छ्पी-अनछपी: बीजेपी नेताओं को भी बुरा लगा एनकाउंटर, बिहार को 200 ट्रेनों का वादा मिला

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अदालती कार्यवाही का इंतजार किए बिना एनकाउंटर में मर्डर के हक में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी अब इसका विरोध किया है। रेल मंत्री ने अगले 5 वर्षों में बिहार को 200 ट्रेन देने का वादा किया है। पटना हाई कोर्ट में मनेर शरीफ दरगाह के संरक्षण के बारे में जवाब तलब किया है।

और, थाने में ज़ब्त कफ सिरप बचने के आरोप में चार पुलिस वालों को गिरफ्तार किया गया है।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार भोजपुर के शाहपुर में भारत भूषण तिवारी के पुलिस एनकाउंटर पर मौत के मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेता सवाल उठा रहे हैं। भाजपा नेता और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भोजपुर की घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बदले की भावना या नकारात्मक मानसिकता के कारण परेशान नहीं किया जाना चाहिए। कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून के पालन की जिम्मेदारी सरकार की है और जो भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण के निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने पुलिस की निंदा की है उन्होंने कहा कि यह पुलिस की कुछ सिद्ध ग्रहनीत और विद्वेषपूर्ण मानसिकता को दर्शाता है जिससे सरकार की बदनामी हो रही है। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला बताया। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिंह ने भोजपुरी की घटना पर दुख प्रकट करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भारत भूषण की मौत से पूरा क्षेत्र मर्माहत है। घटना को लेकर जनता के मन में जो सवाल और चिंताएं हैं उनका निष्पक्ष उत्तर सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून से ऊपर कोई नहीं हो सकता। इधर राजद ने भी इस एनकाउंटर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने को कहा है।

बिहार से 5 वर्षों में बुलेट ट्रेन समेत 200 नई ट्रेनों का वादा

अगले पांच से आठ वर्षों में बिहार से बुलेट समेत 200 नई ट्रेनें दौड़ेंगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार के 98 रेल स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है और आने वाले वर्षों में राज्य को बुलेट ट्रेन की भी सौगात मिलेगी। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से पटना की यात्रा महज 4 घंटे 41 मिनट में पूरी होगी। अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ छपरा जंक्शन से दो नई ट्रेनें छपरा-दिल्ली आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस और मऊ-दिल्ली आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ के मौके पर ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पहले बिहार के साथ रेलवे के मामले में अन्याय होता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को अब रेलवे के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का बजट मिल रहा है। वैष्णव ने कहा कि बिहार में 14 वंदे भारत और 11 अमृत भारत ट्रेन चल रही हैं।

मनेर शरीफ दरगाह के संरक्षण पर हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

जागरण की ख़बर है कि पटना हाईकोर्ट ने ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के मनेर शरीफ दरगाह परिसर के संरक्षण, स्वच्छता, सुरक्षा, सौंदर्याकरण तथा समग्र विकास को लेकर दायर लोकहित याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार को जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय एवं सोनी श्रीवास्तव की खंडपीठ ने मोहम्मद महमूद आलम द्वारा दायर लोकहित पर सुनवाई की। तालाब और परिसर के समुचित रखरखाव, स्वच्छता, संरक्षण तथा विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाने की आवश्यकता है। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार, राज्य सरकार, पर्यटन विभाग तथा अन्य पक्षकारों की ओर से अधिवक्ताओं ने अपना पक्ष रखा। अदालत ने अगली सुनवाई 13 जुलाई 2026 को निर्धारित की है।

सस्पेंडेड आईएएस अधिकारियों के घरों पर छापेमारी

सरकारी टेंडरों में हेराफेरी कर ठेकेदार रिशु श्री की कंपनियों को लाभ पहुंचाने के आरोप में शुक्रवार को निलंबित आइएएस अधिकारी अभिलाषा शर्मा व योगेश कुमार सागर व रिशु श्री की कथित कंपनी मातृस्वा इन्फ्रा के डायरेक्टर पवन कुमार के आवासों पर विशेष निगरानी इकाई ने छापेमारी की. यह कार्रवाई सुबह से लेकर देर रात तक जारी रही. इस दौरान तीनों अपने-अपने आवास पर नहीं मिले. हालांकि, तीनों के घर पर रहने या फरार होने को लेकर पुष्टि नहीं की गयी. एसवीयू के एडीजी पंकज कुमार दाराद ने केवल छापेमारी की आधिकारिक जानकारी साझा की.

