चिराग ने नीतीश के 71 में से 17 घर जलाए

बिहार लोक संवाद ब्यूरो
पटना 11 नवंबर: रामविलास पासवान के बेटे और लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश से ऐसी चुनावी दुश्मनी की कि पिछले चुनाव में जदयू की जीती हुई 71 सीट में से 17 पर खेल बिगाड़ दिया।

लोजपा ने इस बार ‘मोदी से बैर नहीं, नीतीश तेरी खैर नहीं’ के नारे के साथ राजग से अलग होकर 135 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इसपर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि यह चिराग का अपना फैसला है। वहीं भाजपा ने अन्य नेताओं ने लोजपा को वोट कटवा पार्टी कहा था।

चुनाव नतीजों से यह बात साबित हो गई। लोजपा के उम्मीदवारों ने जदयू की 2015 के विधानसभा चुनाव में जीती हुई 71 में से 17 सीट पर इस बार इतने वोट काट लिए कि जदयू के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से मात खा गए। हारी हुई सीटों में बाजपट्टी, बरहरिया, धौरैया, दिनारा, एकमा, इस्लामपुर, जमालपुर, करगहर, खगड़िया, लौकहा, महाराजगंज, महनार, मोरवा, नाथनगर, शेखपुरा, शेरघाटी और सिंहेश्वर शामिल हैं।

 2,229 total views

Share Now