छपी-अनछपी: छठ घाटों और ट्रेनों के लिए मशक़्क़त, तड़पती लड़की और वीडियो बनाते लोग!
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। दिवाली के बाद पटना से छपने वाले हिंदी अखबारों में अब छठ की खबरें प्रमुख स्थान बना रही हैं। डेंगू से परेशान बिहार में बेड बढ़ाने का निर्देश दिया गया है, यह खबर भी पहले पेज पर है। प्रसिद्ध वामपंथी नेता केदार पांडे के निधन की खबर भी विस्तार से छपी है।
हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर है: छठ घाटों पर होंगे सुरक्षा के तगड़े इंतजाम। इसमें बताया गया है कि आपदा प्रबंधन विभाग में जिलों को निर्देश भेजा है, घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की जाएंगी। इसके साथ ही यह खबर दी है कि मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने बिहार के लिए स्पेशल ट्रेनें बढ़ाने के लिए रेलवे से बात की है। भास्कर की लीड भी छठ पर है जिसकी सुर्खी है: बिहार ने केंद्र से कहा छठ पर बढ़ाएं स्पेशल ट्रेनों की संख्या।
भारतीय मूल के ऋषि सुनक के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की खबर आज भी दो अखबारों में लीड है। प्रभात खबर की सुर्खी है: ब्रिटेन में अब ऋषि राज। जागरण ने लिखा है: भारतवंशी ऋषि सुनक बने ब्रिटेन के पीएम। भास्कर ने सुर्खी लगाई है: ब्रिटेन… भारतीय भाग्य विधाता।
हिन्दुस्तान में दूसरी सबसे बड़ी खबर की सुर्खी है: हॉरर किलिंग: बेगूसराय में प्रेमी-प्रेमिका की हत्या। बेगूसराय के लाखों थाने में रेलवे ट्रैक पर दो शव मिले थे। जांच पड़ताल के बाद मालूम हुआ कि ये दोनों प्रेमी- प्रेमिका थे। समझा जाता है कि इनकी कहीं और हत्या कर इस मामले को हादसे का रूप देने के लिए लाशों को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था। मारे गए लड़के के पिता ने लड़की के पिता पर दोनों को मारने का आरोप लगाया है। मारा गया युवक लड़की के पिता के यहां ट्रैक्टर चालक था। भास्कर में इससे सम्बंधित खबर की हेडिंग है: भागलपुर में भाई ने बहन को मारा, बेगूसराय में प्रेमी युगल का शव मिला।
सुपौल में एक महिला द्वारा दो बच्चों के साथ जहर खाने से तीनों की मौत होने की खबर भी सभी जगह है। सुपौल के छातापुर थाना क्षेत्र की माधोपुर पंचायत में सोमवार की रात यह घटना हुई। महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर जहर खिला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतकों में मनीषा कुमारी (25), रितिक(3) और राणा कुमार (2) शामिल हैं।
हिन्दुस्तान के पहले पेज पर मुख्यमंत्री के बयान की खबर है: बिहार के अस्पतालों में बढ़ेगी डेंगू बेड की संख्या। डेंगू की रोकथाम के लिए हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं और सभी जगहों पर डेंगू रोधी दवा का छिड़काव नियमित रूप से कराएं।
माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष तथा बिहार विधान परिषद् के सदस्य केदारनाथ पांडे का निधन रविवार देर रात नई दिल्ली में इलाज के दौरान हो गया। उनकी अंत्येष्टि बांस घाट पर मंगलवार को हुई। यह खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से छपी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. पांडेय बिहार में शिक्षकों के हित के लिए काम करने वालों में सबसे बड़ी आवाज थे। शिक्षा के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहते थे।
मंगलवार को व्हाट्सऐप सेवा दो घन्टे ठप रहने की ख़बर भी सभी जगह है। इससे करीब दो अरब उपयोगकर्ता परेशान रहे। दोपहर साढ़े बारह बजे शुरू हुई यह समस्या ढाई बजे हल हुई।
अक्सर अखबारों ने कल के सूर्यग्रहण की खबर और तस्वीरों को भी पहले पेज पर जगह दी है।
अनछपी: आज चर्चा एक संपादकीय की। हिन्दुस्तान में संपादकीय की हेडलाइन है: संवेदना पर सवाल । मामला उत्तर प्रदेश के शहर कन्नौज के एक सरकारी गेस्ट हाउस के अहाते में दर्द से तड़पती, मदद के लिए हाथ थाम लेने की गुहार लगाती 12 साल की बच्ची और उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय मोबाइल से उसकी तस्वीरें उतारती भीड़ के वायरल वीडियो का है। अखबार लिखता है कि यह वीडियो जहां शर्मसार करने वाला है, तो वहीं स्थानीय चौकी प्रभारी मनोज पांडेय का उसे गोद में लेकर अस्पताल की ओर दौड़ पड़ने का दृश्य यह भरोसा देता है कि अभी सब कुछ खत्म नहीं हुआ है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, बच्ची इतवार शाम बाजार से गुल्लक खरीदने निकली थी, मगर देर रात तक घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इंसानों ने इंसानों को मदद करने की अपनी यह ज़िम्मेदारी कैसे भुला दी, हमारे लिए सोचने की बात है। इंसान क्या हैवान भी अगर कराहता मिले तो उसके दर्द को दूर करना ही इंसानियत है मगर मोबाइल संस्कृति में यह बात ओझल हो गयी है। एक तरह से यह इस बात की भी निशानी है कि हमारी शिक्षा और संस्कार देने की व्यवस्था में गंभीर समस्या आ गयी है। इसे दूर करने में जितनी देर होगी, स्थिति उतनी ही भयावह होती जाएगी।
704 total views