छ्पी-अनछपी: दूसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर से, ईडी ने बंगाल के मंत्री को गिरफ्तार किया

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार में दूसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर से 10 दिसंबर तक होगी। इससे जुड़ी खबर सभी जगह प्रमुखता से ली गई है। बंगाल के एक मंत्री को ईडी द्वारा गिरफ्तार करने की खबर पहले पेज पर ली गई है। राजद के एक विधायक द्वारा देवी दुर्गा को काल्पनिक बताए जाने पर भाजपा भड़क गई है। इस खबर की भी अच्छी कवरेज है।

जागरण की सबसे बड़ी खबर है: शिक्षकों के 1.10 लाख पदों के लिए तीन से आवेदन। हिन्दुस्तान ने लिखा है: दूसरे चरण में शिक्षकों की भर्ती 7 दिसंबर से। भास्कर और प्रभात खबर की सबसे बड़ी खबर यही है।
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शुक्रवार को बिहार में दूसरे चरण की शिक्षक भर्ती का ऐलान कर दिया। इसके लिए आवेदन करने और परीक्षा की संभावित तिथि भी जारी कर दी। भर्ती परीक्षा सात से दस दिसंबर तक होगी। आवेदन तीन से 14 नवंबर तक लिए जाएंगे। आयोग के अनुसार इन तिथियों में बदलाव भी संभव है। इस चरण में कक्षा 6 से 12वीं तक के शिक्षकों के एक लाख 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति होगी।
बंगाल के मंत्री गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में कई करोड़ के कथित राशन वितरण घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राज्य के मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। मंत्री को 17-18 घंटे की पूछताछ के बाद पीएमएलए (प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट) में गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि मलिक को शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित आवास से केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय लाया गया। बाद में उन्हें खचाखच भरी बैंकशाल अदालत में ईडी ने पेश किया। इस दौरान वन मंत्री अदालत के अंदर सुनवाई के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े।
देवी दुर्गा को काल्पनिक बताया
भास्कर ने पहले पेज पर सुर्खी दी है: फतेह बहादुर ने कहा- दुर्गा काल्पनिक पात्र जब अंग्रेज भारत को गुलाम मान रहे थे तब क्या कर रही थीं, हथियार कहां थे? डेहरी से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक फतेह बहादुर ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने मां दुर्गा को काल्पनिक बताया और पूजा-पाठ को फिजूलखर्ची। विधायक ने गुरुवार की रात एक निजी होटल में प्रेसवार्ता में कहा कि देवी दुर्गा का कहीं कोई अस्तित्व नहीं है। यह मनगढ़ंत कहानी है। उन्होंने खुद को महिषासुर का वंशज बताया तथा कहा कि महिषासुर उनके पूर्वज थे। उन्होंने कहा कि अगर देवी दुर्गा का अस्तित्व था, तो ब्रिटिश हुकूमत के समय उन्होंने क्यों नहीं आकर भारत को बचा लिया। अगर वह तीनों लोक की देवी थीं तो क्या भारत में ही तीनों लोक है। उन्होंने दुर्गा पूजा जैसे आयोजन को फिजूलखर्ची बताया।
टिप्पणी को नित्यानंद ने अभद्र बताया
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि राजद विधायक द्वारा मां दुर्गा पर अभद्र टिप्पणी की गई है जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जदयू और राजद के नेता बताएं कि मां दुर्गा के विषय में अपशब्दों का प्रयोग उन्हें कितना अच्छा लगा और कितना बुरा? उन्होंने कहा कि राजद विधायक फतेह बहादुर ने मां दुर्गा पर जो अभद्र टिप्पणी की है उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। सनातन संस्कृति, देवी-देवताओं का अपमान करना आरजेडी-कांग्रेस सहित विपक्षी गठबंधन की आदत बन गई है।
सीरिया में अमेरिकी हमला
हिन्दुस्तान की खबर है: सीरिया में ईरानी ठिकानों पर अमेरिकी सेना ने किया हमला। इसराइल-हमास युद्ध के बीच अमेरिका ने सीरिया में ईरानी ठिकानों पर बम बरसाए। ये हमले अमेरिकी सैन्य अड्डों पर किए गए हमलों के जवाब में किए गए हैं। इनसे गजा युद्ध को लेकर क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका इस जंग में सीधे तौर पर इसराइल का समर्थन कर रहा है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के कार्यालय पेंटागन ने बताया कि पूर्वी सीरिया में ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से जुड़े ठिकानों पर शुक्रवार तड़के हवाई हमले किए गए।
इसराइली बंधकों की रिहाई के लिए बातचीत
