छपी-अनछपी: बीजेपी ने बैरिकेडिंग तोड़ी तो हुआ लाठीचार्ज, लाल किले तक पहुंचा यमुना का पानी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा बैरिकेडिंग तोड़े जाने के बाद लाठीचार्ज की खबर सभी जगह प्रमुखता से ली गई है। भारी बारिश से दिल्ली में यमुना का पानी लाल किले तक पहुंच गया है, इसकी भी अच्छी कवरेज है। भास्कर की खबर है कि बंगाल पंचायत चुनाव में भाजपा के वोट 15% तक घट गए हैं।

भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान गुरुवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हिन्दुस्तान के अनुसार लाठीचार्ज में कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता जख्मी हो गए। मार्च के दौरान भगदड़ में जहानाबाद के जिला भाजपा महामंत्री विजय कुमार सिंह छज्जू बाग में अचेत होकर गिर गए। उन्हें एंबुलेंस से पीएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस पर पथराव

भाजपा के मार्च को रोकने के दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। गांधी मैदान से शुरू हुए मार्च को पुलिस ने डाकबंगला चौराहे के पास रोकने की कोशिश की। इस पर प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरे और बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। भीड़ में शामिल कार्यकर्ताओं के एक समूह ने पुलिस की तरफ पत्थर फेंके और विधि व्यवस्था संभाल रहे अधिकारियों पर मिर्ची पाउडर फेंका। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया।

विधानसभा में हंगामा

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार विधानमंडल गुरुवार सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा में भाजपा के विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। वेल में उतरे। रिपोर्टर टेबल पीटा, पोस्टर उछाले, कागज फाड़ा। जमकर नारेबाजी की तथा सवाल-जवाब के दौरान तालियां भी पीटीं। विपक्षी सदस्यों के आचरण को देखते हुए सभाध्यक्ष अवध विहारी चौधरी के आदेश पर मार्शलों ने भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा व कुमार शैलेन्द्र को टांगकर सदन से बाहर किया। इसका विरोध करते हुए विपक्षी सदस्यों ने कार्यवाही का बहिष्कार किया और करीब डेढ़ घंटे बिना विपक्ष की गैरहाजिरी में कार्यवाही चली। उधर, सदन से बाहर निकलकर विपक्षी विधायक नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कुछ देर के लिए धरने पर बैठे तथा तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग की।

लाल किले तक यमुना

भास्कर की दूसरी सबसे बड़ी खबर है: लाल किले तक यमुना… 16500 लोग शिफ्ट, अब मथुरा में पानी भरना शुरू। हरियाणा से 2.72 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से दिल्ली में गुरुवार को यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया। यह खतरे के निशान से 3.33 मीटर ज्यादा है। बाढ़ लाल किले आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक पहुंच गई। यहां 3 फीट तक पानी भर गया। दिल्ली के सीएम हाउस के 500 मीटर के दायरे में भी यही हाल रहा। लाल किला 2 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम लागू कर दिया गया है। नदी किनारे वाले 16500 लोग शिफ्ट कर दिए गए हैं। बिना ज़रूरी बड़े वाहनों की एंट्री बैन कर दी गई है।

बंगाल पंचायत चुनाव: भाजपा के वोट घटे

भास्कर की खबर है: जंगलमहल क्षेत्र में भी भाजपा नहीं दोहरा पाए पुराना प्रदर्शन। पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस टीएमसी ने एकतरफा जीत हासिल की है। इसके साथ ही उसने भाजपा समेत दूसरे दलों की चिंता बढ़ा दी है। लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव ताकत के आचरण का पैमाना माना जाता है। इस हिसाब से अगले आम चुनाव में राज्य की 42 से 35 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने वाली भाजपा उन इलाकों में भी पिछड़ गई है जहां पिछले विधानसभा में चुनाव में उसने बेहतर प्रदर्शन किया था। विधानसभा सीटों के लिहाज से भाजपा को कम से कम 2 जिला परिषदों पर कब्जा करना चाहिए था लेकिन वह एक पर भी नहीं जीत सके। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक बीते विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार भाजपा के वोटों में 15% की कमी आई है वहीं सीपीएम के वोट 8% तक बढ़े हैं।

