रामविलास पासवान की जगह लेंगे सुशील मोदी?

बिहार लोक संवाद ब्यूरो
पटना, 15 नवंबर: भाजपा विधायक दल का नेता तारकेश्वर प्रसाद को चुने जाने के बाद यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि सुशील मोदी बिहार के अगले उप मुख्य मंत्री नहीं होंगे। ऐसा देखने में आया है कि भाजपा विधायक का नेता ही नीतीश सरकार में उप मुख्य मंत्री बनता आया है।

सुशील मोदी को इस बार उप मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने की एक वजह उनकी बढ़ती उम्र है। सूत्रों के अनुसार, 50 दिनों बाद सुशील मोदी 69 वर्ष के हो जाएंगे और अगले विधानसभा चुनाव तक उनकी उम्र 74 के करीब होगी। उनका जन्म 5 जनवरी 1952 को हुआ था। यही कारण है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व बिहार में सुशील मोदी को फिर से उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में नहीं है। हालांकि मोदी बिहार में भाजपा के कद्दावर नेता है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पसंद बताए जाते हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, सुशील मोदी को संभवतः राज्यसभा का सदस्य बनाकर केंद्र की राजनीति में भेजा जाएगा। कयास लगाया जा रहा है कि सुशील मोदी को रामविलास पासवान की जगह मंत्री बनाया जा सकता है। लोजपा के पूर्व अध्यक्ष रामविलास पासवान के निधन के कारण केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक जगह खाली हो गई है। पासवान केन्द्र में खाद्य मंत्री थे।

 446 total views

Share Now

Leave a Reply