छ्पी-अनछ्पी: कई जगह भूकंप के झटके- नेपाल में 120 की मौत, डायल 112 सेवा अब गांवों में भी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार समेत कई इलाक़ों में भूकंप के झटके महसूस किए जाने की ख़बर को अच्छी जगह मिली है। भूकंप से नेपाल में 120 लोगों की मौत की ख़बर है हालांकि अखबारों में इसकी चर्चा नहीं है। बिहार में डायल 112 की सेवा अब गांवों में भी मिलेगी। इस खबर को भी काफी तवज्जो मिली है।

हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर है: पटना समेत बिहार में देर रात हिली धरती। पटना समेत पूरे बिहार और देश के कई हिस्सों के साथ-साथ नेपाल में शुक्रवार की देर रात करीब 11:33 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.4 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के जाजरकोट जिले पैंक गांव में जमीन से दस किमी नीचे था। लोगों ने दो से तीन झटके महसूस किए। बिहार के सभी जिलों में तेज झटके महसूस किए गए हैं। बिहार के अलावा भूकंप के तेज झटके दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड समेत कई राज्यों में महसूस किए गए।

नेपाल में 120 की मौत

बीबीसी हिंदी के अनुसार नेपाल में शुक्रवार की रात आए 6.4 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों संख्या 120 हो गई है। नेपाली सेना के प्रवक्ता भंडारी ने बताया कि जाजरकोट में 92 और रुकुम पश्चिम में 36 लोगों की मौत हुई है।

112 पर डायल की सुविधा गांवों में भी

जागरण, भास्कर और प्रभात खबर की लीड है: अब गांवों में भी डायल, 112 इससे एंबुलेंस दमकल सेवा भी मिलेगी। सुदूर गांव में भी अब डायल 112 की आपातकालीन सेवा मिलेगी। पहले चरण में बिहार के शहरी क्षेत्र में सफल तरीके से इस योजना को लागू करने के बाद अब सरकार ने दूसरे चरण में सभी ग्रामीण इलाकों में लागू करने का निर्णय लिया है। इस डायल 112 सेवा से पुलिस के बाद अब एंबुलेंस और दमकल को भी जोड़ दिया गया है। इस नंबर पर फोन करते ही संबंधित सेवा से जुड़े आपातकर्मी मौके पर पहुंचेंगे।

एल्विश पर सांप का ज़हर सप्लाई करने का केस

प्रभात खबर की खबर है: सांप के जहर के साथ रेव पार्टी करने वाले यूट्यूबर एल्विश यादव पर केस पांच गिरफ्तार। नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव के खिलाफ रेव पार्टी आयोजित करने, उसमें सांपों का जहर सप्लाई करने और विदेशी लड़कियां उपलब्ध कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एल्विश के साथ दक्षिण दिल्ली के मोहड़बंद गांव के रहने वाले पांच और लोगों को आरोपी बनाया है। पांचों को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एल्विश की तलाश जारी है।

आठ माह में 5117 लड़कियां गायब

जागरण की खबर है: आठ माह में 5117 लड़कियां हुईं गायब, 3145 अब भी लापता। बिहार में इस साल जनवरी से अगस्त माह के बीच 5958 बच्चे गायब हुए इनमें 5117 लड़कियां जबकि 841 लड़के हैं। गायब बच्चों में पचासी प्रतिशत लड़कियां हैं। पुलिस ने इनमें से 383 लड़कों और 2416 लड़कियों को बरामद किया है। राज्य से गायब या अगवा हुए 3145 बच्चे अभी लापता हैं। पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बिहार में नहीं खुलेगा भाजपा का खाता: राजा

भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने कहा है कि इंडिया गठबंधन में शामिल बड़ी पार्टियों को मिलकर बीजेपी के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकसभा चुनाव में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा और केंद्र सरकार बदली जाएगी। भाजपा की 2024 में देश के सभी राज्यों से विदाई तय है। शुक्रवार को पटना स्थित गेट पब्लिक लाइब्रेरी परिसर में भारतीय खेत मजदूर यूनियन के 15 वें राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन उद्घाटन करते हुए डी राजा ने कहा कि देश में दलितों से भेदभाव किया जाता है।

बघेल पर ईडी का बड़ा आरोप

जागरण की दूसरी सबसे बड़ी खबर है: बघेल ने लिए 508 करोड़। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के ठीक पहले ईडी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सट्टेबाजी कराने वाले महादेव ऐप के प्रमोटरों से 508 करोड़ रुपए लिए हैं। ईडी के अनुसार गुरुवार को चुनाव के लिए कैश डिलीवर करने वाले असीम दास के मोबाइल और ईमेल से मिले इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज से भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए दिए जाने के प्रारंभिक सबूत मिले हैं और इसकी जांच की जा रही है। इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महादेव ऐप से 508 करोड़ रुपए मिलने के ईडी के दावे को खारिज किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के सहारे छत्तीसगढ़ का चुनाव लड़ना चाहती है।

