छपी-अनछपी: बांकीपुर में बीजेपी के किले का भरम टूटा, ईरान को मुआवजा देंगे यूएई और कतर

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन दशक से जीत का रिकॉर्ड बनाने वाली भाजपा का किला ढह गया। गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के दो देश- यूएई और कतर ईरान को बतौर युद्ध मुआवजा लगभग 9 लाख करोड़ रुपए देने को तैयार बताए गए हैं। बांका जिला परिषद कार्यालय से रिटायर्ड जूनियर इंजीनियर सवा लाख रुपए घूस लेते गिरफ्तार। 

और, डेहरी नगर परिषद के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के मर्डर के मामले में पत्नी ने पुलिस थ्योरी पर सवाल उठाया, बोलीं- अकेले ड्राइवर नहीं कर सकता हत्या।

पहली ख़बर

जागरण के अनुसार पटना ज़िले के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के सूत्रधार सह प्रत्याशी प्रशांत किशोर 19 हजार 324 मतों से विजयी घोषित किए गए हैं। भाजपा के नीरज कुमार दूसरे और राजद की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। एएन कालेज, पटना में सोमवार को 32 राउंड की गणना के बाद प्रशांत किशोर को 64 हजार 151, भाजपा के नीरज कुमार को 44 हजार 827 और राजद की रेखा कुमारी 14 हजार 273 मत मिले। पिछले वर्ष के आम चुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजद की रेखा कुमारी को 51 हजार 936 मतों से हराया था। इस बार रेखा कुमारी अपनी जमानत भी नहीं बचा सकीं। 2025 के आमचुनाव की तुलना में भाजपा का 28.26 और राजद का 18.60 प्रतशित वोट कम हुआ है। वहीं, जनसुराज का वोट 44.31 प्रतिशत बढ़ गया है। 2010 के बाद से पहला चुनाव है जिसमें विजेता प्रत्याशी को 50 प्रतिशत से कम मत प्राप्त हुआ है। जीत का अंतर भी इस बार पिछले दो दशक में सबसे कम रहा है। 

सम्राट चौधरी पर हमलावर पीके

प्रशांत किशोर ने जीत के बाद कहा कि उपचुनाव में जीत को सिर्फ एक विधानसभा सीट की जीत नहीं हैं। यह जनादेश भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तक बिहार की जनता की आकांक्षा पहुंचाने का संदेश है। केंद्रीय नेतृत्व से बिहार में शिक्षा, रोजगार व पलायन रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन्होंने मत दिया उनका आभार, जिन्होंने नहीं दिया उनका भी सम्मान होगा। यह लोकतंत्र है, इसमें जीत-हार होती रहती है। (सबसे महत्वपूर्ण बात उन्होंने यह कही कि भाजपा को बिहार में किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। ध्यान रहे कि प्रशांत किशोर बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी को दागी बताते हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने के खिलाफ रहे हैं।)

किसने क्या कहा

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा- हम जनादेश स्वीकार करते हैं, आत्ममंथन करेगी भाजपा
  • भाकपा-माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने प्रशांत किशोर को बधाई दी, बोले- बिहार के युवाओं को सलाम जिसने दमनकारी भाजपा सरकार को करारा राजनीतिक संदेश दिया
  • राजद के प्रवक्ता गगन दीवान ने कहा उपचुनाव में किसी की जीत से ज्यादा महत्व भाजपा की हार की है
  • मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को बधाई देते हुए कहा लोकतंत्र के महापर्व में जनता ने जनसुरज को चुना, जनता के निर्णय का सम्मान

ईरान को मुआवजा देंगे यूएई और कतर

भास्कर के अनुसार अमेरिका और ईरान युद्ध समाप्ति के आसार बन रहे हैं। 17 अगस्त की डेडलाइन से पहले दोनों पक्ष फाइनल डील को राजी हो गए हैं। जीसीसी (गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल) के दो देश- यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) और कतर ईरान को बतौर युद्ध मुआवजा लगभग 9 लाख करोड़ रुपए देने को तैयार हैं। सूत्रों के अनुसार यूएई ने अपना शेयर ईरान को दे भी दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से रविवार को अचानक ईरान पर हमले रोकने के ऐलान के पीछे युद्ध मुआवजे के लिए राजी होना बड़ा कारण है। ट्रम्प ने कहा कि फाइनल डील के लिए बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, ईरान ने बातचीत से इनकार किया है। इस पर देर रात ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान की अमेरिकी नाकाबंदी जारी है। इस बीच, सऊदी अरब फिलहाल युद्ध मुआवजा देने से आनाकानी कर रहा है। सऊदी अरब का कहना है कि इजराइल भी युद्ध मुआवजे का शेयर दे।

