छ्पी-अनछपी: नीतीश ने बिहार को बीजेपी के हवाले किया, ईरान-अमेरिका वार्ता फिर होगी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। 14 अप्रैल को जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्तीफा देकर बिहार को भारतीय जनता पार्टी के हवाले कर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि ईरान से दोबारा वार्ता शुरू होगी। किशनगंज में आय से अधिक संपत्ति के मामले में पुलिस इंस्पेक्टर 50 करोड़ का मालिक बताया गया है। छत्तीसगढ़ में बॉयलर हादसे में खौलती हुई भाप की वजह से 11 मजदूरों की मौत हो गई।

और, जानिएगा कि परिसीमन के मुद्दे पर गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री क्यों मोर्चा ले रहे हैं।

पहली ख़बर

प्रभात ख़बर के अनुसार भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार के नये मुख्यमंत्री होंगे. भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद मंगलवार को एनडीए विधायक दल ने भी उन्हें अपना नेता चुन लिया. देर शाम सम्राट चौधरी ने राज्यपाल लेफटिनेंट जेनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन के समक्ष नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया. राज्यपाल ने सम्राट चौधरी को बुधवार को दिन के 11 बजे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए निमंत्रण दिया है. वे बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे. इसके पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया. केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा दिलीप जायसवाल ने समर्थन दिया. इसके बाद सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा की गयी. इससे पहले सुबह 11 बजे कैबिनेट की हुई बैठक में नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफे का प्रस्ताव रखा और कैबिनेट भंग करने की सिफारिश की. दोपहर तीन बजे की करीब उन्होंने लोकभवन जाकर अपना इस्तीफा राज्यपाल लेफटिनेंट जेनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को सौंप दिया. 

201 विधायकों का समर्थन पत्र

भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद शाम चार बजे विधानसभा के सेंट्रल हाल में एनडीए विधायक दल की बैठक हुई, बैठक में निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मत से पारित कर एनडीए विधायक दल ने भी सम्राट के नाम पर मुहर लगायी. इसके बाद शाम सवा पांच बजे सम्राट चौधरी एनडीए नेताओं के साथ लोक भवन पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया. सम्राट ने एनडीए के सभी 201 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा राज्यपाल ने उन्हें नयी सरकार बनाने का निमंत्रण दिया.

ईरान-अमेरिका वार्ता फिर होगी

भास्कर के अनुसार होर्मुज में अमेरिका की नाकाबंदी 24 घंटे में ही फेल हो गई है। होर्मुज से मंगलवार को चीन समेत 4 देशों के टैंकर बेरोकटोक गुजरे। ये सभी टैंकर अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित हैं। केप्लर मैरीन डेटा के अनुसार चीन का टैंकर रिच स्टारी ईरान से पेट्रोकेम लेकर जा रहा है। इसके बाद मंगलवार देर रात ट्रम्प ने एक इंटरव्यू में उम्मीद जताई कि अगले दो दिन में ईरान के साथ पाकिस्तान में दूसरे दौर की वार्ता हो सकती है। अमेरिकी डेलिगेशन जल्द ही पाकिस्तान रवाना होगा। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजेशकियान के सुर भी वार्ता के प्रति नरम पड़े। बता दें कि 12 अप्रैल को पाकिस्तान में पहले दौर की वार्ता बेनतीजा खत्म हुई थी। इस बीच, युद्ध और होर्मुज पर चीन ने 4 सूत्री प्रस्ताव रखा। राष्ट्रपति जिनपिंग ने कहा, होर्मुज में अमेरिका द्वारा नाकाबंदी की कोशिशें में खतरनाक साबित हो सकती हैं।

पुलिस इंस्पेक्टर 50 करोड़ का मालिक

हिन्दुस्तान के अनुसार किशनगंज के नगर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन धनार्जन में अपने निलंबित एसडीपीओ गौतम कुमार से कम नहीं हैं। अपने 17 साल के करियर में इन्होंने पटना, छपरा, मुजफ्फरपुर से लेकर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक करीब 50 करोड़ की संपत्ति बनाई है। ईओयू ने मंगलवार को अभिषेक रंजन के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। उनके मुजफ्फरपुर के फतेहपुर कांटी में 20 करोड़ से अधिक की संपत्तियों में निवेश का पता चला है। छह-सात ट्रक खरीदने की सूचना है। अभिषेक के विरुद्ध आय से 115.66% अधिक 1.70 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित का केस दर्ज कर उनके पटना, छपरा और किशनगंज में पांच ठिकानों पर छापेमारी की गई। 

