छपी-अनछपी: हज यात्रियों से बोले नीतीश- देश के लिए दुआ करें, मणिपुर हिंसा में बीएसएफ जवान की जान गई

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार से हज के लिए जा रहे लोगों को रवाना करने के लिए आयोजित दुआ की मजलिस को संबोधित करते हुए कहा कि दुआ करें कि देश सुरक्षित रहे। इसकी खबर तस्वीर के साथ दी गई है। उधर मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है और ताजा घटना में बीएसएफ के एक जवान की जान चली गई है। अखबारों ने इसकी संक्षिप्त सूचना दी है। बालासोर रेल हादसे की सीबीआई जांच शुरू होने और अन्य जानकारी भी दी गई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि देश का इतिहास और आजादी की बातें बदलने की कोशिश हो रही है। संविधान में जो उल्लेखित नहीं है, आज-कल वही बातें हो रही हैं। देश सुरक्षित रहे, इसके लिए भी आप सभी दुआ कीजिएगा। मुख्यमंत्री ने हज यात्रियों की रवानगी के पूर्व हज भवन में आयोजित दुआइया मजलिस में शिरकत के क्रम में ये बातें कही। उन्होंने कहा कि आज-कल माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। आप सभी सचेत रहें, आपस में विवाद और झगड़ा नहीं होना चाहिये। आप सभी मिलकर आगे बढ़ें। मुस्लिम समुदाय के लोग भी यहीं के हैं, वे बाहर से नहीं आये हैं। बचपन में ही हमारे पिताजी ने यह बात बतायी थी। हिन्दू-मुस्लिम में हम फर्क नहीं मानते हैं। सभी एकजुट रहकर अपने-अपने धर्म का सम्मान करें, हम यही चाहते हैं।

5638 हज यात्री, 2399 महिलाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों 2020 और 2021 में कोरोना के कारण हज यात्रा पर लोग नहीं जा सके थे। पिछले वर्ष 2022 में कम लोग ही हज यात्रा पर गये थे क्योंकि 65 साल से अधिक उम्र के लोगों को हज यात्रा पर जाने की इजाजत नहीं थी। इस बार 5638 यात्री पवित्र हज यात्रा पर जा रहे हैं। इनमें 2399 महिलाएं शामिल हैं। पहले कभी हमने हज यात्रियों की इतनी बड़ी संख्या नहीं देखी थी। इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं भी हज यात्रा पर जा रही हैं। यह काफी खुशी की बात है।

थम नहीं रही मणिपुर हिंसा

हिन्दुस्तान ने पहले पेज पर खबर दी है: मणिपुर में उग्रवादी हमला, बीएसएफ का जवान शहीद। मणिपुर के काकचिंग जिले में मंगलवार को उग्रवादी हमले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान शहीद हो गया। वहीं,गोलीबारी में असम राइफल्स के दो जवान भी घायल हुए हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने तड़के करीब 4 बजे सेरौ प्रैक्टिकल हाईस्कूल में तैनात बीएसएफ जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस दौरान कांस्टेबल रंजीत यादव को गोली लग गई। उन्हें काकचिंग के जीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, सेना के दीमापुर स्थित स्पीयर कोर मुख्यालय ने ट्वीट कर बताया कि असम राइफल्स के दो घायल जवानों को हवाई मार्ग से मंत्रिपुखरी ले जाया गया है।

बालासोर हादसे की जांच

जागरण की दूसरी सबसे बड़ी खबर है: बालासोर रेल हादसे की सीबीआई जांच शुरू। बालासोर में 2 जून को हुई भीषण रेल दुर्घटना की जांच शुरू करते हुए सीबीआई ने मंगलवार दोपहर नई एफआईआर दर्ज की। सीबीआई के संयुक्त निदेशक विप्लव कुमार चौधरी की अगुवाई वाली छह सदस्य सीबीआई टीम के साथ रेलवे अधिकारी भी दुर्घटना स्थल बहानागा बाजार रेलवे स्टेशन पहुंचे और पड़ताल आरंभ कर दी। विपक्ष ने सोमवार को सीबीआई को जांच सौंपने पर सवाल उठाया था जिस पर सरकार के सूत्रों ने जानबूझकर छेड़छाड़ के कारण केंद्रीय एजेंसी से गहन जांच की आवश्यकता की बात कही थी। इस एफआईआर की धाराओं (337, 338 304 ए आदि ) लापरवाही से मौत का मामला और धारा 34 पूर्व नियोजित योजना के तहत समान उद्देश्य में 5 वर्ष तक की जेल की सजा हो सकती है।

