बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं। बिहार में अब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर एक पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा जाएगा। जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आइआरएफ) पर गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत प्रतिबंध को पांच वर्ष के लिए बढ़ा गया है।
और, जानिएगा कि सोलह घंटे ठप रही माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेज़, 43 करोड़ यूजर्स रहे परेशान।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर उनके फोन की जासूसी कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि वे सरकार पर जो आरोप लगाते हैं, उनसे जुड़े सबूत उनके फोन में हैं। इसी कारण यह कथित जासूसी कराई जा रही है। राहुल ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी’ सत्र के दौरान यह बात कही। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा करना चाहते हैं। राहुल ने कहा, एक बार सरकार मुझ पर आरोप लगाती है और फिर मैं उन पर। ऐसे में सामने आकर बहस करने की जरूरत है। उन्होंने सरकार को बहस की चुनौती देते हुए प्रारूप भी सुझाया। उन्होंने कहा कि बीच में एक मेज होगी, एक तरफ प्रधानमंत्री और दूसरी तरफ वह बैठेंगे। इस दौरान राहुल से पूछा गया कि जब भाजपा संसद में बहस के लिए तैयार है, तो वह सार्वजनिक बहस पर जोर क्यों दे रहे हैं। इस पर राहुल ने अपने कई भाषणों का जिक्र करते हुए कहा कि संसद में उनका माइक बंद कर दिया जाता है। उन्होंने सेना कहा कि चीन के मुद्दे और पूर्व प्रमुख एमएम नरवणे की पुस्तक से जुड़े विषयों पर भी बोलने नहीं दिया गया। जागरण लिखा है कि यह पहली बार नहीं है, जब राहुल ने पीएम मोदी पर फोन टैप करवाने का आरोप लगाया है। जब पेगासस का मामला उछला था, तब भी उन्होंने आरोप लगाया था कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम होगा नीतीश सेतु
जागरण के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम मर ‘नीतीश सेतु’ रखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आगमन के दौरान इस महत्वाकांक्षी पुल का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एक्स पर मुख्यमंत्री ने लिखा कि गंगा नदी पर निर्मित यह छह लेन पुल बिहार की आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे उत्तर एवं दक्षिण बिहार के बीच आवागमन अधिक सुगम. और तेज होगा। पटना, वैशाली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इसका विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु बिहार में आधुनिक कनेक्टिविटी और विकास का नया प्रतीक बनेगा।
मणिपुर में उग्रवादियों की फायरिंग में चार की मौत
प्रभात ख़बर के अनुसार मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों पर गोलीबारी की, जिसमें दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गयी. पुलिस ने बताया कि यह घटना इंफाल उखरुल मार्ग पर न्यू हेवन इलाके में हुई, जहां हथियारबंद उग्रवादियों ने दो कारों पर गोलीबारी की. इस क्षेत्र में फिर से तनाव कायम हो गया है. बड़ी संख्या में जिले में सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं. बता दें कि गुरुवार को भी मणिपुर के कांगपोकपी जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के बीच गोलीबारी में एक कुकी महिला की गोली लगने से मौत हो गयी थी और दो पुरुष घायल हो गये थे. कांगपोकपी में हिंसा की घटना के विरोध में शुक्रवार को बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे व जनजीवन प्रभावित रहा.
जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर प्रतिबंध पांच वर्ष बढ़ा
जागरण के अनुसार मलेशिया में रह रहे जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आइआरएफ) पर गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत प्रतिबंध को पांच वर्ष के लिए बढ़ा गया है। संगठन पर प्रतिबंध की सीमा 14 नवंबर को समाप्त हो रही थी, उसके पहले ही गृह मंत्रालय ने इसे बढ़ाने की अधिसूचना जारी कर दी। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यह मोदी सरकार की आंतकवाद एवं राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के प्रति जीरो टालरेंस की नीति की दृढ़ता का नतीजा है। अमित शाह के अनुसार, भगौड़े आतंकी धर्म प्रचारक डा. जाकिर नाइक के नेतृत्व वाला यह संगठन भारत के विरुद्ध खतरनाक साजिशों में शामिल रहा है, जिसमें सांप्रदायिक घृणा भड़काना और आतंकवाद को बढ़ावा देना शामिल है।
बलिया में डीजे की धमक से दुधमुंही बच्ची की मौत
मनियर (बलिया), उत्तर प्रदेश से हिन्दुस्तान की ख़बर है कि मुड़ियारी गांव में शुक्रवार दोपहर लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की तेज आवाज के बीच मां की गोद में एक माह की बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस डीजे को कब्जे में लेने के साथ ऑपरेटर को हिरासत में ले लिया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों का आरोप है कि डीजे की तेज आवाज और कंपन से बच्ची की मौत हुई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
एक ही परिवार के तीन लोगों की जहर से मौत
प्रभात ख़बर के अनुसार वैशाली ज़िले के गोरौल थाने के प्रेमराज गांव में शुक्रवार की सुबह एक ही परिवार के चार लोगों ने जहर खा लिया, जिनमें सास-बहू और पोते की मौत हो गयी. हालांकि एक अखबार की रिपोर्ट से इस बात पर शक पैदा होता है कि आख़िर घर का एक वयवहीं, पोती की हालत गंभीर है. मृतकों में प्रेमराज गांव के स्व श्यामनंदन सिंह की पत्नी निर्मला देवी (55 वर्ष), बहू सीमा देवी (35 वर्ष) व पोता मुन्ना कुमार (12 वर्ष) शामिल हैं. वहीं, पोती ऋषिका (15 वर्ष) को लोगों ने गंभीर स्थिति में महुआ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद मृत निर्मला देवी का पुत्र राहुल कुमार घर से गायब है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पिता की मौत के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी राहुल कुमार पर आ गयी थी. राहुल आये दिन जमीन की बिक्री कर नशा करता था. बार-बार राहुल को जमीन बेचने से मां व पत्नी मना करती थी, जिससे विवाद होता था. सात नवंबर को भी राहुल ने चार कट्ठा जमीन बेच दी थी. इसकी जानकारी मिलने पर पत्नी व मां से झगड़ा भी हुआ था. शुक्रवार की सुबह घर में हलचल नहीं होने पर लोगों भीड़ जुट गयी.
