छपी-अनछपी: दिल्ली में सरकार पर फूटा ग़ुस्सा, रूसी हमले में चार भारतीयों की मौत

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में युवाओं का जबरदस्त प्रदर्शन हुआ जिस पर पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया। यूक्रेन से रवाना हो रहे मालवाहक’ जहाज ‘एमवी गोल्डन लियो’ पर हुए रूस के मिसाइल हमले में चार भारतीयों की मौत हो गई। नौकरी दिलाने के नाम पर 60 हज़ार युवाओं से डेढ़ सौ करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। 

और, त्रिपुरा के डीजीपी फांसी के फंदे से लटके मिले। 

 

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को देश की राजनीति और राजधानी दोनों उबाल पर रहीं। सदन में विपक्षी दलों ने सरकार पर तीखे हमले किए तो सड़‌कों पर जुटे कॉकरोच जनता पार्टी के हजारों समर्थकों ने संसद मार्च किया। इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी और तख्तियां लहराने के कारण प्रश्नकाल, शून्यकाल और कोई भी विधायी कार्य नहीं हो सका। लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला एवं अन्य पीठासीन अधिकारियों ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही चलने देने तथा सरकार की चर्चा के लिए तैयार होने की बात कही, लेकिन विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा रहा। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेपर लीक और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। इसके बाद भी हंगामा जारी रहा और अंततः दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। इधर, सीजेपी के ‘चलो संसद’ गार्च के आह्वान पर सुबह हजारों युवा जंतर-मंतर पर जुटे।

70 प्रदर्शकारी हिरासत में

संसद कूच करने पर दिल्ली पुलिस और आरएएफ ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हालात बेकाबू होने पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस दौरान साठ प्रदर्शनकारी और 118 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जबकि 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। आंदोलनकारियों की ओर से सीजेपी के दो प्रवक्ता सौरव कर दास और आशुतोष रंका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। देर शाम सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजली ने कहा कि मार्च बेहद सफल रहा। हम शिक्षा के मुद्दे पर देश को जगाने में कामयाब रहे। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हम सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते।

पटना में भी प्रदर्शन

जागरण के अनुसार बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और एआइएमआइएम ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजद के विधायक और विधान पार्षद हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। राजद नेताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर उठ रहे सवाल और छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं को गंभीर मुद्दा बताया। राजद नेताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।  

रूस के हमले में चार भारतीयों की मौत

प्रभात खबर के अनुसार यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहे मालवाहक’ जहाज ‘एमवी गोल्डन लियो’ पर हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय नागरिकों की दुखद मौत हो गयी. विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की. गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस व्यापारिक जहाज पर चालक दल (क्रू) के कुल 17 सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे. 19 जुलाई की शाम हुए इस हमले में चार भारतीयों की मौत के अलावा एक अन्य भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल है। हिन्दुस्तान के अनुसार समझा जाता है कि रूस द्वारा यह हमला किया गया था, भारत ने इस हमले निंदा की है। 

60 हज़ार युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर 150 करोड़ रुपए की ठगी 

जागरण के अनुसार कानपुर पुलिस ने सोमवार को युवाओं को नौकरी का सपना दिखा नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी में जोड़कर उनसे 11,700 से 30 हजार रुपये तक वसूलने वाले गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ा है। गिरोह ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, बंगाल समेत कई राज्यों के 60 हजार युवाओं को जाल में फंसाकर उनसे लगभग 150 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। कानपुर में भी 2000 युवाओं को जाल में फंसाया। गिरोह नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी में लोगों को जोड्‌ने के लिए एक आइडी, अनाधिकृत आयुर्वेदिक दवाओं की बिक्री की किट देता है। इसके सरगना कंपनी के दो चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हैं।

सोशल मीडिया पर गाली-गलौज पर लगेगा गुंडा ऐक्ट

प्रभात ख़बर के अनुसार बिहार में इंटरनेट और सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल, गाली-गलौज करने या किसी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने पर अब गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई होगी. इसके तहत 10 तरह के अपराध करने पर छह महीने से एक साल तक के लिए जेल भी जाना पड़ेगा. इसके साथ ही किसी परीक्षा पेपर लीक मामले में भी आरोपियों को गुंडा एक्ट के दायरे में लाने का फैसला किया गया है. 