रिटायर्ड जूनियर इंजीनियर सवा लाख रुपए घूस लेते गिरफ्तार

प्रभात खबर के अनुसार बांका जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कार्यालय के निजी सहायक (रिटायर्ड जेइ) ओम प्रकाश मंडल व रात्रि प्रहरी जागेश्वर मंडल को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 1.26 लाख रुपये घूस लेते हुए सोमवार को गिरफ्तार किया. दोनों की गिरफ्तारी जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष से की गयी. मामले में बांका जिला परिषद के चेयरमैन राजेंद्र यादव, सहायक अभियंता सुधीर कुमार, जेइ मगरूफ के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

बिल भुगतान के एवज में मांग रहे थे घूस

बांका के धोरैया थाने के अवध किशोर कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत की थी कि सहायक अभियंता, जेइ, जिला परिषद अध्यक्ष, कार्यालय सहयोगी व रात्रि प्रहरी द्वारा नाला व पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का बिल भुगतान करने के एवज में घूस मांगी जा रही है. 

यौन शोषण मामले में बृजभूषण बरी

भास्कर के अनुसार दिल्ली की एक कोर्ट ने सोमवार को भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न केस में बरी कर दिया। संघ के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर भी बरी हो गए। आरोपियों के वकील के अनुसार, साक्ष्यों के अभाव और गवाहों के विरोधाभासी बयानों के आधार पर कोर्ट ने फैसला दिया। शिकायत करने वाली 6 महिला पहलवानों में विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट भी थीं। विनेश ने कहा कि फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे।

डेहरी नगर परिषद ईओ मर्डर के मामले में पत्नी बोलीं- हत्यारा अकेला नहीं

हिन्दुस्तान के अनुसार नगर परिषद डेहरी-डालमियानगर के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड का पुलिस द्वारा उन्द्भेदन किए जाने की बात परिजनों के गले नहीं उतर रही है। परिजनों का आरोप है कि आनन-फानन में कांड का खुलासा कर सारा दोष चालक पर मढ़ा जा रहा है। स्व. विमल कुमार की पत्नी बबीता देवी ने सोमवार को कहा कि चालक घटना को अकेले अंजाम नहीं दे सकता। उसके साथ और उसके पीछे जरूर कोई और है, जिसे पुलिस बचाने में लगी है। इस बीच मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने मामले की जांच के लिए आठ सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है।

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहारशरीफ के  दीप नगर थाना क्षेत्र में खाद व्यवसायी के घर से 45 लाख नकद समेत एक करोड़ की डकैती
  • केंद्र सरकार एलआईसी में हिस्सेदारी बेचकर 31 हजार करोड़ रुपए जुटाएगी
  • सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जघन्य अपराध नहीं तो राज्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ फिर बंद कर सकते हैं
  • देवघर में सावन की पहली सोमवारी पर 2 लाख कांवरियों ने किया जलाभिषेक

अनछपी: बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव का रिजल्ट आने के बाद बीजेपी के लोग चाहते हैं कि लोग यह मान लें कि यह आरजेडी का नुकसान है और आरजेडी वाले यह चाहते हैं कि लोग मान लें कि यह बीजेपी की हार है। अगर दोनों की बात मान ली जाए तो इस तरह हारने वालों की जमात में दोनों शामिल हुए।  इस लिहाज से यह आरजेडी के लिए बहुत अच्छा है कि उसे वक़्त पर अलर्ट मिल गया है। जैसा कि उसके नेता कह रहे हैं, ऐसा लगता है कि उन्हें पता चल गया है कि कौन असली, कौन नक़ली बीजेपी है। उन्हें यह भी पता चल गया है शायद कि कैसे पीके बिहार के एके बन रहे हैं। पीके यानी प्रशांत किशोर और एके यानी अरविंद केजरीवाल। ऐसे में राजद के लिए क्या यह बेहतर नहीं होगा कि वह अभी से लोगों के बीच जाए और सबकी हकीकत बताए। ऐसा माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव के चुनाव के वक्त विदेश दौरे पर रहने और आरजेडी द्वारा आक्रामक प्रचार न करने से उनके पारंपरिक वोट बिखरे। मुस्लिम मतदाताओं ने भाजपा को हराने के लिए प्रशांत किशोर को एक बेहतर और मजबूत विकल्प माना। अगर आरजेडी को इन हालात को बदलना है तो उसे न केवल नई रणनीति बनानी होगी बल्कि नई कार्यनीति भी बनानी होगी और उस पर अमल करना होगा। वैसे एक राय यह भी है कि शायद तेजस्वी यादव ने बीजेपी को हराने के लिए ही प्रशांत किशोर की जीत को आसान बनाया है। लेकिन क्या इससे तेजस्वी यादव ने अपने लिए एक और प्रतिद्वंद्वी नहीं खड़ा कर लिया है?

 42 total views

Share Now

Leave a Reply