छपी-अनछ्पी: राहुल बोले- …तो 180 पार नहीं करेगी भाजपा, मैट्रिक में 82% पास

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। दिल्ली में विपक्ष की रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अगर ईवीएम व मैच फिक्सिंग न हो तो भारतीय जनता पार्टी 180 सीट से अधिक नहीं ला पाएगी। उधर मेरठ की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर भ्रष्टाचारियों को बचाने का आरोप लगाया। बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट निकल गया है जिसमें 82.91% विद्यार्थी पास हुए हैं। ये हैं आज के अखबारों की प्रमुख खबरें।

हिन्दुस्तान ने दिल्ली और मेरठ की रैलियों को मिलाकर एक संयुक्त हेडलाइन लगाई है: महारैलियों से चुनावी महासंग्राम का आगाज। इसके साथ एक और हेडलाइन है: यह संविधान, लोकतंत्र बचाने का चुनाव: राहुल। दिल्ली में रविवार को विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की महारैली ‘लोकतंत्र बचाओ’ नारे के साथ आयोजित हुई। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर लोकसभा चुनाव में मैच फिक्सिंग की कोशिश का आरोप लगाया। रामलीला मैदान में आयोजित रैली में राहुल गांधी ने कहा, भाजपा का 400 पार का नारा बिना ईवीएम, बिना मैच फिक्सिंग के 180 के पार भी नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा, कांग्रेस सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। चुनाव के बीच में ही हमारे खाते फ्रीज कर दिए गए। लोगों को धमकाया जाता है, सरकारों को गिराया जाता है, नेताओं को जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की गरीब जनता से संविधान को छीनना चाहती है।

मोदी हटाओ की अपील

जागरण की सबसे बड़ी सुर्खी है: रामलीला मैदान में मोदी हटाओ पर एक सुर। अख़बार लिखता है कि लगभग 7-8 महीने पहले बने विपक्षी गठबंधन इंडिया की दूसरी संयुक्त दिल्ली रैली में एकजुटता दिखी। यह स्पष्ट संदेश भी दिया गया कि आयोजन भले ही आम आदमी पार्टी ने किया हो लेकिन इस मंच से नेतृत्व किसी को नहीं दिया जाएगा, इसलिए मंच के बैकग्राउंड पर किसी नेता की फोटो नहीं लगाई गई। एक स्वर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला, सीताराम येचुरी समेत कई विपक्षी नेताओं ने मोदी सरकार पर मैच फिक्स करने का आरोप लगाया। चुनाव आयुक्तों पर भी परोक्ष उंगली उठाते उठाते हुए कहा गया कि इस चुनावी मैच में रेफरी उनके तय किए हुए हैं। सरकार की तानाशाही के कारण विपक्षी खिलाड़ियों को समान मौका नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने एक सुर में जनता से मोदी सरकार को हटाने का आह्वान करते हुए पांच मांगें भी रखीं। कांग्रेस ने पुराना आरोप दोहराया कि अगर भाजपा चुनाव जीत जाती है तो संविधान बदल जाएगा और देश में आग लग जाएगी।

किसने क्या कहा

  • विपक्ष के नेताओं को जेल में डालना प्रजातंत्र पर हमला है: शरद पवार
  • 400 पार का नारा लगाने से लग रहा कि पहले से ही ईवीएम सेटिंग हो चुकी है: तेजस्वी यादव
  • क्या अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी उचित है? वह एक शेर हैं: सुनीता केजरीवाल
  • भारतीय जनता पार्टी भ्रष्ट जनता पार्टी है: उद्धव ठाकरे
  • हेमंत सोरेन को बिना सबूत गिरफ्तार किया: चंपाई सोरेन

भ्रष्टाचार पर कार्रवाई से बौखलाहट: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में भारत रत्न चौधरी चरण सिंह गौरव समारोह से चुनावी शंखनाद किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हो रही है तो कुछ लोग बौखला गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी। भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, कार्रवाई होगी, जरूर होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ से वर्ष 2014 और 2019 की तरह चुनावी आगाज करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह से लेकर गन्ना किसानों तक का जिक्र कर पश्चिमी यूपी को साधा।

मैट्रिक परीक्षा में 82% पास

प्रभात खबर और जागरण की पहली खबर एक जैसी है: मैट्रिक का रिकॉर्ड तोड़ रिजल्ट, 82.91% पास। मैट्रिक परीक्षा 2024 का रिजल्ट रविवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जारी कर दिया। बिहार बोर्ड के इतिहास में इस साल सबसे बेहतर 82.91 फ़ीसदी रिजल्ट रहा। पूरे राज्य में पहला स्थान जिला स्कूल, पूर्णिया के शिवांकर कुमार (97.48 प्रतिशत 489 अंक) को मिला है। दूसरे स्थान पर हाई स्कूल, बाजिदपुर नॉर्थ, समस्तीपुर के आदर्श कुमार (488 अंक) रहे। टॉप 10 में 51 परीक्षार्थी रहे जिनमें 23 लड़कियां शामिल हैं। इन टॉपरों को बिहार सरकार की ओर से लैपटॉप और पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस परीक्षा में 16 लाख 64 हज़ार 252 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