बायलर पाइप फटने से धधकती भाप बरसी, 11 मज़दूरों की मौत

भास्कर के अनुसार छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर 2:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। प्लांट की 600 मेगावॉट यूनिट-1 में बॉयलर बॉटम रिंग हेडर या स्टीम पाइप फटने से 35 मजदूरों पर 350 से 500 डिग्री सेल्सियस पर धधकती भाप बरसी। इनमें से 11 की मौत हो गई, 24 घायल हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के सहायक संचालक अश्विनी कुमार पटेल के अनुसार हादसा स्टीम पाइप में अत्यधिक दबाव के कारण होने की आशंका है।

परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र के खिलाफ हमले तेज

जागरण के अनुसार गैर-भाजपा मुख्यमंत्रियों एम. के. स्टालिन और ए. रेवंत रेड्डी ने देश में परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने चेतावनी दी कि यदि उनके राज्य को नुकसान हुआ तो ‘विशाल आंदोलन” होंगे और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्‌डी ने भी कड़ा विरोध दर्ज कर इससे असमानत्ता होने का आरोप लगाया। यह टिप्पणियां महिला आरक्षण लागू करने संबंधी 16 अप्रैल से शुरू संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र से पहले आई हैं। द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने एक वीडियो संदेश में चेतावनी दी कि यदि तमिलनाडु को सीटों का कोई नुकसान हुआ या उत्तरी राज्यों की राजनीतिक शक्ति को परिसीमन में असमान रूप से बढ़ाया गया तो तमिलनाडु ठप हो जाएगा और पूरी ताकत से विरोध होगा। उन्होंने दोहराया कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया रहस्य है।

कुछ और सुर्खियां:

  • राजनीतिक पार्टियों को चुनावी सलाह देने वाले फर्म आई-पैक के सह संस्थापक विनेश चंदेल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हिरासत में लिया गया
  • महाराष्ट्र में ऑटो और टैक्सी ड्राइवर के लिए मराठी जानना जरूरी करार दिया गया
  • भूमि सुधार संवाद में भाग नहीं लेने पर 41 हड़ताली सीओ सस्पेंड किए गए

अनछपी: ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमले के बाद से हम यह बात लगातार कर रहे हैं कि इसका असर भारत पर भी बड़े पैमाने पर पड़ा है और इंसानियत के साथ-साथ खुद भारत के लिए यह जरूरी है कि जंग बंद हो और यह कायम रहे। दूसरी तरफ भारत में एक बड़ा वर्ग ऐसा है जो इसराइल को अपना दोस्त मानता है क्योंकि वह नफरत में डूबा हुआ और इस बात का जश्न मनाता है कि इसराइल ग़ज़ा और फलस्तीन के मुसलमानों का क़त्ले आम कर रहा। यह मानवता विरोधी सोच है और इससे भारत का भला नहीं होने वाला। बहरहाल,  संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक ईरान पर हुए हमले से पैदा हुए संकट के चलते भारत में करीब 25 लाख लोगों के गरीबी में धकेले जाने का खतरा है। रिपोर्ट पश्चिम एशिया में सैन्य वृद्धिः एशिया एवं प्रशांत क्षेत्र में मानव विकास पर प्रभाव में कहा गया है कि यह संघर्ष पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक दबाव बढ़ा रहा है। ईंधन, मालभाड़ा और दूसरे सामान की कीमतों में उछाल से घरेलू खर्च बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार इस संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर करीब 88 लाख लोग गरीबी के दायरे में आ सकते हैं। एशिया-प्रशांत क्षेत्र को लगभग 299 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। इससे भारत में गरीबी से प्रभावित लोगों की संख्या लगभग चार लाख से बढ़कर 25 लाख तक बढ़ सकती है। सबसे गंभीर स्थिति में भारत की गरीबी दर 23.9% से बढ़कर 24.2% तक जा सकती है, जिससे 24.64 लाख अतिरिक्त लोग गरीबी में चले जायेंगे। इससे देश में गरीबों की कुल संख्या 35.15 करोड़ से बढ़ कर 35.40 करोड़ तक पहुंचने की आशंका है। साथ ही भारत दक्षिण एशिया इस संकट का सबसे बड़ा शिकार बन सकता है। ऐसे में सवाल है कि क्या भारत के इसराइल प्रेमी लोग अभी जागेंगे या वह नफरत के नशे में चूर हैं और वह इसी में पड़े रहेंगे? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस तरह इसराइल से अपनी दोस्ती का इजहार करते हैं उन्हें और उनकी सरकार को भी अपनी इस नीति पर फिर से विचार करना चाहिए। 

 210 total views

Share Now