छ्पी-अनछपी: लखनऊ और कतर में लगी आग- 27 मरे, अमेरिका ने ईरान से प्रतिबंधित हटाए

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। लखनऊ की एक इमारत में आग लगने से 15 और कतर में गैस प्लांट में आग लगने से 12 लोगों की मौत हो गई। अमेरिका ने ईरान को 21 अगस्त तक कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और पेट्रोकेमिकल के उत्पादन और बिक्री की मंजूरी दी है। 

और, मेडिकल दाखिला परीक्षा नीट के रिटेस्ट में दूसरों को शामिल कराने में हर क्लाइंट से लिया गया था ₹60 लाख।

पहली ख़बर 

भास्कर के अनुसार यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में सोमवार दोपहर तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 महिलाएं और 12 पुरुष हैं। जबकि 7 घायल हैं। मृतकों में ज्यादातर 19 से 30 साल के युवा हैं, जो दूसरी मंजिल पर एनिमेशन ट्रेनिंग सेंटर की क्लास में थे। आग लगने के बाद बिल्डिंग में काला धुआं भरने लगा। उस वक्त अंदर 30 छात्र थे। चीख-पुकार मच गई। इमारत में इमरजेंसी एग्जिट नहीं था। कुछ स्टूडेंट जान बचाने के लिए बिल्डिंग के पीछे वाले हिस्से के बाथरूम में छिप गए। इनमें से ज्यादातर का वहीं दम घुट गया, जबकि दो बच्चे जिंदा बाहर निकले। जयंत नाम के एक अन्य बच्चे को जब रास्ता नहीं मिला तो उसने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। वह सीधे ग्रिल पर गिरा, लेकिन शुक्र है वह बच गया। बाद में बचावकर्मियों ने पास की इमारत की छत से आग वाली बिल्डिंग की दीवार तोड़कर शब्दों को बाहर निकाला।

कतर गैस प्लांट में आग, 12 भारतीयों की मौत

कतर की रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी के गैस प्लांट में काम के दौरान हुए हादसे के बाद भीषण आग लग गई। भारतीय दूतावास के अनुसार हादसे में 12 भारतीयों की मौत हो गई। कतर के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार पाक का एक नागरिक भी मारा गया। हादसे में घायल 66 लोग का उपचार जारी है। भारतीय दूतावास कतर के अफसरों के संपर्क में है। हेल्पलाइन नंबर +974- 55647502 और +975-55384683 जारी किए गए हैं।

अमेरिका ने ईरान से कई पाबंदियां हटाईं

हिन्दुस्तान ने लिखा है कि अमेरिका ने ईरान को 21 अगस्त तक कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और पेट्रोकेमिकल के उत्पादन और बिक्री की मंजूरी दे दी। अमेरिकी वित्त विभाग ने इस संबंध में एक ‘जनरल लाइसेंस’ जारी किया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ‘एक्स’ पर कहा कि स्विट्जरलैंड में चल रही बातचीत के अनुरूप, ईरान ने होर्मुज में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने तथा अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों को प्रवेश की अनुमति देने पर सहमति जताई है। इन दो महत्वपूर्ण शर्तों को मानने के बाद ही अमेरिका ने ईरान को 60 दिनों की अस्थायी राहत दी है। इस छूट के दायरे में तेल व्यापार से जुड़ी सेवाएं, जैसे बैंकिंग लेनदेन, बीमा और परिवहन सेवाएं शामिल हैं। यह कदम पिछले सप्ताह हुए समझौते के तहत उठाया गया। इसके अनुसार, अमेरिका ने ईरान के कच्चे तेल, पेट्रो उत्पादों और उनसे जुड़े उत्पादों के निर्यात के लिए छूट देने पर सहमति जताई थी। जनरल लाइसेंस जारी करने का फैसला स्विट्जरलैंड वार्ता के बाद लिया गया।

उद्धव के छह बागी सांसद शिंदे गुट में शामिल

हिन्दुस्तान के अनुसार शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी सांसद सोमवार को मुंबई में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। इसके साथ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी में विभाजन हो गया। बागी सांसद उपमुख्यमंत्री शिंदे और अन्य नेताओं की मौजूदगी में मुंबई में शिवसेना में शामिल हुए। इनमें संजय देशमुख, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, नागेश पाटिल, ओमप्रकाश राजे और भाऊसाहेब वाकचौरे शामिल हैं। शिवसेना (यूबीटी) ने 2024 के आम चुनाव में नौ लोकसभा सीटें जीती थीं। अब उसके पास तीन सांसद बचे हैं।

ममता की पार्टी में बग़ावत, अरूप का दावा- मैं हूं चेयरमैन

जागरण के अनुसार बंगाल में विधानसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद पार्टी में जारी बगावत सोमवार को नए मोड़ पर पहुंच गई। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने दावा किया है कि इसने पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यसमिति गठित कर दी है। इस नई समिति में हावड़ा मध्य के विधायक अरूप राय को चेयरमैन बनाया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस पद से हटा दिया गया है। वहीं, अभिषेक बनर्जी को भी राष्ट्रीय महासचिव पद से हटाकर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। बजट सत्र समाप्त होने के बाद न्यूटाऊन के एक होटल में बागी विधायकों की बैठक हुई। गुट का दावा है कि इसमें 60 विधायक और कोलकाता के लगभग 70 पूर्व पार्षद शामिल हुए। बैठक में 30 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यसमिति के गठन की घोषणा की गई। बागी नेताओं ने तृणमूल के संविधान की धारा-20 का हवाला देते हुए कहा कि हर तीन वर्ष में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होना अनिवार्य है, लेकिन 2022 के बाद ऐसी कोई बैठक नहीं हुई। इसी आधार पर पुरानी कार्यसमिति को भंग कर नई समिति गठित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। 