भास्कर की खबर है: इसराइल के ग़ज़ा पर हमले और तेज, बंधकों की रिहाई के लिए कतर जुटा। इसराइल हमास युद्ध के 21 दिन हो गए हैं। 7 अक्टूबर को हमास के द्वारा अगवा किए गए 222 बंधकों के परिजनों को उनकी रिहाई का इंतजार है। शुक्रवार शाम को अल जजीरा ने मध्यस्थता कर रहे कतर से सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि बंधकों के आदान-प्रदान पर चर्चा अंतिम चरण में है। इधर इसराइली सेना के प्रवक्ता ने घोषणा की है कि इसराइल की जमीनी सेना शुक्रवार रात अपने जमीनी अभियानों का विस्तार कर रही है। उन्होंने टीवी चैनल पर कहा कि हम इसराइल की सुरक्षा को बनाए रखने के लिए सभी मोर्चों पर तैयार हैं।
ईरान की धमकी, इसराइल का पलटवार
ईरान ने गुरुवार को इसराइल को युद्ध रोकने की धमकी दी। साथ ही चेताया कि अगर गजा में नरसंहार नहीं रुका तो इसराइल और उसके मददगार अमेरिका को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इसराइल ने ईरान पर सात अक्तूबर के हमले का मास्टरमाइंड होने का आरोप लगाया और कहा कि हमास के सफाया होने तक आराम से नहीं बैठेंगे। ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन ने गुरुवार कहा कि गाजा में नरसंहार तुरंत रुकना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका पर युद्ध में सीधे तौर पर भाग लेने का आरोप लगाया। संयुक्त राष्ट्र के विशेष सत्र में उन्होंने तत्काल युद्ध विराम की मांग की।
वोटर घटे
भास्कर की खबर है: राज्य में पिछले साल से 5,89,824 और पटना में 15086 मतदाता घटे। निर्वाचन आयोग द्वारा शुक्रवार को मतदाता सूची के प्रारूप के प्रकाशन के अनुसार राज्य में वोटरों की संख्या 7 करोड़ 52 लाख 23 हज़ार 982 है। इस साल राज्य में 4,77,552 नए वोटर बने हैं वही 10,67,376 का नाम हटाया गया है। इसके बाद पिछले साल के मुकाबले वोटरों की संख्या 5,89,824 कम हो गई है।
कुछ और सुर्खियां
● आज रात 1:05 से 2:24 तक लगेगा चंद्र ग्रहण
● मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर झड़प के बाद सारण-छपरा में 3 दिन इंटरनेट सेवा रोकी गई
● बिहार में डेंगू मरीजों की संख्या 14000 के पार पहुंची, इनमें से आधे से अधिक तो अक्टूबर में ही बीमार हुए
● कनाडा ने भारतीय छात्रों के 1500 फर्जी ऐडमिशन लेटर पकड़े, 103 डिपोर्ट होंगे
● शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को मोतिहारी लाने के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी
● मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में रेल पटरी 8 इंच टूटी, बड़ा हादसा टला
● कांग्रेस ने हैदराबाद की जुबली हिल्स सीट से क्रिकेटर अजहरुद्दीन को टिकट दिया
अनछपी: डेहरी से राजद के विधायक फतेह बहादुर द्वारा देवी दुर्गा को काल्पनिक बताए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के नेता बहुत खुश हो रहे होंगे क्योंकि उन्हें इससे यह कहने का मौका मिलता है कि राजद और इंडिया गठबंधन के दूसरे दल हिंदू धर्म का अपमान करते हैं। अखबार भी इस मामले को ऐसा ही पेश करते हैं जैसा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग बताते हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का आरोप है की फतेह बहादुर ने देवी दुर्गा के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। अखबारों की खबर के अनुसार ऐसे किसी अपशब्दों का पता नहीं चलता अलबत्ता देवी दुर्गा को काल्पनिक कहने का मामला विवाद वाला जरूर हो सकता है। फतेह बहादुर ने जो बातें कही है उसे तार्किक तौर पर काटा जाना चाहिए ना की इसे हिंदू धर्म पर हमले के रूप में पेश किया जाना चाहिए। फतेह बहादुर का यह कहना की देवी दुर्गा ने ब्रिटिश हुकूमत से भारत को क्यों नहीं बचा लिया, सही तर्क नहीं क्योंकि यह सवाल केवल देवी दुर्गा के लिए नहीं बल्कि अन्य धर्मों के लिए भी हो सकता है। ब्रिटिश हुकूमत को रोकना इंसानों का काम था, इसमें देवी-देवता को घसीटना सही नहीं। अलबत्ता यह ज़रूर है कि फतेह बहादुर ने जिस फिजूल खर्ची की बात कही है उसे पर विचार किया जाए क्योंकि फिजूल खर्ची किसी भी समाज के लिए भली नहीं मानी सकती। फतेह बहादुर की इस बात का तार्किक जवाब दिया जाना चाहिए कि देवी दुर्गा का अस्तित्व वास्तविक है या काल्पनिक। इससे पहले शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के बयान पर भी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बवाल मचाया था। हर बात में भाजपा नेताओं द्वारा हिन्दू धर्म का अपमान बताना उनके धर्म से प्यार का नतीजा है या उनकी राजनीति है, इसे समझना होगा। मगर क्या भाजपा नेताओं द्वारा राजनीति में धर्म के दुरुपयोग से घबराकर सवाल उठाना बंद कर देना चाहिए? निस्संदेह सवाल उठाते रहना चाहिए लेकिन अपने शब्दों का चयन सही तरीके से और सही जगह पर करना चाहिए।

 

 

 

 822 total views

Share Now

Leave a Reply