कोरोना संक्रमित सरकारी कर्मियों की मौत पर मिलेगा विशेष पारिवारिक पेंशन

बिहार लोक संवाद डाॅट नेट
बिहार सरकार ने कोरोना संक्रमित सरकारी कर्मियों की मौत पर विशेष पारिवारिक पेंशन देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को पटना में मंत्रिमंडल की हुई बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। मंत्रिमंडल विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने इसकी पुष्टि की है।

मंत्रिमंडल की बैठक में आज 14 अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई लेकिन मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन के कारण सरकार ने बैठक के निर्णयों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने का फैसला लिया है। इसके बारे में कल जानकारी दी जाएगी।

मुख्य सचिव का कोरोना से निधन


प्रदेश के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का शुक्रवार को कोरोना की वजह से निधन हो गया । अरुण कुमार के 15 अप्रैल को कोरोना पॉाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई थी । इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शुक्रवार को उनकी मृत्यु हो गई।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1985 बैच के अधिकारी श्री सिंह इसी वर्ष 27 फरवरी को बिहार के मुख्य सचिव बने थे। वे 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले थे।

 नीतीश ने किया शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह की कोरोना संक्रमण से हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मुख्य सचिव के असामयिक निधन की सूचना मंत्रिमंडल की बैठक के समापन के ठीक पहले मिली । इसके बाद बैठक में मुख्य सचिव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया ।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि अरुण कुमार सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक थे। वे एक मिलनसार व्यक्ति थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन किया था। उनके निधन से प्रशासनिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

 427 total views

Share Now

Leave a Reply