छपी-अनछपी: महिला आरक्षण बिल कैबिनेट से पास, नीतीश बोले- हर समय चुनाव के लिए तैयार

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। महिला आरक्षण बिल की कैबिनेट से मंजूरी की खबर प्रमुखता से ली गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि वह हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। इस बयान की भी अच्छी कवरेज है।

हिन्दुस्तान की पहली खबर है: महिला आरक्षण बिल कैबिनेट से मंजूर। जागरण ने लिखा है: महिला आरक्षण विधायक को कैबिनेट से मंजूरी, नए संसद भवन में रचेगा इतिहास। भास्कर की सबसे बड़ी खबर यही है: महिला आरक्षण से नई संसद की प्राण प्रतिष्ठा। संसद के विशेष सत्र के बीच सोमवार को कैबिनेट बैठक में महिला आरक्षण बिल को मंजूरी मिल गई। इस विधेयक में लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का प्रावधान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में डेढ़ घंटे तक चली बैठक में यह फैसला लिए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सरकार ने इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया। यह बिल मंगलवार को लोकसभा में पेश किया जा सकता है।

पुरानी संसद: नेहरू से अटल तक

जागरण की सबसे बड़ी खबर है: नेहरू से अटल तक का किया यशोगान। पुराने संसद भवन में संचालित अंतिम सत्र में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अतीत के गौरवशाली पलों को याद किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की अच्छाई के साथ हम नए संसद भवन में जाएंगे। नई इमारत में मंगलवार से कामकाज शुरू होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, पीवी नरसिंह राव, अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह समेत अन्य नेताओं के देश के निर्माण में योगदान की प्रशंसा की।

हर समय चुनाव के लिए तैयार: नीतीश

जागरण की दूसरी सबसे बड़ी सुर्खी नीतीश कुमार का बयान है: हम लोग हर समय चुनाव के लिए तैयार।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि वे चुनाव के लिए तैयार हैं। जितना जल्द चुनाव हो जाए, उतना अच्छा है। हम हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। भारत सरकार को अधिकार है कि लोकसभा का चुनाव पहले भी करा सकती है। मुख्यमंत्री सोमवार को स्व. सर शिवसागर रामगुलाम की जयंती के अवसर पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। यह बताने पर कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिहार में चुनाव जल्द होगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोग तो पूरे देश में जल्द चुनाव कराना चाहते हैं। लेकिन, हम तैयार हैं। कभी चुनाव करा लें।

आमिर सुबहानी इलाज के लिए दिल्ली गए

मुख्य सचिव आमिर सुबहानी को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे पिछले तीन-चार दिनों से पटना के पारस अस्पताल में भर्ती थे। पारस में भर्ती होने के पहले मुख्य सचिव का घर पर ही इलाज चल रहा था। वे कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थे। इसी दौरान वे घर पर ही गिर गए, जिससे उन्हें चोट लग गयी। इसके बाद उन्हें पारस में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति में लगातार सुधार भी हो रहा था। लेकिन, बेहतर इलाज के लिए उन्हें रविवार सुबह 10:15 बजे एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया गया। साथ में उनकी पुत्री और एक सहायक भी गए हैं। 

शराब बेचने में थानेदार गिरफ्तार

जागरण की खबर है: वैशाली के सराय थाने में बिक रही थी शराब, थानेदार समय चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार। सराय थाने से शराब की बिक्री होने की पुष्टि होने के बाद पटना की उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को 3:00 बजे भोर में छापेमारी कर पिकअप पर शराब लोड होते हुए पकड़ा। इस मामले में थानेदार विदुर कुमार समेत चार पुलिसकर्मियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। छापेमारी के समय वैशाली के एसपी रविरंजन भी थाने पहुंचे थे। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

रामजी ने शिक्षा मंत्री से क्या कहा!

भास्कर की खबर है: शिक्षा मंत्री बोले भगवान राम मेरे सपने में आए, कहा- मुझे बाजार में बिकने से बचा लो, मैं इसी कोशिश में लगा हूं। शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर रामपुर (पिपरा, सुपौल) में एक प्रोग्राम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि चूंकि हम लोग राम की चाहत के अनुसार देश को नहीं बना रहे इसलिए वो कुपित हैं, और इसीलिए समय पर वर्षा नहीं हो रही है। “रामजी देख रहे हैं कि उनको ही ठगा जा रहा है, उनको भी बाजार में बेचा जा रहा है। रामजी ने कहा- हमको बचा लो चंद्रशेखर, बड़ा कल्याण होगा धरती का।”

कुछ और सुर्खियां

  • मनी लांड्रिंग के मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, कहा- हाई कोर्ट जाएं
  • बिहार में 1288 दरोगा की बहाली जल्द
  • जदयू एमएलसी राधा चरण सेठ के बेटे को भी ईडी ने किया गिरफ्तार
  • लिक एजेंट को अब 5 लाख की ग्रेच्युटी मिलेगी
  • रोहतास में काला हिरण का शिकार करने वाले दो गिरफ्तार
  • मुजफ्फरपुर के सकरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन डूबे

अनछपी: बिहार में जल्द चुनाव होने का शगूफा छोड़ने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से भी जवाब मिला है। उन्होंने कहा है कि जब चुनाव चाहे करा सकते हैं। नेताओं की बात में रोचक बात यह है कि अमित शाह जहां बिहार में चुनाव की बात कर रहे हैं वहीं नीतीश कुमार राष्ट्रीय चुनाव की बात कर रहे हैं। एक देश-एक चुनाव के नारे के बीच यह अटकल लगाई जा रही है कि केंद्र कि मोदी सरकार समय से पहले चुनाव कर सकती है। यह अटकल भी लगाई जा रही है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ ही लोकसभा चुनाव कराने की रणनीति पर भारतीय जनता पार्टी गंभीरता से विचार कर रही है। इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चुनाव पहले कराए जाने के बयान पर भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने उन्हें चुनौती दी कि वह समय से पहले चुनाव करा लें। बिहार में समय से पहले चुनाव करने का मतलब होगा 2025 से पहले नीतीश कुमार इस्तीफा दें और नए सिरे से चुनाव हो जबकि लोकसभा चुनाव 2024 में निर्धारित है। यह केवल बयानों का खेल है या इसके पीछे कोई राजनीति चल रही है इसका पता इतनी आसानी से नहीं चलेगा। इतना तो लगभग साफ है कि बिहार में 2025 से पहले चुनाव का इरादा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नहीं है और इस बारे में 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद ही कुछ फैसला होने की उम्मीद है। ठीक-ठाक चल रही सरकार को 2 साल पहले भंग करने का कोई मतलब नहीं बनता। यह देखना जरूर दिलचस्प होगा कि क्या 2024 का चुनाव समय से पहले होता है और उसके बाद नीतीश कुमार क्या फैसला लेते हैं। जाहिर है इस मामले में राष्ट्रीय जनता दल भी अपने आंख कान खुले रखेगा ताकि अगर चुनाव के समय में कोई हेर फेर हो तो उसकी तैयारी भी पूरी रहे। आने वाले समय में चुनाव के समय को लेकर बयानबाजी जारी रहने की उम्मीद है लेकिन कोई ठोस बात का पता चलना शायद अभी मुश्किल है।

 

 494 total views

Share Now

Leave a Reply