इसराइल पर दबाव

हमास के साथ लड़ रहे इसराइली सुरक्षा बलों ने गुरुवार को गजा सिटी की घेराबंदी कर दी है। इस बीच अमेरिका और अरब के नेताओं ने उस पर गजा की घेराबंदी में ढील देने और नागरिकों की मदद के लिए कुछ समय के लिए युद्ध में विराम देने का दबाव बढ़ा दिया है। हमास के भीषण हमले के करीब चार हफ्ते बाद इसराइल का हमास के खिलाफ युद्ध जारी है।

दिल्ली की हवा सबसे खराब

राजधानी दिल्ली शुक्रवार को धुंध की मोटी परत में लिपटी रही। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने स्विस संस्था आईक्यू एयर के हवाले से बताया कि वास्तवित समय निगरानी में दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में दिल्ली शीर्ष पर रही। शुक्रवार को यहां एक्यूआई 640 अंक की खतरनाक श्रेणी में दर्ज किया गया। इसके बाद पाकिस्तानी शहर लाहौर का एक्यूआई 335 था। जबकि सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई 468 अंक दर्ज किया गया। एक दिन पहले यह 392 अंक पर था।

कुछ और सुर्खियां

  • सारण जिले में यज्ञ के दौरान भीड़ में दबकर दो महिलाओं की मौत
  • एससी, एसटी और पिछड़ा व अति पिछड़ा स्कूलों में 3500 शिक्षकों की बहाली होगी
  • मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 230 सीटों पर 2568 प्रत्याशी
  • नवंबर के दूसरे हफ्ते से भरा जाएगा हज यात्रा का फॉर्म

अनछपी: बिहार से आठ माह में 5117 लड़कियों के गायब होने की खबर बेहद चिंताजनक है। इस खबर को जिस तरह की कवरेज मिलनी चाहिए वह नहीं मिली है। इतनी बड़ी संख्या में गायब लड़कियों में कितनी अपहृत हुई हैं और कितनी ह्यूमन ट्रैफिकिंग का शिकार हुई हैं इसका पता नहीं चल पाया। इस खबर का अफसोसनाक पहलू यह भी है कि इसमें इस बात का जिक्र नहीं किया गया है कि बिहार में लड़कियां मानव तस्करी की शिकार होती हैं। अगर यह पता चला कि इनमें से कितनी लड़कियों की आर्थिक स्थिति कैसी है तो बात को समझना और आसान होता। मानव तस्करी या ह्यूमन ट्रैफिकिंग बिहार में एक ऐसी समस्या है जो है तो बहुत बड़ी लेकिन इस पर सबसे कम ध्यान दिया जाता है। बिहार मानव तस्करी के लिए सप्लाई और खपाने दोनों की जगह है। एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार का कहना है कि पुलिस गुमशुदगी के कर्म की पड़ताल भी कर रही है। गुम या अपहृत बच्चे बिहार से किस राज्य में गए या ले जाएंगे इसके पीछे उद्देश्य क्या था इन बिंदुओं पर विश्लेषण किया जा रहा है। बिहार पुलिस द्वारा किया जा रहा यह काम अच्छा है और इसका क्या परिणाम निकला यह बताया जाए तो मामले की गंभीरता का पता चल पाएगा। वैसे तो हर जिले में चाइल्ड लाइन सेवा के लिए एडवाइजरी बोर्ड गठित है लेकिन यह बोर्ड किस हद तक प्रभावी है कहना मुश्किल है। मानव तस्करी की रोकथाम से जुड़े कार्यकर्ता बताते हैं कि अक्सर ऐसे परिवार से लड़के या लड़की गायब होती है जिनके मां-बाप पुलिस तक पहुंचने में नाकाम होते हैं या पुलिस उनकी नहीं सुनती है। इतनी बड़ी संख्या में लड़कियों के गायब होने के बाद इस बात का भी ध्यान आता है कि बिहार में आर्केस्ट्रा के लिए भी मानव तस्करी की जाती है। आर्केस्ट्रा में कम उम्र की लड़कियों से जबरदस्ती डांस कराए जाने की खबर कभी-कभी आती है लेकिन इनकी वास्तविक संख्या क्या है यह नहीं पता चल पाता। उम्मीद की जानी चाहिए कि बिहार पुलिस गायब होने वाली लड़कियों के बारे में विस्तृत छानबीन करेगी और उसके नतीजे को आम लोगों को भी बताएगी।

 994 total views

Share Now

Leave a Reply