छ्पी-अनछपी: जमुई में आज परिवारवाद पर क्या बोलेंगे मोदी? भारत के 200 अरबपति

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पूछा है कि जमुई में आज होने वाली जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी परिवारवाद के बारे में क्या बोलेंगे? ध्यान रहे कि वहां से चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती एनडीए उम्मीदवार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर फेज़ में दो बार बिहार आएंगे। फोर्ब्स की सूची में पहली बार भारत के 200 अरबपति शामिल हुए हैं। आज के अखबारों की यह सबसे पठनीय खबरें हैं।

हिन्दुस्तान के अनुसार पूर्णिया रवाना होने के पहले बुधवार को मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने परिवारवाद को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री जमुई में चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं। “क्या वे जमुई की चुनावी सभा में परिवारवाद के खिलाफ भी कुछ बोलेंगे? उनको खुद सोचना चाहिए कि वो अपनी पहली चुनावी सभा की शुरुआत अपने गठबंधन के लिए परिवारवादी उम्मीदवार के लिए कर रहे हैं। ऐसे में उनकी कथनी और करनी के बीच का बड़ा अंतर देश की जनता के सामने आ गया है।”

हर फेज में दो बार बिहार आएंगे मोदी

प्रभात खबर की सबसे बड़ी सुर्खी है: हर फेज़ में दो बार बिहार आएंगे पीएम, आज जमुई में जनसभा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। जमुई लोकसभा क्षेत्र के खैरा में दोपहर 12:00 के करीब प्रधानमंत्री का भाषण होगा। प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के सभी नेता मौजूद रहेंगे। जमुई सुरक्षित सीट पर एनडीए में लोजपा (रामविलास) के अरुण भारती उम्मीदवार हैं। यहां पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री बिहार के सभी सातों चरणों में चुनाव में काम से कम 14 जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की दूसरी सभा 7 अप्रैल को नवादा लोकसभा क्षेत्र में होगी। भास्कर के अनुसार प्रधानमंत्री बिहार में 16 चुनावी सभाएं कर सकते हैं।

भारत के 200 अरबपति

हिन्दुस्तान के अनुसार फोर्ब्स ने दुनिया के अमीरों की नई सूची जारी की है। 2024 में दुनिया में कुल 2,781 अरबपति हैं, जिसमें इस बार रिकॉर्ड 200 भारतीयों को जगह मिली है। पिछले साल यह संख्या 169 थी। अरबपति भारतीयों की संयुक्त संपत्ति रिकॉर्ड 954 अरब डॉलर है, जो पिछले साल के 675 अरब डॉलर से 41 प्रतिशत अधिक है। मुकेश अंबानी भारत और एशिया के शीर्ष अमीर व्यक्ति हैं, उनकी संपत्ति 83 बिलियन डॉलर से बढ़कर 116 बिलियन डॉलर हो गई, जिससे वह 100 बिलियन डॉलर क्लब में शामिल होने वाले पहले एशियाई बन गए। वो विश्व के नौवें सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। गौतम अडानी दूसरे सबसे अमीर भारतीय हैं।

जो हमारे खिलाफ वह भाजपा के साथ: तेजस्वी

भास्कर की सबसे बड़ी खबर है: पप्पू किनारे लगे, तेजस्वी बोले- जो हमारे खिलाफ वह भाजपा के साथ। अख़बार लिखता है कि पूर्णिया में INDIA खासकर राजद बहुत असहज है। दरअसल पप्पू यादव नहीं माने। गुरुवार को नामांकन करेंगे। कांग्रेस ने उनसे किनारा कर लिया। बुधवार को अपने उम्मीदवार बीमा भारती का नामांकन करने पहुंचे तेजस्वी यादव ने इशारों में पप्पू पर हमला किया। कहा, “जो हमारे खिलाफ है वह भाजपा के साथ है।” वैसे उन्होंने कई बार कहा कि मैं किसी का नाम नहीं लिया है।

केजरीवाल पर फैसला सुरक्षित

कथित आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को छह महीने बाद जेल से रिहा हो गए। हालांकि, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब भी ईडी के शिकंजे में हैं। गिरफ्तारी के विरोध में केजरीवाल की अर्जी पर दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया। अदालत इस मामले में गुरुवार को निर्णय सुना सकती है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह को जमानत देते हुए शर्त रखी कि दिल्ली-एनसीआर छोड़ने से पहले उन्हें सूचना देनी होगी। उन्हें पासपोर्ट जमा कराना होगा, वह बिना अनुमति विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। फोन नंबर नहीं बदल पाएंगे। उन्हें जांच अधिकारी को लगातार अपनी गूगल लोकेशन देनी होगी। वह इस केस से जुड़ा कोई भी बयान नहीं देंगे।

अभी स्कूल मॉर्निंग नहीं

जागरण की सबसे बड़ी सुर्खी है: अप्रैल में भीषण गर्मी का पूर्वानुमान, फिर भी विद्यालयों को प्रातः कालीन करने पर रोक। बिहार में ग्रीष्मकालीन कार्य प्रणाली अपवाद को छोड़कर चली आ रही है। पहली अप्रैल से सरकारी कार्यालय, न्यायपालिका एवं विद्यालयों में पठन-पाठन प्रातः कालीन होते हैं। राज्य में पहली बार सरकारी विद्यालय अप्रैल में प्रातकालीन नहीं किए गए हैं जबकि न्यायिक कार्य सुबह 7 से 1:00 बजे तक ही किए जा रहे हैं। अभी विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई 10:00 बजे से 4:00 तक चल रही है। शिक्षा विभाग ने इस बार विद्यालयों के प्रातः कालीन संचालन पर रोक लगा दी है।

