छ्पी-अनछपी: पीएमसीएच के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर, मधुबनी में एनआईए की छापेमारी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के मेडिकल आईसीयू में जाने को लेकर हुए झगड़े के बाद जूनियर डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। मधुबनी जिले में मौलाना इजहारुल हक के घर पर एनआईए ने छापेमारी की। आरा में बीच बारात में घुसकर तीन दोस्तों पर गोलियां की बौछार, दो की मौत। 

और, 85% एथेनॉल से चलने वाली कार मार्केट में आई। 

पहली ख़बर

भास्कर के अनुसार पीएमसीएच के मेडिसिन आईसीयू में भर्ती परिचित मरीज शैलेंद्र कुमार को देखने पहुंचे बाढ़ कोर्ट के एडीजे आशुतोष कुमार के परिजनों और डॉक्टरों के बीच जमकर मारपीट व तोड़‌फोड़ हुई। इस विवाद के बाद मंगलवार दोपहर दो बजे से जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी, जिससे इमरजेंसी सेवा और अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज ठप हो गया। मामले में पीरबहोर थाने में दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। टाउन एसडीपीओ वन राजेश रंजन के अनुसार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कुछ अखबारों ने एडीजे की जगह पूर्व न्यायिक अधिकारी लिखा है।

एडीजे की पत्नी का पक्ष

डॉक्टर और गार्ड पर छेड़खानी करने, बाल पकड़कर नीचे गिराने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। विरोध करने पर 70 से 80 डॉक्टरों ने पति, भतीजी, चालक और उनके साथ मारपीट की व गला दबाने की कोशिश की। पति की कार क्षतिग्रस्त कर दी। सोने की चेन, दो मोबाइल छीना।

डॉक्टरों का पक्ष

पति के साथ महिला आईसीयू पहुंची थीं। सुरक्षाकर्मी द्वारा जूते खोलने को कहने पर गार्ड को थप्पड़ मारा। मना करने के बावजूद आईसीयू में मोबाइल से रिकॉर्डिंग की और अभद्र व्यवहार व हाथापाई की। ऑन ड्यूटी डॉक्टर की दिव्यांगता पर अपमानजनक टिप्पणी भी की।

मधुबनी में एनआईए की छापेमारी

जागरण के अनुसार आतंकी संगठन से संबंध के आरोप में गिरफ्तार मौलाना मो. इजहारुल हक के घर बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की टीम ने छापेमारी की। भोपाल से पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने पंडौल थाना क्षेत्र की सरिसब पाही पश्चिमी पंचायत के नवटोल स्थित मौलाना के घर की तलाशी ली। इस दौरान उनकी पत्नी फिरोजा खातून और पुत्र उमर फारूक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। दोनों से पंडौल थाने में करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई। बाद में एनआइए की टीम दोनों को छोड़कर भोपाल लौट गई। छापेमारी के दौरान टीम ने घर के विभिन्न सामानों की जांच की और कई सामान जब्त कर अपने साथ ले गई। कार्रवाई और पूछताछ के संबंध में एनआइए की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। मौलाना इज़गारुल हक को बीते 15 जून को भोपाल एटीएस सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के बहुवाड़ा उर्दू मोहल्ला स्थित राघव नगर के मदरसा नूर ए मोहम्मदिया से गिरफ्तार किया था।

आरा में बीच बारात में घुसकर तीन दोस्तों पर गोलियों की बौछार, दो की मौत

जागरण के अनुसार भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार की देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे शादी समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने तीन दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के पुत्र राहुल कुमार (20) और महंत यादव के पुत्र दीपक कुमार (21) के रूप में हुई है। इसमें राहुल को दो जबकि दीपक को चार गोलियां लगी थी। 

राहुल गांधी की संपत्ति की जांच का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया

हिन्दुस्तान के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें सीबीआई और ईडी को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच का निर्देश दिया था। कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ कांग्रेस नेता की अपील पर यह आदेश दिया है।सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने इसके साथ ही, इस मामले को दोबारा से हाईकोर्ट भेज दिया है। शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट को मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पक्षकार बनाने के बाद नए सिरे से विचार करने को कहा है। 

