छ्पी-अनछपी: सिपाही भर्ती के सॉल्वर गैंग का सरगना गिरफ्तार, सिक्किम में बादल फटने से 22 सैनिक लापता

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। सिपाही भर्ती के पेपर लीक होने के मामले में इसके सरगना की गिरफ्तारी की खबर सभी जगह प्रमुखता से ली गई है। सिक्किम में बादल फटने के बाद 22 सैनिक जवानों के लापता होने की खबर को भी अच्छी जगह मिली है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी की खबर भी पहले पेज पर है। लैंड फॉर जॉब केस में लाल तेजस्वी समेत पूरे परिवार को जमानत मिलने की खबर भी प्रमुख है। आज से शुरू हो रहे वर्ल्ड कप क्रिकेट की भी अच्छी कवरेज है।

हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर है: सिपाही भर्ती: सॉल्वर गैंग का खुलासा, सरगना गिरफ्तार। सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े के सरगना को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। कंकड़बाग पुलिस ने नालंदा से सिपाही कमलेश कुमार को दबोचा। उसने मोबाइल से पांच अभ्यर्थियों को आंसर-की भेजी थी। आंसर-की उसके पास कहां से आए और इसे भेजने के लिए उसने अभ्यर्थियों से कितने रुपये लिए थे? पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। आरोपित के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ के साथ ही बाकी कड़ियों को आपस में जोड़ रही है। थानेदार रविशंकर सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उधर, लखीसराय में सॉल्वर गैंग के चंदन कुमार को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। वह सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के जकड़पुरा गांव का रहने वाला है। एसपी पंकज कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इसके मोबाइल से परीक्षा में गड़बड़ी संबंधी कई साक्ष्य मिले हैं।

सिक्किम में 22 सैनिक लापता

जागरण की सबसे बड़ी खबर है: सिक्किम में बादल फटा, 22 जवानों समेत 81 लोग लापता 10 शव मिले। उत्तरी सिक्किम की ग्लेशियर झील साउथ ल्होनक के पास मंगलवार रात बादल फटने से तीस्ता नदी में तूफान आने से कई लोग बह गए। सेवा के 22 जवानों समेत 81 लोग लापता है जबकि 10 लाशें मिली हैं। जलपाईगुड़ी में तीस्ता बैराज में 300 मिले हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के कई जगह बह जाने से सिक्किम का सड़क संपर्क देश के शेष भाग से कट गया है। मुख्य सचिव वीएस पाठक ने कहा कि चार जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए अत्यधिक वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है।

‘आप’ सांसद संजय सिंह अरेस्ट

प्रभात खबर की सबसे बड़ी सुर्खी है: ‘आप’ सांसद संजय सिंह अरेस्ट। भास्कर की मेन हेडलाइन भी यही है: जैन-सिसोदिया के बाद अब ‘आप’ के तीसरे बड़े नेता संजय सिंह गिरफ्तार। ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दिन में एजेंसी ने उनके आवास पर छापा मारा था। कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर भी इस अभियान के दौरान छापे मारे गए। आरोप है कि शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए दिल्ली सरकार की 2021-22 के लिए लाई गई आबकारी नीति ने गुटबंदी को बढ़ावा दिया और कुछ डीलर को फायदा पहुंचाया जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर रिश्वत दी थी। ‘आप’ ने इस आरोप का खंडन किया है। गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राजद सांसद मनोज झा संजय सिंह के घर गए थे।

लालू-राबड़ी-तेजस्वी को जमानत

हिन्दुस्तान के अनुसार रेलवे में नौकरी के बदले कथित जमीन घोटाले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद के परिवार को बुधवार को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। नई दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने लालू प्रसाद, उनकी पत्नी व बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को जमानत दे दी। विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल की अदालत ने आरोपियों को उनके खिलाफ जारी समन के अनुपालन में अदालत में पेश होने के बाद यह राहत दी। सीबीआई ने आरोपियों की तरफ से पेश हुए वकील मनिंदर सिंह द्वारा दायर आवेदन का विरोध नहीं किया। न्यायाधीश ने कहा कि सभी आरोपियों को 50-50 हजार रुपये के जमानती मुचलके पर जमानत दी है।