नेपाल सीमा पर चुनावी चौकसी

हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर है लोकसभा चुनाव में नेपाल सीमा पर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा की बड़ी व्यूह रचना की है। सीमा पार से भारतीय सीमा में प्रवेश कर किसी प्रकार से चुनाव को प्रभावित करने की साजिशों को नाकाम करने की मुकम्मल तैयारियां की जा रही हैं। इस सिलसिले में बुधवार को दोनों देशों के पुलिस, सशस्त्र बल और खुफिया एजेंसियों की बड़ी बैठक पश्चिम चंपारण के बगहा में हुई।

भाजपा की जंग देश के खिलाफ: दीपंकर

भास्कर की खबर है कि भाकपा माले कन्वेंशन में पार्टी महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि इस बार भाजपा चुनाव नहीं बल्कि देश के संविधान व लोकतंत्र को पूरी तरह खत्म करने के लिए जंग लड़ रही है। “हमें भी जंग ही लड़नी होगी और भाजपा को धूल चटाने के लिए इस जंग को हर हाल में जीतना होगा। यह चुनाव सत्ता और जनता के बीच है।”

सुशील मोदी को गले का कैंसर

भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को गले का कैंसर हो गया है। सोशल मीडिया एक्स पर बुधवार को उन्होंने खुद यह जानकारी दी। अस्वस्थता के कारण वे चुनाव में प्रचार नहीं कर पाएंगे। पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों में सुशील मोदी भी हैं। ट्वीट में उन्होंने कहा कि छह माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं। अब लोगों को यह बताने का समय आ गया है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद, शिवानंद तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, लोजपा आर के प्रमुख चिराग पासवान, कांग्रेस नेता राजेश राठौड़ ने कैंसर से पीड़ित पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के जल्द स्वस्थ होने की कामना तमाम नेताओं ने की है।

कुछ और सुर्खियां

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वायनाड से भरा नामांकन पत्र, 11.5 करोड़ की अचल संपत्ति के मालिक
  • पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और तारकिशोर प्रसाद को वाई प्लस सुरक्षा
  • संजय निरुपम पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्कासित
  • आम आदमी पार्टी की संपत्ति कुर्क कर सकती है ईडी
  • चिराग पासवान को झटका, पार्टी के 22 पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया
  • ताइवान में ज़बर्दस्त भूकंप, सात लोगों की मौत
  • कश्मीर में एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस

अनछपी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमुई में होने वाली इस बार की पहली चुनावी सभा से पहले तेजस्वी यादव ने परिवारवाद पर अच्छा सवाल किया है। ध्यान रहे कि इस सीट से चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती उम्मीदवार हैं और उन्हें एनडीए का समर्थन प्राप्त है। प्रधानमंत्री मोदी परिवारवाद पर अक्सर तंज़ करते हैं लेकिन अब उन्हें एनडीए में परिवारवाद के सवाल का सामना है। इस बारे में आरजेडी ने एक लिस्ट जारी की है जो पढ़ने लायक है। हम इस कॉलम में इस बारे में पहले भी लिख चुके हैं। राजद की लिस्ट के अनुसार पटना साहिब से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रवि शंकर प्रसाद ठाकुर प्रसाद के पुत्र हैं जो पहले भी राजनीति में रह चुके हैं। सासाराम से शिवेश राम एनडीए के उम्मीदवार हैं जो पूर्व केंद्रीय मंत्री मुनिलाल के पुत्र हैं। हाजीपुर से उम्मीदवार चिराग पासवान रामविलास पासवान के पुत्र हैं। जमुई से उम्मीदवार अरुण भारती रामविलास पासवान के दामाद हैं। समस्तीपुर से शांभवी चौधरी लोजपा (रामविलास) की उम्मीदवार हैं जो जदयू मंत्री अशोक चौधरी की पुत्री हैं। शिवहर से जेडीयू उम्मीदवार लवली आनंद पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी हैं। वाल्मीकि नगर से सुनील कुमार पूर्व सांसद बैद्यनाथ महतो के पुत्र हैं। पश्चिम चंपारण से संजय जायसवाल पूर्व भाजपा सांसद मदन जयसवाल के पुत्र हैं। मधुबनी से अशोक यादव पूर्व मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव के पुत्र हैं। वैशाली से लोजपा (रामविलास) उम्मीदवार वीणा देवी जदयू एमएलसी दिनेश सिंह की पत्नी हैं। सीवान से जदयू उम्मीदवार विजयलक्ष्मी विधायक रमेश कुशवाहा की पत्नी हैं। औरंगाबाद से बीजेपी उम्मीदवार सुशील कुमार सिंह पूर्व सांसद रामनरेश सिंह के पुत्र हैं। नवादा से बीजेपी उम्मीदवार विवेक ठाकुर भाजपा के पूर्व सांसद डॉक्टर सीपी ठाकुर के पुत्र हैं। लगभग एक दर्जन से अधिक सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों का संबंध राजनीतिक परिवारों से है। क्या यह बेहतर नहीं होता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके बारे में भी कुछ कहते? क्या जमुई में आज वे परिवारवाद के बारे में कुछ बोलेंगे या तेजस्वी के हमले के बाद इस मसले पर चुप्पी साधना बेहतर समझेंगे?

 

 

 

 

 

 1,675 total views

Share Now

Leave a Reply