छ्पी-अनछपी: कल से ईरान-अमेरिका संबंध का नया दौर, पटना से राजगीर का हेलीकॉप्टर भाड़ा ₹6000

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ईरान और अमेरिका के बीच 107 दिन पुरानी जंग खत्म करने पर समझौता हो गया है। राजगीर, मुंडेश्वरी मंदिर, तुतला भवानी मंदिर और वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व जैसे राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थलों की हवाई सैर सिर्फ 6000 में करायी जायेगी। बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति के आदेश पर अब नए डिग्री कॉलेज में उर्दू और मैथिली की भी पढ़ाई होगी।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार  करीब 107 दिनों के खूनी संघर्ष और भारी तनाव के बाद मध्यपूर्व में शुक्रवार से शांति की घर वापसी होने जा रही है। मैराथन कूटनीति और 14 घंटे से अधिक समय चली वार्ता के बाद अमेरिका और ईरान में युद्ध खत्म करने पर ऐतिहासिक सहमति बन गई है। समझौते पर 19 जून (शुक्रवार) को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिसके तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दिया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने टूथ सोशल पर करार का ऐलान किया। वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, समझौते का ब्योरा शुक्रवार को साझा किया जाएगा। अमेरिकी मीडिया रिपोटों के अनुसार, ट्रंप रविवार को ईरान के वार्ताकार एवं संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ के साथ समझौते के प्रारूप पर डिजिटल हस्ताक्षर कर चुके हैं।

ईरान को 28 लाख करोड़ देखकर जंग से छूटेंगे ट्रंप

भास्कर के अनुसार 28 फरवरी से अब तक ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका करीब 10 लाख करोड रुपए से ज्यादा खर्च कर चुका है। ईरान के साथ हुए समझौते के अनुसार अमेरिका और उसके सहयोगी खड़ी देश ईरान के पुनर्निर्माण के लिए साढ़े 28 लाख करोड़ रुपए का पैकेज देंगे। इस समझौते के अनुसार 30 दिन में अमेरिकी नाकेबंदी खत्म की जाएगी और ईरानी क्षेत्र से अमेरिकी सेनाएं भी हटेंगी। दूसरी ओर ईरान होर्मुज स्ट्रेट को खोलेगा और ईरानी तेल पेट्रोकेमिकल और दूसरे निर्यातों पर अमेरिका प्रतिबंध हटाएगा। एनएनपीटी के तहत ईरान परमाणु बम नहीं बनाने का लिखित आश्वासन देगा। वार्ता की शुरुआत में ही अमेरिका ईरान की करीब 1.25 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति को डीफ्रीज करेगा।

पटना से राजगीर का हेलीकॉप्टर किराया ₹6000

प्रभात खबर के अनुसार बिहार के आम लोगों के लिए अब आसमान से सूबे की खूबसूरती को निहारना बेहद किफायती होने जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि 15 जुलाई से पटनावासी केवल 2100 रुपये में हेलिकॉप्टर से हवाई सैर कर सकेंगे. इसके साथ ही राजगीर, मुंडेश्वरी मंदिर, तुतला भवानी मंदिर और वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व जैसे राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थलों की हवाई सैर सिर्फ 6000 में करायी जायेगी. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि इस तय दर के अलावा जो भी अतिरिक्त खर्च आयेगा, उसे बिहार सरकार वहन करेगी. मुख्यमंत्री सोमवार को मीठापुर स्थित मत्स्य विकास भवन में राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एनएफडीबी), हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने संयुक्त रूप से किया.

नए डिग्री कॉलेज में उर्दू और मैथिली की भी पढ़ाई

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार के नवसृजित 211 डिग्री कॉलेजों में पहली जुलाई से शुरू हो रहे शैक्षणिक सत्र में उर्दू एवं मैथिली विषयों की भी पढ़ाई होगी। राज्यपाल सय्यद अता हसनैन ने विभिन्न प्रखंडों में नवसृजित 211 सरकारी डिग्री महाविद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र से उर्दू एवं मैथिली विषयों की पढ़ाई प्रारंभ किए जाने का निर्देश सोमवार को दिया है। इन महाविद्यालयों में पहली जुलाई से प्रारंभ होने वाले शैक्षणिक सत्र में फिलहाल छह विषयों की पढ़ाई शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीतिक शास्त्र, समाज शास्त्र और अर्थशास्त्र विषय शामिल हैं। ये सारे विषय कला संकाय से जुड़े हुए हैं। राज्यपाल ने वहां आगामी शैक्षणिक सत्र से उर्दू एवं मैथिली को भी अध्ययन- अध्यापन के विषयों में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। इन दोनों विषयों के बाद इन कॉलेजों में आठ विषयों की पढ़ाई प्रारंभ होगी।

मुजफ्फरपुर में स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर से हिन्दुस्तान के अनुसार कच्ची पक्की ओपी क्षेत्र के माधोपुर सुस्ता इलाके में सोमवार रात 8 बजे अपराधियों ने आभूषण व्यवसायी दीपक कुमार (50) की लूट का विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी और बहू के सामने व्यवसायी को तीन गोलियां मारीं। वारदात उस समय हुई जब दीपक अपनी माधोपुर स्थित दुकान बंद कर बाइक से माधोपुर सुस्ता स्थित घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूर पहले बदमाशों ने उन्हें घेरा और गहने वाला झोला लूटने लगे। शोर मचाते हुए एक अपराधी को व्यवसायी ने दबोच लिया। दोनों में गुत्थम गुत्थी हुई। घर के लोग भी उस तरफ दौड़े। इस दौरान अपराधियों की एक पिस्टल गिर गई। विरोध करने और लोगों से घिरता देखकर अपराधियों ने दीपक के सीने और कमर के पास तीन गोलियां दाग दीं।

पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़ने के आरोप में मधुबनी से मदरसा शिक्षक गिफ्तार

भास्कर के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार की सुबह मधुबनी से पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर से जुड़े संदिग्ध इजहारुल हक को गिरफ्तार कर लिया। उसपर राष्ट्र‌विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस की टीम ने उसे मधुबनी के राघोनगर स्थित मदरसा नूरे मोहम्मिदया में सोमवार की सुबह तीन बजे छापेमारी कर गिरफ्तार किया। कार्रवाई में मध्य प्रदेश एटीएस, एसटीएफ, हैदराबाद और डीआईयू पटना की संयुक्त टीम शामिल थी। टीम ने नगर थाना क्षेत्र के सिंघानिया चौक स्थित गोवा पोखर गली में छापेमारी की। पूरी कार्रवाई सोमवार की सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच की गई। मध्य प्रदेश में दर्ज एक मामले में उसका नाम सामने आने के बाद विभिन्न एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। जांच एजेंसियों को इजहारुल के आतंकी संगठनों से जुड़े होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। वह पिछले 15 वर्षों से इस मदरसे में बच्चों को पढ़ा रहा था। पुलिस ने उसके पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में मोबाइल से कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। बिहार एटीएस के एडीजी पंकज दाराद ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस उसे रिमांड पर लेकर रवाना हो गई।

उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर सुप्रीम कोइट से नोटिस

जागरण के अनुसार बिहार के पंचायती राज मंत्री और राजग साथी उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने बगैर निर्वाचित हुए दीपक प्रकाश को दोबारा बिहार में मंत्री बनाए जाने को चुनौती देने वाली याचिका पर नोटिस जारी कर दीपक प्रकाश, बिहार सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। में नोटिस प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस की. मोहना की पीठ ने जारी किए। सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश ने पूछा कि क्या वह अभी भी मंत्री हैं।

कुछ और सुर्खियां:

  • राजद के एमएलसी सौरभ कुमार को पूर्वी चंपारण में सड़क पर वकील से मारपीट करने के मामले में 4 साल की सजा
  • पीके शाही के इस्तीफा देने के बाद बिहार के नए महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) सत्यदर्शी संजय होंगे
  • राजगीर के मलमास मेला खत्म होने से कुछ घंटे पहले मंदिर में चोरी का आरोप लगा भीड़ में दो युवकों को पीट-पीट कर मार डाला
  • यूपीएससी की सिविल सेवा पॉइंट का रिजल्ट जारी, 13343 उम्मीदवार कामयाब
  • अहमदाबाद पुलिस ने नीट यूजी पुनर्परीक्षा का पेपर दिलाने का झांसा देने के आरोप में दो को गिरफ्तार किया
  • पटना हाई कोर्ट के साथ नए जजों ने शपथ ली

अनछपी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 107 दिन पुरानी एक बेमतलब जंग को खत्म करने का फैसला लेकर ईरान के साथ नहीं, बल्कि खुद अपने साथ समझदारी का परिचय दिया है और उम्मीद है कि इस समझदारी में इसराइल का कोई बखेड़ा आड़े नहीं आएगा। हालांकि यह मानना बहुत मुश्किल है कि इसराइल अमेरिका की इजाजत के बिना ईरान पर हमले कर रहा था लेकिन हाल के दिनों के बयानों से ऐसा लगता है कि इसराइल ईरान के साथ युद्ध समाप्त न हो, इसके लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहा था। इसकी वजह शायद यह है कि इसराइल को हथियार और पैसों के मामले में अमेरिका से मदद मिलती जा रही थी। शायद यह पहली बार है जब अमेरिका के एक वर्ग को इस बात का एहसास हो चुका है कि वह इसराइल के कहने पर ईरान से लंबे समय तक युद्ध कर अपना ही नुकसान करेगा चाहे इसके बदले ईरान का जितना भी बड़ा नुकसान हो। राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा इस समझौते के ऐलान के बावजूद इसराइल के नेता ऐसा व्यवहार कर रहे हैं जैसे वह इस समझौते को कामयाब होते नहीं देखना चाहते। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस समझौते का स्वागत किया है। उम्मीद है कि भारत में जो तबका इसराइल का बहुत बड़ा प्रेमी है वह इस बात को समझेगा कि ईरान के साथ दुश्मनी लेकर भारत अपने व्यापारिक हितों को नहीं साध सकता। यही वजह है कि भारत के विदेश मंत्रालय ने ईरान के बारे में बेहद सधी हुई प्रतिक्रिया दी है हालांकि घरेलू राजनीति में इसरायल के समर्थकों ने ईरान के बारे में बेहद अनुचित और आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। भारत सरकार को ऐसे तत्वों पर काबू पाने की कोशिश करनी चाहिए क्योंकि जब बेमतलब के युद्ध में ईरान को अमेरिका नहीं हरा सका तो भारत बिना जरूरत किसी देश से दुश्मनी क्यों मोल ले। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय को इसराइल से अपने संबंधों के बारे में भी विचार करना चाहिए क्योंकि उससे बहुत अधिक निकटता भारतीय हित में मालूम नहीं पड़ता।

 186 total views

Share Now