पटना के हज भवन सहित देश के सारे हज हाउस बनेंगे ‘कोरोना केयर सेंटर’

 सैयद जावेद हसन, बिहार लोक संवाद डाॅट नेट पटना
बिहार की राजधानी पटना स्थित हज भवन को ‘कोरोना केयर सेंटर’ बनाया जाएगा। दरअसल, देश के विभिन्न राज्यों में स्थित हज हॉउसों को अस्थाई “कोरोना केयर सेंटर” के रूप में राज्य सरकारों को इस्तेमाल करने के लिए दिए जाने का फैसला लिया गया है।

एक समाचार एजेंसी के अनुसार, केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के निर्देश पर राज्य हज कमेटियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने राज्य में स्थित हज भवनों को अस्थाई “कोरोना केयर सेंटर” के रूप में इस्तेमाल करने की इजाजत दें। साथ ही कोरोना के खिलाफ लड़ाई में लोगों की सेहत और सलामती के लिए राज्य सरकारें प्रशासन का भरपूर सहयोग करें।

आपको बताते चलें कि पिछले साल भी पटना स्थित हज भवन में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए बेड तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं।

बिहार के पटना के अलावा झारखण्ड के रांची, गुजरात के अहमदाबाद, कर्णाटक के बेंगलुरु, केरल के कालीकट, दिल्ली, तेलंगाना के हैदराबाद, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मध्य प्रदेश के भोपाल, उत्तर प्रदेश के लखनऊ और गाजियाबाद, महाराष्ट्र के नागपुर, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, तमिलनाडु के चेन्नई, राजस्थान के जयपुर और त्रिपुरा के अगरतला स्थित स्टेट हज कमेटी के भवनों को राज्य सरकारों को इस्तेमाल करने के लिए दिए जाने का फैसला लिया गया है।

 

 

 

 2,626 total views

Share Now