फ्रांस को रुपये में भुगतान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में गुरुवार रात भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि भारत-फ्रांस के बीच यूपीआई के उपयोग को लेकर समझौता हो गया है। अब भारतीय पर्यटक एफिल टावर पर रुपये में भुगतान कर सकेंगे। वहीं मोदी ने प्रवासी भारतीयों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

ब्रिटेन में डॉक्टरों की हड़ताल

ब्रिटेन में सरकारी स्वास्थ्य देखभाल सेवा को अब तक की सबसे लंबी हड़ताल का सामना करना पड़ रहा है। हिन्दुस्तान के अनुसार इंग्लैंड में हजारों चिकित्सकों ने गुरुवार को पांच दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी। जूनियर चिकित्सकों ने सुबह सात बजे अपनी हड़ताल शुरू की। चिकित्सकों के संघ ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन (बीएमए) ने मुद्रास्फीति को ध्यान में रखते हुए जूनियर चिकित्सकों के वेतन को 2008 के स्तर पर वापस लाने के लिए 35 प्रतिशत वेतन वृद्धि की मांग की है।

कुछ और सुर्खियां

  • नेपाल में बारिश से उत्तर बिहार की नदियों में उफान
  • 66 हज़ार की नई ऊंचाई को छू कर लौटा सेंसेक्स
  • यूनिफॉर्म सिविल कोड पर विधि आयोग को मिले 50 लाख सुझाव
  • लाठीचार्ज के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी का काला दिवस आज
  • विधान सभा मार्च नहीं, सभा की अनुमति थी: एसएसपी
  • कुर्सी उठाने व तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी: विधानसभा अध्यक्ष
  • घाटी में जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुपौल के तीन मजदूरों पर फायरिंग

अनछपी: बिहार में भारतीय जनता पार्टी सन 2005 के बाद से लंबे समय तक सत्ता का स्वाद चख के आई थी। 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बेदखल कर दिया था और यह सिलसिला 2017 तक चला। इसके बाद 5 साल तक दोबारा भारतीय जनता पार्टी सरकार में रही। सबको पता है कि इस दौरान शिक्षकों की बहाली बिहार में बुरी तरह प्रभावित रही और नियमित शिक्षकों की बहाली हुई भी नहीं। अब जबकि वह सत्ता में नहीं है और प्रमुख विपक्षी दल की भूमिका निभा रही है तो उसे शिक्षकों की याद आई है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के चार्जशीटेड होने पर भी वह आंदोलन पर उतारू है। भारतीय जनता पार्टी इन दो मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी छवि बेहतर करना चाहती है लेकिन जिस तरह बैरिकेडिंग तोड़कर उसके कार्यकर्ताओं ने राजभवन मार्च करना चाहा उस पर पुलिस की कार्रवाई होना स्वाभाविक थी। भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि इसी लाठीचार्ज में उसके एक कार्यकर्ता की मौत हुई जबकि पुलिस का कहना है कि उस कार्यकर्ता की मौत लाठीचार्ज वाली जगह और समय से पहले हो चुकी थी। जाहिर है भारतीय जनता पार्टी इस मौत पर सहानुभूति बटोरने की कोशिश करेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं पर यह आरोप भी लगा है कि उन्होंने पुलिस पर पथराव किया और मिर्ची पाउडर फेंका। एक तरह से देखा जाए तो भारतीय जनता पार्टी लंबे समय के बाद सत्ता के स्वाद से निकलकर विपक्षी पार्टी के संघर्ष का स्वाद चख रही है। लेकिन विधानसभा में भाजपा सदस्यों का आक्रमक रवैया अफसोसनाक माना जाएगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि शिक्षकों की समस्या लेकर जिस तरह भारतीय जनता पार्टी आगे बढ़ रही है वह कितनी दूर तक उनके साथ जाएगी। कहा जा रहा है कि मानसून सत्र की समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री शिक्षक नेताओं से मिलेंगे। हो सकता है उस मुलाकात के बाद शिक्षकों के आंदोलन का रूप दूसरा हो।

 670 total views

Share Now

Leave a Reply