पटना के 2.18 लाख घरों में वाटर सप्लाई के लिए 1794 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अध्यक्षता में पहली बार हुई इ-कैबिनेट में बुधवार को 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी. इनमें पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1794 करोड़ रुपये, औद्योगिक विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण, विभिन्न विभागों में पदों के सृजन और बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन से संबंधित प्रस्ताव प्रमुख हैं. मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बैठक के बाद बताया कि पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1794.32 करोड़ रुपये की परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दी गयी. इसके तहत शहर के 75 वार्डों में रहने वाले 2.18 लाख से अधिक घरों को जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नये जल स्रोत, जलशोधन संयंत्र, जलमीनार और पाइपलाइन नेटवर्क बनेंगे. वहीं, ग्राम कचहरी को प्रशासनिक कार्यों के लिए चार हजार की जगह 24 हजार रुपये मिलेंगे.

85% एथेनॉल से चलने वाली कार मार्केट में आई

हिन्दुस्तान के अनुसार देश की सड़कों पर 85 प्रतिशत तक एथेनॉल ईंधन और हाइब्रिड तकनीक वाली कार से सफर के नए युग की शुरुआत होने जा रही है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने बुधवार को देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल हाईब्रिड इलेक्ट्रिक इनोवा कार लॉन्च कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, कंपनी के सीईओ मसाकाजु योशिमुरा ने एक कार्यक्रम में यह कार लॉन्च की। यह कार ई-20 से ई-85 तक के एथेनॉल मिश्रित ईंधन से चल सकेगी। हाइब्रिड तकनीक से लैस ये कार बीच-बीच में इलेक्ट्रिक बैटरी पर भी चलने में सक्षम है। गडकरी ने कहा कि यह भारत के ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।

कुछ और सुर्खियां:

  • सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों की साजिश के आरोपित उमर खालिद और शरजील इमाम की अर्जी पर पुलिस को नोटिस दिया, जमानत से इनकार
  • अमेरिका में भारत पर 25% नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव
  • छठ के दौरान महिलाओं के नाक तक सिंदूर लगाने के तरीके पर टिप्पणी करने वाले यूट्यूबर यश माहेश्वरी पर एफआईआर
  • सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग अब्दुल्लाह फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में एक टावर पर उद्योग के हमले में दो भारतीय नागरिक जख्मी
  • दानापुर, फुलवारी शरीफ और संपतचक पटना नगर निगम में शामिल होंगे

अनछपी: पुलिस की हिरासत में लिए गए लोगों की मौत के मामले में हमारे समाज में बहुत कम चर्चा होती है और अदालतों का हाल भी यह है कि उसकी बार-बार की हिदायतों के बावजूद हिरासत में लिए गए लोगों के साथ जुल्म ज़्यादती की खबरें आती रहती हैं। किशनगंज के विचाराधीन बंदी उबैद आलम का मामला शायद आपकी नजरों से गुजरा हो जिनकी न्यायिक विरासत में मौत हो गई थी और अब तीन साल के बाद उनकी हत्या का केस दर्ज किया गया है। हालांकि इस मामले में बहुत देर से एफआईआर दर्ज करने की बात तो आसानी से समझ में आती है लेकिन अच्छी बात यह है कि देर सही-सही कुछ सकारात्मक तो हुआ है। इसमें भी एक सवाल पैदा होता है क्योंकि खबरों में बताया गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर तीन अलग-अलग जगह पर चोट के निशान मिलने और पुलिस सुपरविजन के बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। वह सवाल यह है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर इतनी देर में फैसला क्यों हुआ और क्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने में देर हुई थी? एक और सवाल यह है कि अब एफआईआर दर्ज हुई है तो उसमें भी किसी को नामजद नहीं किया गया है। कस्टोडियल डेथ का एक और मामला अरवल जिले से जुड़ा है जिसमें एक व्यक्ति की मौत के तीन महीने बाद बाद एक्साइज डिपार्टमेंट के इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया है। एक खबर सहरसा से मिली है जहां यह कहा गया कि अपहरण के एक आरोपित ने पुलिस कस्टडी में आत्महत्या कर ली हालांकि उसके घर वालों का कहना है कि पुलिस की मारपीट में यह मौत हुई है। यह तीन खबरें तो बस कुछ उदाहरण हैं वरना ऐसे कई मामले हैं जो आम लोगों की नजर में भी नहीं आते। 

 146 total views

Share Now

Leave a Reply