छ्पी-अनछपी: टूट गई ममता की पार्टी, सिपाही भर्ती के उम्मीदवारों का भारी हंगामा

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी की पार्टी आखिरकार औपचारिक रूप से टूट गई। पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर ट्रेन में जगह नहीं मिलने और परीक्षा स्पेशल ट्रेन देर से पहुंचने की वजह से सिपाही भर्ती का इम्तिहान देने जा रहे उम्मीदवारों ने भारी हंगामा किया। अमेरिका ने जिस समझौते के दावा किया है उसके तहत ईरान इस बात के लिए राजी हो गया है कि वो न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही खरीदेगा।

पहली ख़बर

जागरण के अनुसार पश्चिम बंगाल चुनाव की हार के बाद बाद तृणमूल कांग्रेस में बिखराव की हलचल रविवार को अंततः उसके 20 लोकसभा सांसदों की टूट के साथ मुकाम पर पहुंच गई। बागियों ने टीएमसी के 28 में से 20 सांसदों के समर्थन का दावा किया और खुद को त्रिपुरा के एक अनजान से दल नेशनल सिटिजंस पार्टी आफ इंडिया (एनसीपीआइ) में शामिल होने की घोषणा करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को उन्हें मान्यता देने के लिए आवेदन दे दिया। इन बागी सांसदों ने स्पीकर के सामने यह भी साफ कर दिया कि वे सदन में अलग गुट के तौर पर बैठना चाहते हैं। टीएमसी के इन बागी सांसदों ने यह भी एलान कर दिया कि वे भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए सरकार का समर्थन करेंगे। दल-बदल कानून के तहत अयोग्य ठहराए जाने से बचने के लिए उन्होंने एनसीपीआई में शामिल होने का कदम उठाया।

तृणमूल कांग्रेस की विरला से अपील, किसी अलग गुट को मान्यता न दें

बागी सांसदों के कदमों को भांपते हुए तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा में नेता अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र भेज किसी भी कथित अलग गुट को कोई मान्यता या सुविधा नहीं देने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा करना दल बदल विरोधी कानून ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट के फैसले और संविधान के भी खिलाफ होगा। दलबदल विरोधी कानून किसी मौजूदा राजनीतिक दल के भीतर अलग समूह बनाने की इजाजत नहीं देता।

पाटलिपुत्र जंक्शन पर भारी बवाल

हिन्दुस्तान के अनुसार उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात पाटलिपुत्र जंक्शन पर भारी बवाल किया। इस दौरान परीक्षार्थियों ने रेलवे परिसर और ट्रेनों में तोड़फोड़ की, पथराव किया और एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन में आग लगाने की कोशिश की। अभ्यर्थी ट्रेन में जगह नहीं मिलने और परीक्षा स्पेशल ट्रेन देर से पहुंचने की वजह से उग्र हुए। पथराव में पटना केंद्रीय क्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा समेत छह पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। बाद में पुलिस ने छह राउंड हवाई फायरिंग और इतनी ही संख्या में आंसू गैस के गोले दागकर अभ्यर्थियों को तितर-बितर किया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि पांच सौ अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। हंगामा की वजह से शनिवार की रात करीब 11:30 बजे से लेंकर रविवार की सुबह 5:30 बजे तक रेल परिचालन बाधित रहा। रात दो बजे रेल आईजी ने अभ्यर्थियों को मनाने की कोशिश की। आश्वस्त किया कि अलग से ट्रेन की व्यवस्था हो रही है। आरोप है कि रात करीब 3 बजे एक स्पेशल ट्रेन पहुंची, पर अभ्यर्थियों ने उससे जाने से मना कर दिया। 

बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन के नियम बदलेंगे 24 मीटर तक को सेल्फ सर्टिफिकेशन से मंजूरी

जागरण के अनुसार बिहार में भवन निर्माण और शहरी विकास की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए राज्य सरकार ने बिहार बिल्डिंग बायलाज 2026 का मसौदा तैयार किया है। नए नियम लागू होने के बाद भवन निर्माण की स्वीकृति प्रणाली में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे। खासकर छोटे और मध्यम आकार के भवनों के लिए सेल्फ-सर्टिफिकेशन व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे लोगों को नक्शा स्वीकृति के लिए लंबे समय तक सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सबसे बड़ा बदलाव सेल्फ-सर्टिफिकेशन प्रणाली को लेकर किया गया है। इसके तहत निर्धारित श्रेणी के भवनों के लिए नगर निकाय से नक्शा स्वीकृति लेने की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदक को केवल अधिकृत तकनीकी विशेषज्ञ से भवन योजना तैयार कराकर आनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद स्वीकृति प्रमाणपत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। सेल्फ-सर्टिफिकेशन के तहत 24 मीटर ऊंचाई और अधिकतम 750 वर्गमीटर प्रति तल क्षेत्रफल तक के आवासीय भवन शामिल किए गए हैं। इसके अलावा नौ मीटर तक के शैक्षणिक भवन, 15 मीटर तक के संस्थागत भवन, नौ मीटर तक के सभा भवन, 15 मीटर तक के वाणिज्यिक भवन आदि भी इस व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे।