इसराइल भी सीजफायर के लिए तैयार

हिन्दुस्तान के अनुसार इसराइल और हिजबुल्ला के बीच भी शुक्रवार को युद्धविराम पर सहमति बन गई। हालांकि, इससे पहले उसने लेबनान पर भीषण हमले किए, जिसमें 47 लोगों की मौत और 97 घायल हो गए। संभवतः इसी के चलते अमेरिका-ईरान के बीच स्विट्जरलैंड में होने वाली वार्ता भी टल गई। वार्ता सुबह होनी थी। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि अमेरिका, कतर और ईरान की मध्यस्थता के बाद इजरायल और हिजबुल्ला के बीच समझौता हो पाया। वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इजरायली हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी सैन्य कार्रवाइयों के दूरगामी और खतरनाक परिणाम हो सकते हैं। ईरान का कहना है कि लेबनान में इजरायल की कार्रवाई वहां की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है।

ईरान बोला- अगर समझौता टूटा तो कड़ा जवाब देंगे

ईरान के शीर्ष वार्ताकार और संसद अध्यक्ष बाघेर गालिबफ ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि वॉशिंगटन या उसके सहयोगी नए समझौते का उल्लंघन करते हैं, तो ईरान करारा और निर्णायक जवाब देगा। गालिबफ ने एक्स पर जारी एक संदेश में कहा कि सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई द्वारा निर्धारित शर्तों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप समझौते को आगे बढ़ाने के लिए ईरान प्रतिबद्ध है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दूसरी ओर से समझौते का उल्लंघन हुआ तो तेहरान पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा यदि विरोधी पक्ष समझौते के उल्लंघन या अत्यधिक मांगों का रास्ता अपनाता है, तो दुश्मन को करारा जवाब देने में हमें कोई हिचक नहीं होगी।

थाने से बिक गई जब्त कफ सिरप, चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

जागरण के अनुसार सुपौल जिले के प्रताप गंज थाना में जब्त प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की कथित चौरी और बिक्री का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने थाना के एक चौकीदार, एक अग्निशमन सिपाही, एक अग्निशमन चालक और डायल-112 के चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं गंभीर लापरवाही और संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष प्रतापगंज पुलिस ने एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप जब्त किया था। आरोप है कि थाना में सुरक्षित रखी गई जब्त खेप में से चौकीदार राहुल कुमार, अग्निशमन सिपाही रंजन राज, अग्निशमन चालक मनीष कुमार तथा डायल-112 चालक अखिलेश कुमार रात के समय कफ सिरप निकालकर बेचने का काम करते थे। मामले की शिकायत डीजीपी तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सुपौल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। समिति में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार तथा पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) गौरव गुप्ता भी शामिल थे। जांच रिपोर्ट में पता चला कि कांड संख्या 216/25 में कुल 7560 बोतल कोडीन कफ सिरप जप्त किए गए थे।

कुछ और सुर्खियां:

  • मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी के दिन 21 जून को बंद रहेगा टेलीग्राम, सरकार के आदेश पर हाईकोर्ट की मुहर
  • नेपाल में बारिश से महानंदा नदी में उफान, कई जगह नुकसान
  • प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि योजना के तहत बिहार के 73 लाख किसानों को 1463 करोड़ रुपये मिलेंगे
  • दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा में 34302 में 10759 सफल

अनछपी: यह बताने की जरूरत नहीं है लेकिन इसकी चर्चा की जानी चाहिए कि बिहार और भारतीय जनता पार्टी के शासन वाले दूसरे राज्यों में एनकाउंटर का मतलब फर्जी एनकाउंटर ही होता है। जब कोई यह कहे की पुलिस उसका एनकाउंटर कर दे तो इसका मतलब यही होता है कि उसे फर्जी तरीके से एनकाउंटर दिखाकर मार दिया जाए। यह परिभाषा शब्दकोश में नहीं मिलेगा लेकिन हकीकत में ऐसा ही होता है। भारतीय जनता पार्टी के नेता आमतौर पर इस तरह के एनकाउंटर के पक्ष में बयान देते हैं और इसे कड़क शासन का सबूत बताते हैं। हालांकि लोग इस पर ऐतराज जताते हैं कि जब देश में संविधान है और अदालत है तो उनकी कार्रवाई को नजरअंदाज करते हुए सीधे किसी का एनकाउंटर कैसे किया जा सकता है? इस दलील का भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर तब तक असर नहीं हुआ जब तक उन्हें ऐसा कोई मामला देखने को नहीं मिला जिसमें उन्हें लगे कि यह शायद उनका समर्थक था। बिहार में भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार आने के बाद एनकाउंटर मामले में जातिवाद का आरोप भी लगता रहा है और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी यह मुद्दा उठाया था लेकिन सरकार इससे इंकार करती है। अब भोजपुर एनकाउंटर मामले से सवर्ण जाति का संबंध है तो भारतीय जनता पार्टी के ज्यादातर सवर्ण नेता इसका विरोध कर रहे हैं और अब वह भी कानूनी कार्रवाई की बात कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की कानून के तहत कार्रवाई की मांग अच्छी है लेकिन उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि जब दूसरी जाति और दूसरे धर्म के किसी व्यक्ति का एनकाउंटर होता है तब भी कानून के तहत ही कार्रवाई की जानी चाहिए थी। ऐसा ना हो कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का फर्जी एनकाउंटर को एनकाउंटर बताने का रवैया अपनाया जाए और आरोपित की मनमानी ढंग से जान ले ली जाए।

 39 total views

Share Now

Leave a Reply