छ्पी-अनछपी: ट्रंप ने फिर दावा किया- जंग खत्म, 12 करोड़ का मोबाइल फोन गायब

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एकबार फिर दावा किया है कि ईरान से जंग खत्म हो गई है। नोएडा से गुवाहटी के लिए मोबाइल लेकर चले कंटेनर से 12 करोड़ रुपये का मोबाइल हैंड सेट गायब हो गया है और खाली कंटेनर लावारिस हाल में अररिया में मिला है।

और, एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर व्यक्ति बन गए हैं। 

पहली ख़बर

भास्कर के अनुसार भारत समेत पूरी दुनिया के लिए राहत की खबर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एकबार फिर दावा किया- ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने का समझौता लगभग पूरा हो चुका है। इस सप्ताहांत यूरोप में इस पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के इस हस्ताक्षर समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, ईरान ने कहा कि अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। ट्रम्प ने ईरान के तेल उद्योग पर नियंत्रण करने की धमकी के कुछ ही घंटों बाद सैन्य हमलों को टालते हुए यह बात कही। ट्रम्प के इस ऐलान से क्रूड करीब 4% गिरकर 87 डॉलर/बैरल पर आ गया। इससे दुनियाभर के शेयर मार्केट में तेजी आई। भारत का सेंसेक्स 1,695 (2.3%) अंक चढ़कर 75,528 पर बंद हुआ। निफ्टी 461.30 अंक (2%) उछलकर 23,645 पर पहुंच गया। वहीं, शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 77 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 95.08 पर बंद हुआ।

ईरान के विदेश मंत्री क्या बोले

बीबीसी के अनुसार ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि इस्लामाबाद समझौता बहुत करीब है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “इस्लामाबाद समझौता अब बहुत करीब है। इसके अंतिम रूप लेने तक, मीडिया को इसके बारे में अटकलें लगाने से बचना चाहिए.” उन्होंने आगे कहा, “हमारे ज़िम्मेदार और पारदर्शी रवैये के अनुरूप, सभी जानकारी सही समय पर लोगों के साथ साझा की जाएगी.” दरअसल, पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. दोनों देशों के बीच बातचीत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुई थी, इसलिए इसे इस्लामाबाद समझौता के नाम से जाना जाता है.

12 करोड़ रुपए का मोबाइल फोन गायब

जागरण के अनुसार उप्र के नोएडा से गुवाहटी के लिए मोबाइल लेकर चले कंटेनर से 12 करोड़ रुपये का मोबाइल हैंड सेट गायब हो गया है। इस कंटेनर को लावारिस अवस्था में अररिया के नगर थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के बेगीकोल निवासी राणा रामंजय सिंह के आवेदन पर नगर थाना अररिया में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआइटी का गठन किया है। छह जून को यह कंटेनर ग्रेटर नोएडा के वेयरहाउस से गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ था। कंटेनर को राम सिंह नामक ट्रांसपोर्टर से किराए पर लिया गया था। 

एक गाड़ी को एक दिन में डीजल 200 लीटर ही मिलेगा

हिन्दुस्तान सरकार ने वाहनों को डीजल देने की सीमा तय कर दी है। अब एक वाहन को एक दिन में अधिकतम 200 लीटर डीजल ही मिल पाएगा। इस डीजल को फिर से किसी और को नहीं बेचा जा सकेगा। अब व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ता पेट्रोल पंप से पेट्रोल-डीजल नहीं खरीद पाएंगे। इसपर रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध अधिकतम 90 दिन तक लागू रहेगा। दरअसल, पेट्रोल पंप पर जहां डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है, वहीं व्यावसायिक बिक्री के लिए डीजल के दाम 134.50 रुपये प्रति लीटर है। मई में पिछले वर्ष के मुकाबले 327 जिलों में 10% की बिक्री वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 80 जिलों में 30% से अधिक की वृद्धि देखी गई।