अमेरिका का दावा: ईरान अब नहीं बनाएगा परमाणु बम

हिन्दुस्तान की खबर है कि ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते से जुड़े बिंदुओं से पता चला है कि ईरान इस बात के लिए राजी हो गया है कि वो न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही खरीदेगा। सूत्रों के मुताबिक, ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को ये दावा किया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि रविवार को समझौते पर हस्ताक्षर होगा। इसी बीच बेरूत पर इजरायली हमले के बाद ईरान का रूख बदल गया है। ईरानी अधिकारी ने बताया कि जब तक समझौता लंबित है, तब तक ईरान परमाणु कार्यक्रम पर यथास्थिति बनाए रखेगा। ईरान यूरेनियम संवर्धन और परमाणु संयंत्रों को विस्तार देने से बचेगा। उन्होंने दावा किया, अमेरिका ने यूरेनियम डस्ट को ईरान में ही नष्ट करने की’ अनुमति दे दी है। साथ ही अमेरिका इस बात पर भी सहमत हो गया है कि भविष्य में होने वाले एक व्यापक समझौते के तहत ईरान को अपनी जमीन पर संवर्धित यूरेनियम के भंडार को कम करने की अनुमति रहेगी। समझौते के 60 दिन के भीतर बातचीत होगी। अंतिम समझौते में इस पर निर्णय लिया जाएगा।

ज्ञान बिंदु के निदेशक के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध स्थितियों में मौत

भास्कर के अनुसार पटना के मुसल्लहपुर स्थित ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस आंनंद की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात विराटनगर के शुभ होटल की है। इस मामले में प्रिंस के साथ होटल में रह रहे अरनिया यादव, रोशन यादव, यादव और जयराम यादव और एक नेपाली को नेपाल पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रिंस कोचिंग का कामकाज संभालते थे। परिजनों ने प्रिंस की हत्या का आरोप लगाया है। 

मंत्री ने कबूल किया: पुलिस की मिली भगत से फेल हो रही शराबबंदी

जागरण के अनुसार मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने रविवार को बिहार पुलिस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में पुलिसकर्मियों की मिलीभगत के कारण शराबबंदी विफल हो रही है। आमलोग भी इसकी शिकायत करते हैं कि जो भी विदेशी शराब बाहर से आ रही है या देसी शराब यहां बनाई जा रही है, उसमें पुलिस की संलिप्तता रहती है। 

कुछ और सुर्खियां: 

  • एनटीए ने मेडिकल के एंट्रेंस नीट यूजी की पुनर्परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किया, 21 जून को होगा टेस्ट
  • नीट के फर्जी पेपर बेचने वाले चार लोग मुजफ्फरपुर से पकड़े गए
  • अमेरिका के मिसौरी राज्य में स्काई डाइविंग के लिए उड़ान भर रहा जहाज़ हादसे का शिकार, 12 लोग मरे
  • मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में आग की अफवाह से ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन से कट कर कर की मौत
  • भारतीय महिला टीम ने टी 20 विश्व कप में पाकिस्तान को 64 रन से मात दी

अनछपी: आपने यह खबर तो पढ़ ली कि बिहार में शराबबंदी को फेल करने में पुलिस की भूमिका को बिहार सरकर के एक मंत्री ने ही कबूल कर लिया है। लेकिन क्या आप इस बात पर यकीन कर सकते हैं कि पुलिस गांजा तस्करों को एस्कॉर्ट कर ले जाती है? मधुबनी के बासोपट्टी से ऐसी ही खबर आई है जिसमें बताया गया है कि गांजा लदी तस्करों की पिकअप को एस्कॉर्ट देकर सुरक्षित निकालने में स्थानीय पुलिस की डायल 112 की गाड़ी लगी हुई थी। इसका पता तब लगा जब पटना एसटीएफ के नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई में 419 किलोग्राम गांजा की खेप पकड़ी गई। इसके बाद पिकअप को जब्त कर तीन तस्कर, एक लाइनर के साथ डायल 112 के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। एक महिला को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। इस मामले में बासोप‌ट्टी थानाध्यक्ष विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह प्रभार में रहे एसआइ मुन्ना कुमार और डायल 112 के प्रभारी एएसआई हीरा पंडित को भी सस्पेंड किया गया है। यह ऐसी घटना नहीं है जिस पर बिहार के आम लोगों को ताज्जुब हो लेकिन यह जरूर है कि अगर सरकार को कोई सबूत चाहिए तो काफी संख्या में मिल सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह दावा कर रिटायर हो चुके कि बिहार में करप्शन नहीं है लेकिन अब नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए भी एक चुनौती है। देखना है कि वह सिर्फ जबानी जमा खर्च करते हैं या इसके लिए कोई ठोस कदम उठाते हैं जो धरातल पर भी नजर आए। 

 

 119 total views

Share Now