यूक्रेन में बांध टूटने से बाढ़ का खतरा

जागरण की खबर है: यूक्रेन में टूटा बांध, रूस पर लगाया बमबारी से तोड़ने का आरोप। जंग के बीच दक्षिणी यूक्रेन के खेरसान में मंगलवार सुबह एक प्रमुख बांध टूट जाने से बड़े पैमाने पर बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यूक्रेन ने इसके लिए रूस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि यह रूस की बमबारी के कारण टूटा है। वहीं रूस ने कहा है कि बांध क्षतिग्रस्त होने के कारण अपने आप टूटा है। यूक्रेन ने बांध तोड़ने को लेकर रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

औरंगाबाद में 40 लाख के गहने की लूट

औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र में सत्येंद्र नगर मोहल्ले में स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स में मंगलवार को दोपहर अपराधियों ने 40 लाख से अधिक के गहने लूटने की खबर सभी जगह है। हिन्दुस्तान के अनुसार भागने के दौरान लुटेरों ने एक राउंड फायरिंग भी की। कर्मा रोड मोहल्ला निवासी विकास कुमार अपने भाई नीतीश कुमार के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान हथियार से लैस तीन अपराधी बाइक से पहुंचे। विकास कुमार को कब्जे में ले लिया और विरोध करने पर उनके सिर पर पिस्टल की बट से वार कर दिया। इसके बाद तिजोरी खुलवा कर सारे गहने और लगभग 60 हजार रुपए लूट लिए।

कुछ और सुर्खियां

  • पटना से वीडियो कॉल कर निर्देश देती रही डॉक्टर और पूर्णिया में नर्स करती रही ऑपरेशन, नस कटने से प्रसूता की चली गई जान
  • बालासोर ट्रेन हादसे में बिहार के 39 लोगों की मौत की खबर, 21 अब भी लापता
  • बालासोर ट्रेन हादसे में रेलवे को 125 करोड़ का नुकसान
  • खरीफ फसलों के 41 हज़ार क्विंटल वैकल्पिक बीज बांटेगी राज्य सरकार
  • बिहार में अब ड्रग्स तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन में इकोनामिक ऑफेंस यूनिट के साथ रॉ (रिसर्च एंड एनालिसिस) भी शामिल
  • बिहार की पहली वंदे भारत ट्रेन पटना पहुंची इससे रांची का सफर 6 घंटे में
  • बाढ़ राहत शिविरों में अब पीड़ितों को ₹1000 मिलेंगे

अनछपी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार की शाम हज यात्रियों को रवाना करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कही हैं। उनकी बातों से यह स्पष्ट है कि उन्हें भी इस बात का एहसास है कि हमारे समाज में हिंदू और मुस्लिमों के बीच नफरत फैलाने की जानबूझकर कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस धार्मिक अवसर का अच्छा इस्तेमाल करते हुए समाज में नफरत फैलाने वाले लोगों से सचेत रहने की बात की है। ऐसे ही दूसरे धार्मिक आयोजनों पर ये बातें कही जाएं तो मुख्यमंत्री की यह बातें महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। हालांकि यह अफसोस की बात है कि उन्हें यह कहना पड़ रहा है कि मुस्लिम समुदाय के लोग भी यहीं के हैं, वे बाहर से नहीं आये हैं। लेकिन यह तल्ख सच्चाई है कि नई पीढ़ी को यह बात समझाने की जरूरत है। श्री कुमार ने कहा कि बचपन में ही उनके पिताजी ने यह बात बतायी थी। लेकिन क्या हम यह बात कह सकते हैं कि आज के सभी माता-पिता अपने बच्चों को यही बात समझा रहे हैं? आज के समाज में हमें स्कूलों के बच्चों तक से यह अफसोसनाक बात सुनने को मिलती है कि मुस्लिम समुदाय के बच्चों को पाकिस्तानी कहकर चिढ़ाया जाता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कि यह बेहद अहम बात राज्य और देश के हर नागरिक तक पहुंचाने की जरूरत है। मगर यह काम सिर्फ दुआ की एक मजलिस से पूरा नहीं होगा इसके लिए राजनैतिक स्तर पर और पंचायत तक अपनी बात पहुंचानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने देश को सुरक्षित रखने के लिए दुआ करने की बिल्कुल सही अपील की और हज यात्री अपने वतन में अमन और शांति की दुआ करते भी हैं। मगर ऐसी दुआ करने वाले लोगों को देश में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है।

 1,150 total views

Share Now

Leave a Reply