कांग्रेस को इनकम टैक्स से और परेशानी

जागरण की खबर है: आयकर के नए नोटिस से कांग्रेस की देनदारी हुई 3567 करोड़। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किल और बढ़ गई है। पार्टी को आयकर विभाग से नया नोटिस मिला है। इसमें वित्त वर्ष 2014-15 से 2016-17 तक के करीब एक साथ चार-पांच करोड रुपए के टैक्स की मांग की गई है। नए नोटिस के बाद कांग्रेस की कुल आयकर देनदारी 3567 करोड़ रुपए हो चुकी है।

सीएए के लिए आवेदन करने वाला विदेशी बन जाएगा: ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कृष्णानगर में एक रैली को संबाधित करते हुए कहा, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को इस राज्य में लागू नहीं होने देंगी। ममता ने आगाह करते हुए कहा, सीएए के लिए आवेदन करने वाला व्यक्ति विदेशी बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कह रही है 400 पार, मैं उन्हें पहले 200 सीट का आंकड़ा पार करने की चुनौती देती हूं। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 200 से अधिक सीट लाने का आह्वान किया, लेकिन उसे 77 पर रुकना पड़ा।

कुछ और सुर्खियां

  • भोजपुर में पिकअप वैन पलटने से चार मजदूरों की मौत
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 अप्रैल को जमुई से बिहार में चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे
  • पहली पसंद का जिला नहीं मिलने वाले शिक्षक फिर से दे सकेंगे सक्षमता परीक्षा
  • कांग्रेस से किशनगंज में मोहम्मद जावेद और कटिहार में तारिक अनवर होंगे उम्मीदवार
  • कांग्रेस के पूर्व बिहार प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दिया
  • यूपी मदरसा ऐक्ट को रद्द करने के हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती

अनछपी: क्या चुनाव में भी मैच फिक्सिंग जैसी कोई बात हो सकती है? क्या चुनाव आयोग ऐसे मैच फिक्सिंग में शामिल हो सकता है? इंडिया गठबंधन की दिल्ली रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ठीक यही बात कही है। राहुल गांधी को वैसे तो मीडिया और सोशल मीडिया पर पप्पू बताने की काफी कोशिश की गई लेकिन पिछले कई वर्षों में कही गई उनकी कई बातें सच्ची साबित हुई हैं। यहां तक कि कोविड-19 जैसे ग़ैर राजनीतिक मामलों में भी उनकी कही गई बात सच साबित हुई थी और देश के लोगों पर परेशानियों का पहाड़ टूट पड़ा था। राहुल गांधी ने कहा कि अगर मैच फिक्सिंग ना हो और ईवीएम ना हो तो भारतीय जनता पार्टी 180 सीट से ज्यादा नहीं जीत पाएगी जबकि उसका नारा 400 पार का है। मैच फिक्सिंग से उनका क्या मतलब है, इसका विस्तार तो उन्होंने नहीं बताया लेकिन शायद उनका इशारा प्रशासनिक धांधली की ओर था। दिल्ली की इस रैली में यह आरोप भी दोहराया गया कि अगर भाजपा चुनाव जीत जाती है तो संविधान बदल जाएगा और देश में आग लग जाएगी। इस मुद्दे पर मीडिया में कोई बहस नजर नहीं आती कि आखिर संविधान बदलने का डर क्यों है? भारतीय जनता पार्टी के एक सांसद ने कहा था कि 400 से अधिक सीट इसलिए चाहिए ताकि संविधान में बदलाव लाया जा सके। भारतीय जनता पार्टी के कई सदस्यों को इस बात पर भी आपत्ति है कि संविधान में समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता की बात क्यों शामिल की गई है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दलों को भी सोचना चाहिए कि क्या 400 पार का नारा संविधान बचाने के लिए है या उसे बदल देने के लिए है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर यह आरोप लगता है कि वह विपक्ष को जेल में डालकर चुनाव लड़ना चाहती है। दूसरी और प्रधानमंत्री मोदी अपने भाषणों में ऐसा आभास देने की कोशिश करते हैं कि ईडी की कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ है। मगर उनकी ओर से इस बात का जवाब नहीं दिया जाता कि जिन लोगों को भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचारी बताती है वही जब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाते हैं तो उनके मामले बंद क्यों हो जाते हैं। मीडिया को चाहिए कि विपक्ष के इस आरोप पर गंभीरता से चर्चा करे कि अगर भारतीय जनता पार्टी इस बार जीतती है तो फिर चुनाव नहीं होंगे और संविधान बदल दिया जाएगा।

 

 1,545 total views

Share Now

Leave a Reply