छपी-अनछपी: दो दिन बाद कम हो सकती है ठंड, देश बचाने के लिए भाजपा को हटाना होगा: राजा

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पूरे बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है लेकिन राहत की बात यह है कि मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के बाद इस में कुछ कमी आएगी। ठंड से जुड़ी खबरें आज के अखबारों में प्रमुखता से छपी हैं। पेट्रोल के बदले हाइड्रोजन के इस्तेमाल की तैयारी को भी अहमियत दी गई है। पटना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें डी राजा जैसे बड़े लीडर ने भी अपनी बात रखी लेकिन अखबारों को पढ़कर नहीं लगता कि ऐसा कुछ हुआ है।

हिन्दुस्तान की पहली खबर है: कड़ाके की ठंड से अगले आदेश तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद। जागरण ने लिखा है: दिनभर नहीं हुए सूरज के दर्शन, दो दिन और सताएगी ठंड। भास्कर की सबसे बड़ी खबर भी यही है: 5वें दिन भी सूर्य नहीं दिखा, ऐसी स्थिति 10 साल बाद, 17 जिलों में कोल्ड डे। पटना में बुधवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पूरे राज्य में सबसे कम अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री पटना में ही रहा। इस बीच, बढ़ती ठंड के कारण राज्य के सभी 1.14 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों को 4 जनवरी से अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है।

पेट्रोल की जगह हाइड्रोजन

जागरण की सबसे बड़ी खबर है: भारत 20 हज़ार करोड़ से बनाएगा ग्रीन हाइड्रोजन हब। हिन्दुस्तान ने लिखा है: हाइड्रोजन बनेगी पेट्रोल का विकल्प। अखबारों के अनुसार भारत में ग्रीन हाइड्रोजन हब के तहत ग्रीन हाइड्रोजन बनाने और खपत करने वालों को एक ही जगह लाया जाएगा ताकि ढुलाई खर्च भी न बढ़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त, 2021 को स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन का ऐलान किया था। 19,744 करोड़ रुपये के इस मिशन के तहत वर्ष 2030 तक 50 लाख टन हरित हाइड्रोजन उत्पादन का लक्ष्य है। यह मिशन रिफायनिंग, स्टील, सीमेंट, लौह अयस्क, जहाजरानी और आवागमन जैसे क्षेत्रों में प्रदूषण फैलाने वाली मौजूदा गैसों के इस्तेमाल की जगह ग्रीन हाइड्रोजन के उपयोग की राह सुलभ कराएगा।

देश बचाने के लिए भाजपा हटाएं: राजा

हिन्दुस्तान में अंदर के पेज पर यह सुर्खी है: देश बचाने के लिए केंद्र से भाजपा को हटाना होगा: डी राजा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा ने बुधवार को पार्टी की बिहार राज्य परिषद की बैठक में कहा कि देश को बचाने के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र से भाजपा सरकार को हटाना होगा। साथ ही लोकतांत्रिक और प्रगतिशील ताकतों का एक व्यापक गठबंधन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, लोकसभा चुनाव दूर नहीं है, इसलिए पार्टी कार्यकर्ता मजबूती के साथ तैयारी में जुट जाएं। फरवरी में होने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी में महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों और युवाओं को जोड़ा जाएगा। डी राजा ने आरोप लगाया कि भाजपा आरएसएस गठबंधन कॉरपोरेट घरानों और फासीवादी एजेंडे को लागू करने पर तुली हुई है।

बिहारी छात्रों पर पंजाब में हमला

हिन्दुस्तान की दूसरी सबसे बड़ी खबर है: पंजाब: इंजीनियरिंग कॉलेज में बिहार के छात्रों पर हमला। भास्कर ने लिखा है: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बिहारी छात्रों पर हमला, बर्थडे पार्टी में हुई थी हिंसक झड़प।  पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बाबा बंदा सिंह बहादुर इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ रहे बिहारी छात्रों पर स्थानीय छात्रों के एक समूह के जानलेवा हमला करने की बात सामने आयी है। इस वारदात के बाद कई छात्र जान बचाकर कॉलेज कैम्पस से भाग गये हैं, जबकि बिहार के बक्सर, पटना, भागलपुर, आरा, छपरा, सीवान जैसे जिलों के कई छात्र अब भी वहां फंसे हुए हैं। पंजाब पुलिस मौके पर कैम्प कर रही है, लेकिन छात्रों का कहना है कि स्थानीय पुलिस वहां के छात्रों का ही पक्ष ले रही है।