वर्ल्ड कप क्रिकेट आज से

आज से शुरू हो रहे हैं विश्व कप क्रिकेट के बारे में जागरण ने लिखा है कि 48 मैच, 45 दिन, 10 देश और 10 विश्व स्तरीय मैदानों में अब तक का सबसे उत्कृष्ट वनडे विश्व कप खेला जाएगा। इसकी शुरुआत गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2019 विश्व कप के दो फाइनलिस्ट इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से होगी। पिछले फाइनल में इन दोनों के बीच ऐसा मैच हुआ था कि आईसीसी को ज्यादा बाउंड्री के आधार पर जीतने वाले नियम को बदलना पड़ा था।

केमिस्ट्री का नोबेल इनाम

अमेरिकी मूल के वैज्ञानिक माउंगी बावेंडी, लुइस ब्रुस, एलेक्सी एकिमोव को इस साल रसायन विज्ञान के क्षेत्र में नोबल पुरस्कार मिला है। उन्हें यह सम्मान क्वांटम डॉट्स की खोज और इसके विकास के लिए दिया गया है। इन क्वांटम डॉट्स के जरिये ही कंप्यूटर और टीवी स्क्रीन को क्यूएलईडी तकनीक में बदला जा सकता है और पतली स्क्रीन में विभिन्न तरह के रंग भरे जा सकें।

पत्रकारों ने चीफ जस्टिस से लगाई गुहार

ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल न्यूज़क्लिक पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को विभिन्न मीडिया संगठनों से जुड़े पत्रकारों ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पत्रकार हाथों में बैनर लिए हुए थे। प्रदर्शनकारी पत्रकारों ने कहा कि उन्हें देशभर के विभिन्न मीडिया संगठनों और प्रेस क्लब से समर्थन मिला है। प्रदर्शन के बाद पत्रकार परंजय गुहा ठाकुर्ता ने पुलिस के व्यवहार के बारे में अपना अनुभव साझा किया। वहीं प्रमुख पत्रकार संगठनों ने इस मामले में देश के प्रधान न्यायाधीश जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ से हस्तक्षेप की मांग की है। प्रधान न्यायाधीश को लिखे पत्र पर कई संगठनों ने हस्ताक्षर किए हैं।

कुछ और सुर्खियां

  • पटना नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल 14 दिनों बाद खत्म, 48 घंटे में हटेगा कचरा
  • लगातार पांचवें समन पर भी ईडी ऑफिस नहीं पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
  • उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी की राशि ₹200 से बढ़कर ₹300
  • औरंगाबाद के ओबरा के बीडीओ गायब
  • भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज पटना में
  • एशियाई खेलों में पहली बार भारत के पदक 80 के पार
  • संयुक्त राष्ट्र में भाषण देंगे किशनगंज की रोशनी परवीन

अनछपी: भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगता रहा है कि वह केंद्रीय का इस्तेमाल अपने विरोधियों को दबाने के लिए करती है। बिहार के लालू परिवार के अलावा दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के खास केंद्रीय एजेंसियों निशाने पर है। दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन लैंड फॉर जॉब के कथित मामले में लालू परिवार को जमानत मिली उसी दिन ईडी ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खास माने जाने वाले सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया को पहले ही ईडी ने गिरफ्तार कर रखा है। ध्यान देने की बात यह है कि एक और विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी ईडी की ओर से बार-बार समन मिल रहा है। आम आदमी पार्टी के सूत्रों का मानना है कि केंद्र सरकार दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हाथ डालने से पहले उनके सभी बड़े सहयोगियों को जेल में डालना चाहती है। अब तक तीन बड़े आम आदमी पार्टी नेता को गिरफ्तार करने के बाद क्या अरविंद केजरीवाल की बारी है, यह सवाल दिल्ली के राजनीतिक हल्का में गश्त कर रहा है। केंद्रीय एजेंसियों का विपक्षी नेताओं के खिलाफ इस्तेमाल करने का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट में भी पहुंचा है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय एजेंसियों का उनके खिलाफ इस्तेमाल बढ़ाएगी। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि क्या सुप्रीम कोर्ट केंद्रीय एजेंसियों की कार्यवाहियों के बारे में कोई टिप्पणी या फैसला करती है। इस दौरान विपक्षी पार्टियों की जिम्मेदारी यही होगी कि वह अपनी बेगुनाही साबित करते रहें और केंद्र सरकार की दमनात्मक कार्रवाइयों के खिलाफ आवाज बुलंद करना ही उनके पास एक विकल्प है।

 

 

 1,138 total views

Share Now

Leave a Reply