पोत पर हमले के मामले में अमेरिकी राजदूत तलब

हिन्दुस्तान के अनुसार भारत ने ओमान की खाड़ी में वाणिज्यिक पोतों पर अमेरीकी नौसेना द्वारा किए जा रहे हमलों पर सख्त रुख अपनाते हुए अमेरिकी राजदूत को दूसरी बार तलब किया। राजदूत के देश से बाहर होने के कारण प्रभारी राजदूत (चार्ज डी अफेयर्स) जेसन मीक्स को शुक्रवार को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया। भारतीय चालक दल सदस्यों वाले पोतों पर हमले को लेकर भारत ने उनके समक्ष विरोध दर्ज कराया। अनुरोध किया कि वे भारत की चिंताओं से अपनी सरकार को अवगत कराएं और तत्काल ऐसे हमलों को रोकें। ये हरकतें एक मुश्किल समय में संवेदनशल इलाके में अन्तरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करती है। बता दें कि बुधवार को भी अमेरिकी राजदूत को तलब किया था।

एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियन डालर व्यक्ति बने

जागरण की ख़बर है कि स्पेसएक्स के नेस्डेक में सूचीबद्ध होते ही एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियन डालर व्यक्ति बन गए हैं। समूह की अन्य कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी को मिला लें तो उनकी कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डालर आंकी गई है। कंपनी ने स्पेसएक्स के आइपीओ का मूल्य 135 डालर प्रति शेयर तय किया था। शुक्रवार को यहां 150 डालर पर कंपनी का शेयर सूचीबद्ध हुआ और थोड़ी ही देर में 164 डालर पर पहुंच गया। इस मूल्य पर कंपनी का मूल्यांकन 2.18 ट्रिलियन डालर होता है। इस तरह स्पेसएक्स अमेरिका की छठी मूल्यवान कंपनी बन गई है।

कुछ और सुर्खियां:

  • वर्ल्ड कप के पहले मैच में मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया, दक्षिण कोरिया और बोस्निया भी जीते
  • भारत के दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन
  • न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 15 वर्ष से अधिक के करियर को अलविदा कहा
  • दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली में चार्जिंग पॉइंट में आग लगने से तीन लोगों की मौत

अनछपी: हमारे समाज में सड़क हादसों में हुई मौत पर बेहद कम तवज्जो दी जाती है हालांकि आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं जिनसे बचने के उपाय करना इतना मुश्किल काम नहीं है। ताजा मामला बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा पेट्रोल पंप के पास खड़े एक ट्रक में पुलिस की कार के सीधे टकराने का है। इस कार पर मधेपुरा जिले के तीन थानेदार सवार थे और इस हादसे में उन तीनों के साथ-साथ ड्राइवर की भी मौत हो गई। यह कार पटना से लौट रही थी और हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 31 पर हुआ। खबरों में बताया गया है कि जो ट्रक सड़क पर खड़ा था उसके पीछे ना तो रिफ्लेक्टर काम कर रहा था, ना ही उसका बैक लाइट ऑन था। यह हादसा रात के 1:00 बजे हुआ और आसपास की लाइट व्यवस्था ऐसी नहीं थी कि ट्रक दूर से नजर आ जाता। यह भी हो सकता है कि ड्राइवर को झपकी आई हो लेकिन सवाल इस बात का है कि एनएच पर खड़ा ट्रक ऐसी हालत में क्यों था जिसे दूर से नहीं देखा जा सकता था और इसके लिए जो जरूरी उपाय ट्रैफिक नियम के तहत बताए गए हैं उनका पालन क्यों नहीं किया गया? दरअसल हमारे यहां हादसे की एक बड़ी वजह यही है कि नियमों के पालन पर ध्यान देने की बात तभी कही जाती है जब कोई बड़ा हादसा हो जाता है और उसके फौरन बाद लोग इसे भूल जाते हैं और फिर एक और हादसे का इंतजार किया जाता है। ज़ाहिर है, ऐसे में हादसों को बेहतर ढंग से रोकने की उम्मीद नहीं की जा सकती। इसलिए समाज और सरकार दोनों को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और उपाय का मौखिक एलान ही न हो बल्कि इसे धरातल पर दिखना चाहिए। 

 66 total views

Share Now

Leave a Reply