छ्पी-अनछपी: 291 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस, मोदी की अपील- 22 को अयोध्या न पहुंचें

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। कांग्रेस पार्टी देश भर में 291 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। यह खबर भास्कर ने दी है। रोड शो के लिए अयोध्या पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने आम लोगों से अपील की है कि वह 22 जनवरी को अयोध्या न पहुंचें। इससे जुड़ी खबरों को सबसे ज़्यादा जगह मिली है।

भास्कर की खबर है: 291 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस, 9 राज्यों में 85 ‘इंडिया’ से मांगेगी। लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया ब्लॉक में सीट बंटवारे से पहले कांग्रेस की नेशनल अलायंस कमेटी ने शुक्रवार और शनिवार को मैराथन मंथन किया। इसमें पार्टी ने 10 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेताओं को स्पष्ट कर दिया की पार्टी 291 सीटों पर खुद के दम पर चुनाव लड़ेगी जबकि गठबंधन वाले नौ राज्यों की 85 सीटें ब्लॉक से मांगेगी। बैठक में बिहार, बंगाल, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल के नेताओं को पार्टी ने कह दिया है कि सीट शेयरिंग पर अंतिम निर्णय लोकसभा की तस्वीर को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

बिहार में 9 सीटों पर दावा ठोक रही कांग्रेस

कांग्रेस ने बिहार में अपने लिए पिछले लोकसभा चुनाव में जीती किशनगंज सीट के साथ 9 सीटें चिन्हित की हैं। बिहार कांग्रेस के नेताओं ने अपने लिए जिन सीटों का चयन किया है उनमें किशनगंज से मोहम्मद जावेद का लड़ना तय माना जा रहा है। सहयोगी दलों से फायर ब्रांड नेता कन्हैया कुमार या अमिता भूषण के लिए बेगूसराय सीट मांग रही है। पार्टी प्रवेश कुमार मिश्रा के लिए वाल्मीकि नगर, मीरा कुमारी या उनके पुत्र के लिए सासाराम, डॉक्टर अशोक राम के लिए समस्तीपुर, डॉक्टर अखिलेश या अनिल शर्मा के लिए नवादा, निखिल कुमार के लिए औरंगाबाद, तारिक़ अनवर के लिए कटिहार और राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के लिए सुपौल सीट चाहती है।

मोदी अयोध्या में

जागरण की सबसे बड़ी खबर है: घरों में जलाएं श्रीराम ज्योति, मनाएं दिवाली: प्रधानमंत्री। प्रभात खबर की दूसरी सबसे बड़ी सुर्खी है: राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में दिखेगी विरासत की भव्यता व दिव्यता: मोदी। भास्कर की पहली खबर है: 22 को घरों में राम ज्योति जलाएं, दीपावली मनाएं: मोदी। हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी सुर्खी है: देशवासी 22 जनवरी को श्रीराम ज्योति जलाएं: मोदी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को घर-घर में श्रीराम ज्योति जलाने की अपील की। उन्होंने कहा, उस दिन पूरा देश जगमग होना चाहिए। मोदी शनिवार को अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निकट जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा, अयोध्या में विकास की भव्यता दिख रही है। कुछ दिन बाद विरासत की भव्यता और दिव्यता दिखने वाली है। मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों से हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या आने का प्रयास न करें।

पार्टी के लिए काम करें: नीतीश

प्रभात खबर की पहली खबर है: एकजुट हो पार्टी के लिए काम करें: नीतीश। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों को लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुड़ जाने का निर्देश दिया। शनिवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास में एक-एक कर पार्टी के 22 प्रदेश अध्यक्ष प्रभारी सहित अन्य नेताओं से उन्होंने मुलाकात की। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेताओं से कहा कि संगठन और पार्टी के लिए मिलकर काम करें।

नीतीश करेंगे दौरा

तीसरी बार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झारखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में रैली करेंगे। झारखंड के रामगढ़ में 21 जनवरी और हरियाणा के रोहतक में 17 फरवरी को उनकी रैली होगी। उत्तरप्रदेश की रैली की तिथि अभी तय नहीं हुई है। जनवरी अंत में इसकी संभावना है।

मुस्लिम महिलाओं के लिए ‘मोदी भाईजान’

प्रभात खबर की एक सुर्खी है: मुस्लिम महिलाओं के लिए भाजपा का ‘शुक्रिया मोदी भाईजान’ कैंपेन। लखनऊ की इस खबर में बताया गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में मुस्लिम महिलाओं को अपने पाले में लाने के लिए भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा 2 जनवरी से उत्तर प्रदेश में सभी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में ‘शुक्रिया मोदी भाईजान’ नामक एक विशेष अभियान शुरू करेगा। यह अभियान 20 जनवरी तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत मोर्चा हर लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसमें 1000 मुस्लिम महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। मुस्लिम महिला मतदाताओं को रिझाने की इस योजना की टैगलाइन ‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’ रखी गई है। इस कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाओं को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उनके लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही बताया जाएगा कि उन्हें आखिर भाजपा को क्यों वोट देना चाहिए।