नीतीश की समाधान यात्रा

हिन्दुस्तान के पहले पेज पर खबर है: शुरुआत: समाधान यात्रा पर मुख्यमंत्री पहुंचे वाल्मीकि नगर। जागरण ने भी पहले पेज पर सुर्खी दी है: शुरू से ही हमारा लक्ष्य, राज्य के हर गांव तक पहुंचे विकास की चमक: नीतीश। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा पर बुधवार की शाम पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर पहुंचे। वाल्मीकिनगर में निर्माणाधीन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का भ्रमण कर वहां चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर पत्रकारों से कहा कि यात्रा के क्रम में वह विभिन्न जगहों पर जाकर हो रहे विकास कार्यो की प्रगति को देखेंगे। लोगों की बातों को भी सुनेंगे।

कुछ और सुर्खियां

  • बिहार में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज से, खड़गे भी जुड़ेंगे
  • 13 को 13 जिलों में नवनिर्वाचित निकाय प्रतिनिधि लेंगे शपथ
  • परसा में दो प्रॉपर्टी डीलरों को दौड़ा कर मारी गोली, एक की मौत, दूसरा जख्मी
  • कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा को एक साल की सजा
  • सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती
  • अपहरण के 20 साल पुराने मामले में पूर्व सांसद सरफराज आलम का आत्मसमर्पण, जेल गए
  • पीएमसीएच में हार्ट के मरीजों के लिए कैथ लैब की सुविधा बहाल
  • बिहार में जल्द बनेगी हेल्थ केयर पॉलिसी, नई भर्तियां होंगी: तेजस्वी
  • बीएसएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, दो दलित घायल
  • संसद में बोलने नहीं देते इसलिए जनता के बीच आए: राहुल गांधी
  • 84 करोड़ मनरेगा मजदूरों का रद्द हो सकता है जॉब कार्ड
  • राज्य के आठ करोड़ गरीबों को नहीं मिल रहा राशन का अनाज

 

अनछपी: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की बिहार में स्थिति अच्छी नहीं है लेकिन डी राजा जैसे नेता के कार्यक्रम की खबर भी अखबारों में लगभग गायब है। जिस अखबार में इसे कवरेज दी गई है वहां भी तस्वीर नहीं है। एक जमाने में भाजपा का बिहार में अच्छा खासा असर हुआ करता था। इसकी घटती लोकप्रियता के साथ ही दक्षिणपंथी राजनीति का उभार भी देखने को मिला। इस समय भारतीय जनता पार्टी को केंद्र की सत्ता से बाहर करने के लिए कई नेता प्रयास करते हुए दिख रहे हैं लेकिन उनमें एकता का अभाव भी देखा जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज बांका से भारत जोड़ो यात्रा शुरू करेंगे तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के लिए पश्चिम चंपारण पहुंचे हैं। डी राजा ने जो बात कही है वह कितने लोगों तक पहुंचती है यह बात बहुत अहम है। उन्होंने भाजपा को हटाने के पीछे देश बचाने का कारण दिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की यह जिम्मेदारी बनती है कि आम लोगों को यह बताएं कि आखिर भाजपा को हटाने से देश को बचाने का काम कैसे होगा। भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में रहने के कारण भारत की आत्मा नहीं बच रही, यह बताने और इसे साबित करने की कोशिश करनी होगी वरना सिर्फ एक लाइन कह देने से लोग उनकी बात मान लेंगे यह संभव नहीं। भाजपा और भाकपा में यही मूल अंतर है कि भाजपा की बात पंचायत स्तर तक पहुंचती है जबकि भाकपा की बात उनकी बैठकों तक सीमित रहती है।

 

 

 

 

 533 total views

Share Now

Leave a Reply