहीं है. अमेरिकी ट्रेजरी ने आठ सितंबर को 36 संस्थाओं और कंपनियों पर कार्रवाई करते हुए आरोप लगाया था कि ईरानी विमानन क्षेत्र का इस्तेमाल हथियारों, लोगों और प्रतिबंधित सामान की आवाजाही के लिए किया जाता है.  

कैंसर की दवा रिटेलर के लिए 2700, मरीजों को मिलती है 27 हज़ार में 

हिन्दुस्तान के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कैंसर की जरूरी दवाओं की कई गुना अधिक कीमत वसूले जाने पर हैरानी जताई। कोर्ट ने इसे मरीजों के साथ ‘दिनदहाड़े डकैती’ करार दिया। शीर्ष अदालत ने कहा कि यह देखकर हम अचंभित हैं कि एक दवा की एमआरपी 27,000 रुपये थी, जबकि रिटेलर्स को यह 2,700 रुपये में मिल रही है।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने उन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की, जिनमें दवाओं की कीमतों पर नियंत्रित करने के लिए सरकार से आदेश जारी करने की मांग की गई है। जस्टिस नाथ ने कहा कि कैंसर की एक ज़रूरी दवा 10 गुना अधिक कीमत पर बाजार में बिक रही है। यह जबरन ‘वसूली नहीं है, तो और क्या है? लोग इलाज के लिए अपने मकान और गहने तक बेच देते हैं।

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार की आठ सहित कुल 28 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव 23 अक्टूबर को, वोटों की गिनती 27 को
  • शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई 4 के 32388 सीटों के लिए 25 सितंबर से आवेदन
  • पटना में भारत के पहले विक्टिम राइट्स सेंटर का उद्घाटन करने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया आएंगे
  • सुसाइड की घटना के बाद आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टलों से सीलिंग फैन हटाए गए

अनछपी: जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ की गई बर्बर हरकत के बाद राज्य सरकार इस बात पर संतोष जता सकती है कि उसकी पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपित को ‘एनकाउंटर’ में पैर में गोली मार कर गिरफ्तार कर लिया लेकिन क्या इससे मूल समस्या का हल निकल पाएगा? मूल समस्या यह है कि हमारे समाज में ऐसे लोग पाए जाते हैं जो किशोरियों और महिलाओं के साथ यौन हिंसा के आदी हैं। महिलाएं और किशोरियों न केवल सरेराह छेड़ी जाती हैं बल्कि स्कूल जैसे सुरक्षित माहौल में भी उनके साथ जबर्दस्ती की जाती है। बक्सर के ऐसे ही सरकारी स्कूल की छात्राओं के साथ दुष्कर्म के मामले में बर्खास्त किया गया है जबकि नवादा के स्कूल में छात्राओं ने एक शिक्षक पर उनके साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। ऐसी घटनाओं का सिलसिला अंतहीन है। ऐसा लगता है कि सरकार इस मामले में सिर्फ ऊपरी कार्रवाई कर इस समस्या का हल निकालना चाहती है या उसका ज्यादा ध्यान इस बात पर है कि विपक्ष इसका राजनीतिक इस्तेमाल न करे। तो सबसे पहली बात यह है कि सरकार ऐसी घटनाओं से इनकार करने की कोशिश छोड़े और उसके अधिकारी ईमानदारी से सच्चाई को स्वीकार करें। सरकार को इस तरह की घटनाओं की मॉनिटरिंग और उनसे बचने के लिए बिल्कुल स्वतंत्र लोगों से मदद लेनी चाहिए। वस्तुस्थिति का सही आकलन कर सरकार को सामाजिक तौर पर भी इस समस्या का हल निकालने की कोशिश करनी पड़ेगी। इस बात पर भी ध्यान देना होगा कि आखिर स्कूल के शिक्षक से लेकर मोहल्ले के दबंग लड़के तक ऐसी हरकतें क्यों करते हैं? शायद उन्हें सही संस्कार और संस्कृति नहीं मिल रही। इसके अलावा उन्हें कानून का डर नहीं होता। शायद ऐसे लोगों को यह यकीन होता है कि वह पुलिस से साठगांठ कर बच निकलेंगे या कोई नेता उनकी मदद करेगा। इसलिए सरकार पहले तो ऐसी घटनाओं को रोकने की रणनीति बनाए और इसमें समाज के हर बार को शामिल करें और फिर इसके बावजूद ऐसी घटना होती है तो उस पर ऐसी सजा की व्यवस्था करे ताकि कोई इस तरह की हरकत करने के बारे में सोचे भी नहीं।

 23 total views

Share Now

Leave a Reply