नवादा में प्रेगनेंसी सेवा के नाम पर ठगी

नवादा साइबर थाने की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने महिलाओं को गर्भवती करने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले बड़े गिरोह का खुलासा किया है। इस गिरोह के आठ सदस्य गिरफ्तार किये गये। एसआईटी ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरम्हा गांव में सीताराम प्रसाद के बेटे मुन्ना कुमार उर्फ दीपक की ईंट से बनी बोरिंग मशीन केबिन में छापेमारी की जहां सभी पकड़े गए। मुख्यालय डीएसपी कल्याण आनंद ने बताया कि अपराधी ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जॉब नामक फर्जी संस्था के नाम पर बेबी बर्थ सर्विस चला रहे थे। ये लोग किसी को भी फोन लगाकर कुछ महिलाओं को गर्भवती करने की बात करते थे। गर्भवती करने पर 13 लाख और नहीं कर पाने पर भी पांच लाख रुपये देने का झांसा देते थे। जब बात बन जाती थी तो उन्हें महिलाओं का फोटो भेजा जाता था और इनका भी फोटो व अन्य ब्योरा फोन पर मंगा लिया जाता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन के नाम पर 799 रुपये ऑनलाइन मंगाये जाते थे। फिर सिक्यूरिटी फीस के नाम पर पांच से 20 हजार तथा अन्य मदों के नाम पर ठगी की जाती थी।

इमरान खान का नामांकन रद्द

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 2024 के आम चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने बड़ा झटका दिया। दो सीटों से उनके द्वारा किया गया नामांकन खारिज कर दिया गया। इमरान आम चुनाव में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। पाक निर्वाचन आयोग ने शनिवार को जानकारी देते हुए कहा कि इमरान ने चुनाव लड़ने के लिए दो निर्वाचन क्षेत्रों लाहौर और मियांवली से नामांकन भरा था। लाहौर में उनका नामांकन इसलिए खारिज किया गया क्योंकि वह निर्वाचन क्षेत्र के पंजीकृत मतदाता नहीं थे और उन्हें अदालत की ओर से दोषी और अयोग्य ठहराया गया है।

कुछ और सुर्खियां

  • गृह मंत्रालय ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल के सरगना लखबीर सिंह को व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया
  • बिहार बीजेपी में हेलो-प्रणाम नहीं, अब सिर्फ राम-राम होगा
  • प्रभात खबर के प्रधान संपादक को धमकी देने पर ईडी ने लिया संज्ञान, जेलर को समन
  • रेलवे का एंटी फॉग डिवाइस बेअसर, 13 से 15 घंटे की देरी से चल रही ट्रेनें
  • चैंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार लौटाए
  • नए साल के पहले दिन भी खुलेंगे बिहार के सरकारी स्कूल

अनछपी: धर्म को राजनीति से दूर रखने की जितनी बातें कही जाती हैं, उसकी धज्जियां कैसे उड़ाई जाती हैं, यह देखना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या कार्यक्रम से देखा जा सकता है। व्यक्तिगत तौर पर नरेंद्र मोदी का अयोध्या दौरा या राम मंदिर में आस्था जताना स्वाभाविक है लेकिन बतौर प्रधानमंत्री उनकी बातें ऐसी हैं जो किसी धर्म प्रचारक जैसी लगती हैं। अयोध्या वैसे तो आस्था का केंद्र बताया जाता है लेकिन असल मे वह वोट बैंक की राजनीति का अड्डा भी बनाया जा रहा है। उद्घाटन समारोह के लिए राजनीतिक व्यक्तियों को निमंत्रण दिया जा रहा है और निमंत्रण स्वीकार करने या ना करने के आधार पर किसी को रामभक्त या रामविरोधी बताने की चाल चली जा रही है। कम्यूनिस्ट दलों ने तो वहां जाने से साफ इनकार कर दिया लेकिन सेक्युलर मानी जानी वाली दूसरी पार्टियां ऊहापोह में हैं। इन पार्टियों को ऐसा लगता है कि राम मंदिर का उद्घाटन वास्तव में भारतीय जनता पार्टी का एजेंडा है और उसमें शामिल होने का मतलब उसके एजेंडे को मानना है। लेकिन यह दल शायद इस बात से डरे हुए हैं कि उनके नहीं जाने को रामविरोधी बात कर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जाएगा। उनकी यह स्थिति यह दर्शाती है कि भारत में आस्था भी एक मजबूरी की चीज हो गई है। कौन कब मंदिर जाएगा इसका फैसला भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे से तय होगा या व्यक्तिगत आस्था से? फिलहाल तो ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी आस्था के नाम पर पूरे देशवासियों को डिक्टेट कर रही है। अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन को जिस तरह राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है वह सभी भारतीयों के लिए चिंता की बात होनी चाहिए। अयोध्या में इस समय घोषणाओं का अंबार लगा हुआ है और वहां सरकारी खर्चों पर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और दूसरी जगहों का कायाकल्प किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी तो सरकार की हो सकती है लेकिन किसी विशुद्ध धार्मिक कार्यक्रम को अपने हाथ में लेना सरकार की जिम्मेदारी नहीं लगती। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि क्या किसी सेक्यूलर देश की सरकार को धार्मिक कामों में इस स्तर पर हिस्सा लेना चाहिए? अगर ऐसा करना सही है तो फिर भारत को किस आधार पर सेक्यूलर देश कहा जाएगा?

 

 1,268 total views

Share Now

Leave a Reply