छपी-अनछपीः रांची में किसकी गोली से दो की मौत हुई? बिहार से इस साल 812 ख्वातीन जाएंगी हज को

बिहार लोक संवाद डाॅट नेट, पटना। पैगम्बर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम पर अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शनिवार को भी देश के कई हिस्सों में जारी रहा। उत्तर प्रदेश में प्रदर्शनकारियों पर सरकार की दमनकारी कार्रवाई भी चल रही है और बिना किसी कोर्ट-कचहरी के लोगों के घर ढाये जा रहे हैं।
इन सबके बीच ’हिन्दुस्तान’ रांची में छपी खबर के अनुसार पुलिस का का कहना है कि जुमे की नमाज के बाद निकले जुलूस में किसकी गोली से दो युवाओं की मौत हुई, इसकी जांच चल रही है। जागरण ने अपने रांची संस्करण में आधे पेज में प्रदर्शन करने वालों की तस्वीरें छापी हैं जिनमें अधिकतर के हाथों में पत्थर बताया गया है।
हिन्दुुस्तान, पटना की सबसे बड़ी खबर है- हावड़ा में हिंसा, रांची और यूपी शांत। जागरण, पटना की लीड सरकारी बयान के अनुसार है- उपद्रवियों के घरों पर चला बुलडोजर, रांची में सख्ती। भास्कर में पहले पेज पर बिना किसी सूत्र के हवाले दावा है- सहारनपुर से आये 12 लोगों ने भड़काया रांची में बवाल।
आज के प्रभात खबर की लीड है- बिजली दर 10 प्रतिशत बढ़ाने की याचिका पर फिर सुनवाई।
भास्कर ने सड़क निर्माण नहीं होने पर अपनी खास खबर लीड बनायी है जिसमें लिख गया है, जनहित में जारी- सड़कें बनाने के लिए 1 साल में 25 आदेश, पैसा दिया नहीं… अपने रिस्क पर ही घर से निकलें।
प्रभात खबर में हज यात्रा से संबंधित खबर में जानकारी दी गयी है कि इस साल 812 महिलाएं हज के लिए जाएंगी। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हज पर जाने वालों के साथ दुआ करेंगे और उन्हें कोलकाता रवाना करेंगे।
सासाराम से 40 किलोमीटर दूर तिलौथू प्रखंड के चितौली गांव के पास एनच में छह किलोमीटर की दूरी में अजीब तरह की दरार आ गयी है। इसे इंजीनियर सड़क के एक्सप्लोड होने की बात कह रहे हैं जिसकी जांच के लिए विशेषज्ञों की राय ली जा रही है।
पूर्णिया के बायसी अनुमंडल के अनढ़ थाने के कंजरिया मोड़ के पास स्काॅर्पियो के पानी से भरे गड्ढे में गिरने से नौ लोगों की मौत की खबर सभी अखबारों में पहले पेज पर है। ये तिलक चढ़कार लौट रहे थे। इसमें कुल 11 लोग सवार थे, मौत की वजह दम घुटना बतायी गयी है। वैसे, शुक्रवार को पूरे बिहार में 34 लोगों के मरने का आंकड़ा ’हिन्दुस्तान’ में छपा है।
पटना में एक ही दिन कोरोना के 30 मरीज मिलने की खबर प्रमुखता से छपी है।
एम्स, पटना में मसौढ़ी की एक महिला डाॅक्टर के पेट में आॅपरेशन के बाद रूई छोड़ने का मामला तूल पकड़ रहा है। महिला डाॅक्टर के घर वाले इस मामले में संबंधित डाॅक्टर पर कार्रवाई की मांग कर रहे तो दूसरी तरफ एम्स प्रशासन पीड़िता के परिवार वालों पर अभद्रता का आरोप लगा रहे हैं।
अनछपीः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी 12 जून को बिहार से हज पर जाने वालों के साथ हज भवन में दुआ में शामिल होंगे। कई बरसों के बाद बिहार के हज यात्रियों को गया से इम्बार्केशन की सुविधा से वंचित कर दिया गया है। दो साल तो कोरोना की वजह से हज यात्रा बंद रही। मगर कोई अखबार इस पर सवाल नहीं उठा रहा कि आखिर गया हवाई अड्डे से इस सुविधा को समाप्त क्यों किया गया। पहले जो लाभ गया हवाई अड्डे से हज की उड़ानों से बताये जाते थे, उन लाभों से बिहार और बिहार वासियों को क्यों वंचित किया गया।

 387 total views

Share Now

Leave a Reply