मुजफ्फरपुर में रिटायर्ड बैंक अधिकारी और पत्नी की हत्या

हिन्दुस्तान के अनुसार मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा के रामबाग मोहल्ले में सोमवार को पीएनबी के रिटायर्ड बैंक अधिकारी अशोक कुंवर (75) और उनकी पत्नी नीलम कुंवर (70) की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाश घर में घुसकर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। प्रॉपर्टी विवाद और लूटपाट के इरादे से हत्या की आशंका है। अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर तीन मंजिले घर में अकेले रहते थे। इसी भवन में तीन और किराएदार हैं। हत्या का खुलासा तब हुआ जब बेंगलुरु से उनके इंजीनियर बेटे निखिल ने शाम में माता-पिता के मोबाइल पर लगातार कॉल की। फोन बंद आ रहा था। सीसीटीवी में भी संदिग्ध स्थिति उसे दिखी। निखिल के कहने पर जब पड़ोसी चिंकू शाम 7.40 बजे घर पहुंचा तो प्रथम तल पर अशोक कुंवर और तीसरी मंजिल पर नीलम कुंवर का खून से लथपथ शव बेड पर पड़ा देखा। सीढ़ी पर खून से सने ग्लव्स मिले हैं।

त्रिपुरा के डीजीपी फांसी के फंदे से लटके मिले

हिन्दुस्तान के अनुसार त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनकड़ सोमवार को पुलिस मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय के शौचालय में फंदे से लटके मिले। वह मेरठ के रहने वाले थे। वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए त्रिपुरा हाईकोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजीपी विभिन्न कारणों से दबाव में थे और इस घटना की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। 

कुछ और सुर्खियां:

  • पहले बिना सरकारी शुल्क के होने वाले दाखिल खारिज के लिए अब देने होंगे ₹200
  • पटना जिले के मोकामा में सम्यायागढ़ थाने के थाना अध्यक्ष सौरभ कुमार 27000 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
  • बिहार विधान मंडल में 87383 करोड़ का सप्लीमेंट्री बजट पेश
  • लखीसराय जिले के कजरा रेलवे स्टेशन की पटरी बारिश से डूबी, ढाई घंटे तक जमालपुर-किउल और भागलपुर-सूरत एक्सप्रेस ट्रेन रुकी रही
  • ब्रिटेन में लेबर पार्टी के नवनिर्वाचित नेता एंडी बर्नहम ने नए प्रधानमंत्री का पदभार संभाला

अनछपी: आज के अखबारों में पटना के मसौढ़ी में 70 लाख रुपए की लूट और मुजफ्फरपुर में एक बुजुर्ग मियां बीवी की घर में घुसकर हत्या की खबर छपी है हालांकि उसे वह प्रमुखता नहीं मिली जैसा 2005 में अपराध की खबरों को अखबार वाले पहले पेज पर छाप कर कवरेज देते थे। इसके अलावा बिहार के दूसरे जिलों में जो अपराध की खबरें होंगी वह पटना में तो नजर नहीं आती हैं लेकिन इससे यह जरूर समझ में आता है कि बिहार में अपराध की क्या स्थिति है। अब बिहार पुलिस का एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है जिसमें इसने 2005 के पहले और बाद के अपराधों के आंकड़े दिए हैं और इससे यह साबित करने की कोशिश की है कि बिहार में अपराध नियंत्रण में है। इस पोस्ट पर आम लोगों ने जो जवाब लिखे हैं वह बहुत ही दिलचस्प हैं। बहुत से लोगों ने यह लिखा है की राजनीति में बिहार पुलिस का स्वागत है। दरअसल सरकार चला रहे नेता तो अपराध के बारे में इस तरह का राजनीतिक कार्यकाल आधारित फर्क बताते थे लेकिन बिहार पुलिस ने भी जब यही काम दोहराया तो लोगों को लगा कि यह तो राजनीति हो रही है। बिहार पुलिस के लिए बेहतर यही है कि वह ऐसे बयानों से बचे जिसमें राजनीति की बू आती है लेकिन सवाल यह है कि अगर उसके राजनीतिक आका इसी तरह का आदेश देंगे तो बिहार पुलिस के अधिकारी कब तक उस दबाव के आगे झुकने से बच सकेंगे? 

 77 total views

Share Now

Leave a Reply