कुख्यात ललन सिंह मुठभेड़ में ढेर

उत्तर प्रदेश एसटीएफ और सहारनपुर पुलिस ने सोमवार तड़के संयुक्त कार्रवाई में बिहार और पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी तथा सवा लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह उर्फ लल्लन को मुठभेड़ में मार गिराया। ललन के दो भाई भी वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश पुलिस की मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। ललन समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के आनंद गोला का रहने वाला था। उसने फतुहा थाने में तैनात दारोगा की गोली मारकर हत्या कर दी थी और बाढ़ कोर्ट से पेशी के दौरान फरार हो गया था। सात हत्याओं, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई संगीन मामलों में वांछित ललन सरसावा फ्लाईओवर के पास पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बदमाश के पास से स्टेनगन, पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है।

मुहर्रम पर पूरे बिहार में हाई अलर्ट

जागरण के अनुसार मुहर्रम को लेकर बिहार सरकार ने राज्यभर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि कोई भी मुहर्रम जुलूस बिना लाइसेंस के नहीं निकाला जाएगा। जुलूसों में डीजे, भड़काऊ गानों और सांप्रदायिक नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शांति समितियों को सक्रिय करने और संवेदनशील क्षेत्रों में सामुदायिक समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर के उपयोग संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

नीट धांधली: हर जिले में बैठे थे स्कॉलर, ₹60 लाख में सरगना की डील

प्रभात ख़बर के अनुसार नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा में बिहार में फर्जीवाड़े का अब तक का सबसे बड़ा मामला सामने आया है. सबसे चौंकाने वाली यह बात है कि स्कॉलरों का यह गिरोह बिहार के हर जिले के हर परीक्षा केंद्र में शामिल हुआ था. इसके लिए पुलिस गिरफ्तार स्कॉलर के मोबाइल फोन की जांच कर रही है. पुलिस की पुछताछ में पता चला कि मुख्य सरगना ने प्रति क्लाइंट 60 लाख रुपये में डील की थी, इसमें स्कॉलर को 25 लाख रुपये मिलने थे. इसमें पीएमसीएच का अश्विनी भी शामिल था. उसे भी 25 लाख रुपये मिलने थे. इधर, पुलिस सभी जिलों में काम करने वाले बायोमेट्रिक कर्मियों से भी पूछताछ करेगी. लखीसराय, हाजीपुर व गया से जुड़े खुलासों में पता चला है कि मेडिकल कॉलेजों के छात्र, बायोमेट्रिक ऑपरेटर, सुपरवाइजर व मूल परीक्षार्थियों की मिलीभगत का संगठित नेटवर्क काम कर रहा था. अब तक लखीसराय में 30 व हाजीपुर में एक की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य सरगना समेत कई अन्य आरोपित अब भी फरार हैं. उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस अलग-अलग जिलों के साथ-साथ यूपी में भी छापेमारी कर रही है. एजेंसियां पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी हैं. 

कुछ और सुर्खियां:

  • 5 जुलाई को राजद 30 वर्ष का हो जाएगा, स्थापना दिवस पर सभी जिलों में होगा समारोह
  • अगले साल हज के लिए 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
  • बिहार के ज्यादा क्राइम वाले 425 स्थान में इंस्पेक्टर ही बनेंगे थाना अध्यक्ष
  • मशहूर फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर भूमि विवाद में गोपालगंज में हमला, एक गिरफ्तार

अनछपी: मेडिकल दाखिला परीक्षा नीट के दोबारा हुए टेस्ट में जिस तरह की धांधली की खबरें सामने आईं हैं, उनसे इम्तिहान देने वालों का हौसला एक बार टूटा होगा। पहले पेपर लीक हुआ और अब सॉल्वर गैंग का मामला सामने आया है। ख़बरों मैं बताया गया है कि बिहार के लगभग हर जिले में असली परीक्षार्थी की जगह मेडिकल की पढ़ाई कर रहे फर्जी परीक्षार्थी बैठे थे। इस मामले में वैसे तो एक ही जिले लखीसराय से 30 लोगों की गिरफ्तारी हुई है लेकिन यह कहना मुश्किल है कि फिर भी कितने फर्जी परीक्षार्थी बच निकले हैं। यह भी कहना मुश्किल है कि ऐसा केवल बिहार में हुआ होगा और देश के बाकी हिस्सों में ऐसी कोई घटना नहीं हुई होगी। इस तरह की धांधली ना हो इसके लिए एनटीए की ओर से दो उपाय किए गए थे लेकिन धंधेबाज़ों ने दोनों उपायों को धता बता दिया। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे सभी छात्रों के लिए छुट्टी के बावजूद 21 जून को हाजिरी को जरूरी कर दिया था लेकिन यहां भी धांधली की गई और दूसरे की जगह बैठने वाले छात्र ने फर्जी तरीके से हाजिरी बनवा ली। लेकिन इससे भी बड़ी धांधली यह हुई कि जिस बायोमेट्रिक जांच से कदाचार रोकने का उपाय किया गया था उसके कर्मचारियों ने ही धोखाधड़ी कर दी। एनटीए भले ही यह कहे कि उसने अपनी तरफ से हर उपाय किये लेकिन इससे जो सही परीक्षार्थी हैं, उन्हें इंसाफ कैसे मिलेगा? 

 50 total views

Share Now

Leave a Reply