बिहार विधान परिषद् चुनाव में दो-दो सीटों पर जदयू, भाजपा और भाकपा का कब्जा

बिहार लोक संवाद ब्यूरो
पटना, 14 नवंबर: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के नतीजे की आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी गई है। इसके अनुसार जद(यू), भाजपा और भाकपा ने दो-दो सीटें जीती हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने एक और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए पिछले महीने चुनाव हुआ था।

चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की इन चार-चार सीटों के मतगणना का काम बृहस्पतिवार को शुरू हुआ था जो शुक्रवार की देर रात समाप्त हुआ।

जद (यू) के नीरज कुमार और देवेश चंद्र ठाकुर, भाजपा के एन के यादव तथा नवल किशोर यादव ने जीत दर्ज की। भाकपा के केदरानाथ पांडेय और संजय कुमार सिंह तथा कांग्रेस के मदन मोहन झा ने अपना कब्जा बरकार रखा।

नीरज कुमार

इसके साथ ही, दरभंगा स्नातक क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने जीत दर्ज की। उन्होंने जद (यू) के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चैधरी के करीबी दिलीप चैधरी को पराजित किया।

सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री रहे नीरज के साथ देवेश और एन के यादव क्रमशः पटना, कोशी और त्रिहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए। नवल, मदन, संजय और केदरानाथ क्रमशः पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में थे।

कोविड-19 महामारी के कारण इन सीटों के लिए चुनाव कुछ महीनों के लिए स्थगित कर दिया गया था। इन सीटों के लिए गत 22 अक्टूबर को मतदान हुआ था।

 

 634 total views

Share Now

Leave a Reply