स्मृति ईरानी को लगा कोरोना झटका, कुम्हरार से भाजपा विधायक भी हुए संक्रमित

बिहार लोक संवाद ब्यूरो
पटना 28 अक्टूबर: बिहार में कोरोना भारतीय जनता पार्टी के लिए एक बार फिर बुरी खबर लेकर आया है। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।

इसके अलावा पटना जिले के कुम्हरार विधान सभा से भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

भाजपा की स्टार प्रचारक स्मृति ईरानी ने यह जानकारी खुद ट्वीट के जरिये दी है। उनहोंने ट्वीट में कहा कि- ‘‘इस बात का ऐलान करने के लिए शब्दों का चयन मेरे लिए मुश्किल है। इसलिए इसे साधारण रखते हुए कहती हूं कि मेरा कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है और उन लोगों से अनुरोध करना चाहूंगी जो मेरे संपर्क में आए हैं वे जल्द से जल्द अपनी जांच करा लें।’’

इससे पहले, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उन्हें इलाज के लिए पटना स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। वे अब ठीक होकर घर लौट आए हैं। इससे पहले चुनाव प्रचार करते हुए भाजपा के एक और स्टार प्रचारक और पार्टी के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज हुसैन रैली करते हुए कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
सांसद राजीव प्रताप रूड़ी भी कोरोना संक्रमित हो गए थे।

इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अजुर्न राम मेघवाल कोरोना के शिकार हो चुके हैं। रेल राज्य मंत्री सुरेश सी अंगड़ी का कोरोना के कारण निधन हो चुका है।

बिहार के दो मंत्रियों विनोद (पिछड़ा कल्याण विभाग) सिंह और कपिल देव कामत (पंचायती राज विभाग) की भी कोविड-19 से मौत हो चुकी है।

 553 total views

Share Now

Leave a Reply