सोलह घंटे ठप रही माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेज़
प्रभात ख़बर के अनुसार अमेरिकी टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक, टीम्स व एआइ सहायक कोपायलट जैसी सेवाओं में आयी तकनीकी खराबी के कारण कई घंटों तक दुनियाभर में कंपनियों व सरकारी कामकाज पर असर पड़ा है. भारत समेत 74 देशों में सरकारी संस्थानों, बैंकों, अस्पतालों, स्कूलों व एयरलाइंस का कामकाज बाधित हुआ. 43 करोड़ यूजर्स को कई घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा. कंपनी ने कहा कि वह समस्या का कारण पता लगाने व सेवाएं सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रही है. कंपनी ने बताया कि यह सेवा बाधित होने का असर माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सेवाओं पर पड़ा हैं.
कुछ और सुर्खियां:
- असम के काजीरंगा में बस और कंटेनर में हुई भिड़ंत, छात्रों समेत 25 लोगों की मौत
- छठ पर्व के लिए 15 लाख लीटर दूध की अलग व्यवस्था करेगा सुधा डेयरी
- बिहार की जेल में 1215 कैदी कर रहे छठ का व्रत
- छत पर बिहार के पंचायत प्रतिनिधियों को 3 महीने का भत्ता मिलेगा, 137 करोड़ रुपए जारी
- भारतीय क्रिकेट टीम की वनडे क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी हार, न्यूजीलैंड ने 244 रनों से हराया
- राइड से पहले टिप के फीचर पर ओला पर 10 लाख रुपए का जुर्माना
अनछपी: वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर पश्चिम बंगाल में जिस तरह की धांधली सामने आई उससे कुछ अलग उत्तर प्रदेश में इसे लेकर कुछ बेहद दिलचस्प बातें वहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विरोधी दल के नेता अखिलेश प्रसाद यादव कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में तो यह आरोप है कि वहां एसआईआर के जरिए चुनाव को ही लूट लिया गया लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे हिंदू मुस्लिम के चश्मे से देखकर हिंदुओं पर जागरूकता की कमी का आरोप लगा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ 18 विधानसभा सीटों के आंकड़ों के हवाले से बता रहे हैं कि यहां 2022 के चुनाव में जितने वोटों से भाजपा जीती थी उससे कहीं ज्यादा हिंदुओं के वोट एसआईआर में कट गए हैं। इससे पहले वह कह चुके हैं कि उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर के नाम लिस्ट से हट गए हैं। एक संवैधानिक पद पर बैठा हुआ आदमी इस तरह हिंदू मुसलमान कर रहा है तो उसे यह बताना चाहिए कि आखिर यह आंकड़ा कहां से मिला। इसके आगे वह कहते हैं कि हिंदू मतदाता उदासीन बने रहे जबकि इस मामले में मुसलमानों ने जागरूकता दिखाई। योगी आदित्यनाथ का कहना है कि उत्तर प्रदेश की वर्तमान जनसंख्या के अनुपात में आज ढाई करोड़ मतदाता कम हैं। अच्छी बात यह है कि योगी आदित्यनाथ ने इसमें भी हिंदू मुसलमान नहीं किया है और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि अगर इतने मतदाता वोटर लिस्ट में नहीं है तो उन्हें वोटर लिस्ट में शामिल किया जाए। योगी आदित्यनाथ का कहना है कि हिंदू लड़कियों की शादी होने के बाद मायके में मतदाता सूची से नाम तो कट जाता है जबकि ससुराल में नवविवाहितों का नाम जुड़वाया नहीं जा रहा। यह बात भी दिलचस्प है लेकिन सवाल यह है कि उन्हें इस तरह के आंकड़े कौन दे रहा है और इसकी प्रामाणिकता क्या है? योगी आदित्यनाथ का दावा यह है कि इस तरह से नाम के नहीं जुड़ने से भाजपा के वोटों पर असर पड़ेगा। सवाल यह है कि योगी आदित्यनाथ यह कैसे मान रहे हैं कि जिनके नाम वोटर लिस्ट नहीं जुड़े हैं, वह केवल भाजपा के वोटर हैं? इस बीच यह खबर भी आई कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में हटाए गया हिंदुओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए मुहिम चलाएगा और इसके लिए वह लक्ष्य भी तय कर रही है।
66 total views